सोमवार, 13 जुलाई 2026

‘अन्तिम –सत्य’ को कैसे जानें ?

‘अंतिम –सत्य’ एक अजीब शब्द -युग्म लग सकता है, लेकिन यह अपने ‘परिवेश’ को समझने का व्यावहारिक, साधारण एवं महत्वपूर्ण अवधारणा है| इसे अवश्य ही समझा जाना चाहिए, क्योंकि इसके नाम पर ठगी का एक व्यापक और विशाल कारोबार प्रचलन में है| इस ‘अंतिम –सत्य’ की विवेचना से आपके मन पर पड़े बहुत से भ्रम से या यों कहें कि उस पर पडा बहुत से धुन्ध और धूल छट जाएगा| यह विवेचना जटिल जीवन को स्पष्टता से समझने के लिए अनिवार्य है|  

यह समझ लेना आवश्यक है कि एक ‘तथ्य’ के एक ही ‘सत्य’ नहीं होता है| और यह भी हो सकता है कि एक ‘तथ्य’ का वह ‘सत्य’ भी ‘सही’ और ‘व्यवहारिक’ नहीं हो| ‘तथ्य’ के एक होते हुए भी उनका ‘सत्य’ अलग –अलग व्यक्तियों के लिए अलग –अलग हो जाता है| और वह अलग –अलग ‘सत्य’ भी उन व्यक्तियों के लिए एकदम ‘सही’ और ‘समुचित’ भी होता है| एक ही ‘तथ्य’ के अलग –अलग ‘सत्य’ भी उनके लिए व्यवहारिक और प्रभावी होता है; और वह ‘सत्य’ उनके लिए ‘सही’ भी होता है, जबकि वह दूसरों के लिए ग़लत है।

स्पष्ट है कि ‘सत्य’ ‘निरपेक्ष’ नहीं होकर भिन्न भिन्न संदर्भ के ‘सापेक्ष’ होता है| इस ‘सत्य’ का सुनिश्चियन उसकी ‘परिस्थितियों’, ‘सन्दर्भों’ और उनके ‘व्यक्तिगत समझ’ यानि उनकी ‘चेतना’ की स्तर से निर्धारित होता है| हम जानते हैं कि एक निर्जीव और सजीव में अन्तर उसके ‘चेतना’ के होने या नहीं होने का है, लेकिन एक स्तनपायी पशु या अन्य जीव और एक आदमी में ‘चेतना’ यानि ‘समझदारी’ का अन्तर ठीक से समझ पाना एक मुश्किल काम है|ध्यान रहे कि दो पैरों का व्यक्ति भी एक पशु ही है और अधिकांश की मानसिकता भी पशुवत है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि एक ‘पशु’ या एक ‘आदमी’ में एक ही साथ ‘पशुओं की चेतनता’ और ‘आदमी की चेतनता’ का विभिन्न अनुपात ‘मिश्रित’ रुप में निश्चित होता है| ‘चेतनता’ के इस ‘मिश्रित रुप में निश्चित अनुपात’ को समझने के लिए ‘चेतना’ का विश्लेषण एवं मूल्यांकन आवशयक है|

मानव प्रजाति में ‘चेतना’ के पांच ‘कार्य –भाग’ (Functioning –Parts) तीन ‘स्तर’ (Layers) पर कार्यरत होता है| इसके पांच ‘कार्य –भाग’ क्रमश: ‘शरीर’ (Body) और ‘मस्तिष्क’ (Brain), ‘आत्म’ (Self) यानि ‘मन’ (Mind) और ‘चित्त’ (Spirit), एवं ‘अनन्त शक्ति -क्षेत्र’ (Infinite Force Field) होता है| किसी का शरीर उसके सभी स्वरुपों का भौतिक और दृश्य वास्तविक आधार होता है| यही शरीर चेतना के सभी अंगों यानि यंत्रों को अधिकांश ऊर्जा की आपूर्ति करता रहता रहता है| यही शरीर सभी भौतिक क्रियायों और व्यवहार का वास्तविक ढाँचा एवं अवयव देता है| चूँकि इसका निर्माण भौतिक पदार्थों से होता है, इसीलिए यह सभी को दृश्य भी होता है| सभी व्यक्ति को यह शरीर सामान्य ज्ञानेन्द्रियो से ज्ञात होता है| किसी का मस्तिष्क भौतिक रुप में शरीर का एक हिस्सा होते हुए भी उस व्यक्ति के शरीर, मन, चित्त एवं अनन्त शक्ति –क्षेत्र के मध्य एक ‘मोड्यूलेटर’ (Modulator) के रुप में कार्यरत होता है| उसके ‘आत्म’ में उसका ‘मन’ एवं उसका ‘चित्त’ होता है| कोई भी इस ‘आत्म’ (Self) को किसी ‘आत्मा’ (Soul) से भ्रमित नहीं करें| ‘मन’ विचारों का उत्पादन, संश्लेषण, संयोजन एवं भंडारण करता है| इसी तरह, ‘चित्त’ भावनाओं का उत्पादन, संश्लेषण, संयोजन एवं भंडारण करता है| ‘मन’ एवं ‘चित्त’ में ‘चित्त’ का स्थान उच्चतर होता है, और यही ‘चित्त’ सभी का संपर्क ‘अनन्त शक्ति –क्षेत्र’ के करता है| ‘अनन्त शक्ति –क्षेत्र’ ही ‘अंतर्ज्ञान’ (Intuition) यानि ‘आभास’ का उत्पादन करता है|

समाज के अधिकांश लोगों की चेतना उनकी ‘शारीरिक ज्ञानेन्द्रियों’ तक ही सीमित होती है| समाज के बहुत ही अत्यल्प लोगों की चेतना उसकी मानसिक एवं भावनात्मक के साथ साथ आध्यात्मिक स्तर तक पहुंचती है| मध्यवर्ती लोगों यानि माध्यम वर्गीय लोगों (Middle Class People) की चेतनता का स्तर इन्ही निम्नतर एवं उच्चतर ब्रैकेट –सीमा के मध्य होती है| अर्थात ये मध्य वर्ती लोग अपनी चेतना में शारीरिक ज्ञानेन्द्रियों के अतिरिक्त अपनी मानसिक दृष्टि का तो उपयोग कर पाते हैं, लेकिन अपनी आध्यात्मिक शक्तियों के उपयोग से अनजान रहते हैं| इसलिए एक व्यक्ति एक ही साथ चेतना के अपने –अपने स्तर की समझ से किसी ‘सत्य’ को उसके एक निश्चित परन्तु भिन्न भिन्न अंशों तक ही पहचानता और समझता है| कोई उसका सिर्फ ‘भौतिक -स्वरुप’ ही देख और समझ पाता है, तो कोई उसके ‘भौतिक -स्वरुप’ के साथ –साथ उसके ‘उर्जा –स्वरुप’ को भी देख समझ पाता है| इस ‘उर्जा –स्वरुप’ को ही ‘मानसिक और भावनात्मक स्वरुप’ कहते हैं| कुछ लोग यानि अत्यल्प लोग ही ‘अनन्त क्षेत्र –बल’ के स्वरुप तक ही पहुँच पाते हैं, और इसी स्वरुप को ‘आध्यात्मिक’ उपलब्धि कहते हैं| चूँकि अध्यात्म का पहुँच, अवधारणा और क्रिया विधि सामान्य जनों के लिए अत्यंत गूढ़ होती है, इसलिए ही इस ‘अध्यात्म’ के नाम पर बहुत से व्यवसायिक कारोबार चलते होते हैं| ‘चेतना’ की समझ के इसी भिन्न भिन्न स्तर के कारण ही कोई एक ही 'तथ्य' के भिन्न भिन्न ‘सत्य’ देख एवं समझ पाता है|

यदि किसी ‘अध्यात्म –क्रिया’ या किसी ‘वैचारिक –चिन्तन’ का विषय –वस्तु उस व्यक्ति या उसके आसपास तक ही सीमित रहता है, तो स्पष्ट समझिए कि वह ‘अध्यात्म –क्रिया’ या वह ‘वैचारिक –चिन्तन’ झूठी और भ्रामक है और सत्य से परे है| उदहारण के लिए समझने में मैं साधारणतया सिद्धार्थ गोतम, अल्बर्ट आइन्स्टीन और स्टीफन हौकिन्स का नाम लेता हूँ| ऐसे ही नवाचारी लोग ‘आध्यात्मिक’ होते हैं, बाकी तो उस ‘अध्यात्म’ के नाम पर क्या करते हैं, कोई भी समझ सकता है।

यदि किसी आध्यात्मिक ज्ञान या शक्ति से मानवता लाभान्वित नहीं हुआ, तो वह ज्ञान या शक्ति मात्र एक ढोंग है| किसी व्यक्ति को ‘एक आदमी’ उसके समाज ने बनाया है, अन्यथा वह व्यक्ति “मोगली” की तरह वन्य –जीवों के साथ रेगता हुआ होता या पेड़ों की जटाओं में एक पेड़ से दूसरे पेड़ तक छलांग लगाता हुआ होता, लेकिन वह ‘आदमी’ कहलाने लायक नहीं होता| और यदि वह आदमी अपने समाज को लाभान्वित  नहीं करता है, तो वह ‘अध्यात्म’ के नाम पर कुछ और खेल करता हुआ होता है, लेकिन वह ‘अध्यात्म’ तो  कदापि नहीं हो सकता|

यदि कोई मानता है या कहता है कि ‘अध्यात्म’ का विषय ‘आत्म –ज्ञान” या ‘आत्म –सुख’ है, और उससे मानवता का व्यापक कल्याण नहीं होता है, तो उस “आत्म –सुख” के लिए इतने प्रयास करने की कोई आवश्यकता नहीं है; उसके लिए तो ‘दो कश’ या ‘दो पेग’ ही पर्याप्त होता है| इस “आत्म –सुख” के लिए इतना तिकड़म करने की कोई आवश्यकता नहीं है| इसी तरह, वैसे “आत्म –ज्ञान” का क्या लाभ, जिससे समाज को कोई लाभ नहीं हो? ऐसे “आत्म –ज्ञानी” होने या नहीं होने का कोई ‘अर्थ’ नहीं होता है| यह कोई ‘सत्य’ हो ही नहीं सकता|

वैसे कोई भी ‘सत्य’ अन्तिम नहीं होता है, फिर भी किसी वर्तमान में यदि कोई ‘सत्य’ है, तो वह अवश्य ही  समाज और मानवता के सापेक्ष होगा| चूँकि समाज और मानवता की आवश्यकताएँ तत्क्षण बदलती रहती है, इसलिए कोई भी ‘सत्य’ उस क्षण के लिए ‘अन्तिम –सत्य’ होते भी ‘निरपेक्ष सत्य’ नहीं हो सकता है; वह तो सदैव ही सापेक्ष ही रहता है| यदि कोई ‘सत्य’ ‘अन्तिम –सत्य’ हो जाएगा, तो विज्ञान की प्रगति ही रुक जाएगी| सत्य की यही सापेक्ष स्थिति ही विज्ञान का आधार है| इसीलिए कोई भी किसी समय या सन्दर्भ के सापेक्ष ही ‘अन्तिम –सत्य’ तक पहुंचे| लेकिन इसके लिए उसे अवश्य ही अपनी चेतना को अपने सभी अवयवों के स्तर पर सक्रिय कर ‘उच्चतर’ करे| तभी वह किसी ‘सत्य’ के निकट पहुँचा हुआ माना जा सकता है| शुरुआत तो प्रयास से हो सकता है|

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

बुधवार, 24 जून 2026

विचार एक जीवित प्राणी है

भारत में एक कथानक है – ‘महाभारत’| इसमें पूरे भारत के सेनाओं के शामिल होने के एक युद्ध –वर्णन है, और उसके माध्यम समाज को कई सन्देश देने का एक विशाल काव्य है| इसमें ‘पांडवों’ की एक छोटी सेना भारत के सबसे विशाल और भयंकर सेना को हराने में सफल हुई| इस सफलता का राज ‘सशक्त विचारों’ का प्रभाव और शक्ति थी| इन ‘सशक्त एवं संगठित विचारों’ का ही नाम ‘भगवान कृष्ण’ है| यह विचारों (Thoughts) की शक्ति थी, जिसे ‘भगवान कृष्ण’ ने उत्पन्न किया और उसे एक व्यक्ति – ‘अर्जुन’ के माध्यम से क्रियान्वित किया गया| इसीलिए हिंदी फिल्म – ‘जिंदगी और तूफ़ान’ के एक गाने में कहा गया है कि 

“आदमी चाहे तो तक़दीर बदल सकता है, 

वो पूरी दुनिया की तस्वीर बदल सकता है; 

आदमी ‘सोच’ (विचार) तो ले कि उसका इरादा क्या है?”

यह सही कहा गया है कि जब उपयुक्त समय आता है, तो एक ‘विचार’ दुनिया की समस्त सेनाओं की संयुक्त शक्ति को भी पराजित कर देता है| लेकिन शायद ऐसा कोई उपयुक्त समय कभी आता हो, या नहीं भी आ सकता है| कहने का तात्पर्य यह है कि कोई भी ‘उपयुक्त’ (Suitable) समय नहीं आता है, लेकिन ‘उपयुक्त’ और ‘समुचित’ (Appropriate) “विचार’” तो उत्पन्न किया ही जा सकता है, जो पूरी दुनिया को बदल सकता है| यह विचारों की शक्ति और प्रभाव है|इसीलिए एक "उपयुक्त और समुचित विचार" बनाना अनिवार्य होता है, जो उस काल और परिस्थितियों में कारगर हो। 'रटे' हुए (Rote) और पुरानी किताबों की "बासी" (Stale) विचार उतने कारगर नहीं होते हैं, जितने नए और कारगर की आवश्यकता होती है। आज़ इन्हीं बासी और किताबों की पुरानी बातों के कारण ही समाधान नहीं मिल रहा है और समस्याएं वैसे ही यथावत है।

 ‘विचार’ केवल ‘मन’ (Mind) का उत्पाद नहीं होता है, बल्कि यह ‘ऊर्जा’ (Energy) का एक स्वरूप होता है| या कहे कि यह ‘उर्जा’ का एक विशिष्ट संयोजन एवं विन्यास का ‘आव्यूह’ (Matrix) होता है| चूँकि ‘विचार’ ‘उर्जा’ का एक स्वरुप है, इसीलिए इसमें ‘कम्पन’ (Vibration) होता है| ज्ञात है कि ब्रह्माण्ड मौलिक स्वरुप में ही ‘क्षेत्र –बल’ (Field –Force) से निर्मित है और इसी ‘क्षेत्र –बल’ से ‘पदार्थ’, ‘ऊर्जा’, समय’ एवं ‘आकाश’ (Space) यानि ‘स्थान’ बना है| जैसे कोई प्राणी जन्म लेता है, विकसित होता है, प्रभाव डालता है और सन्दर्भ से बाहर होते ही मर भी जाता है| इसी तरह, ‘विचार’ भी जन्म लेता है, विकसित और समृद्ध होता है, अपनों एवं दूसरों पर प्रभाव डालता है और सन्दर्भ से बाहर होते ही धीरे धीरे मर भी जाता है|

एक विचार किसी व्यक्ति के मन में जन्म लेता है| वह व्यक्ति अवश्य ही संवेदनशील और जिज्ञासु होगा| वह सिर्फ सूचनाओं से पूर्ण ‘ज्ञानी’ नहीं होगा, अपितु वह ‘कल्पनाओं’ (Imagination) की उड़ान भरने वाला व्यक्ति होगा| ‘ज्ञान’ (Knowledge) तो किसी सीमा तक सीमित होता है, उसकी कुछ निश्चित बाध्यताएँ हो सकती है, लेकिन “कल्पनाओं की उड़ान” में तो ब्रह्माण्ड भी बाधक नहीं बनती है| इसीलिए हर ‘संवेदनशील’ और ‘जिज्ञासु’ व्यक्ति ‘विचारक’ होने के कारण ‘आविष्कारक’ और ‘खोजी’ होता है| ‘संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ ही वह बीज है, जो ‘विचार’ और ‘उसके कर्म’ को जन्म देता है, विकसित और समृद्ध करता है, और पूरी दुनिया को बदल देने की क्षमता रखता है|

व्यक्ति का ‘आत्म’ (Self, आत्मा नहीं) उसके ‘मन’ (Mind) और ‘चित्त’ (Spirit) से बना होता है, और इसकी सम्पूर्ण संरचना  ऊर्जा से निर्मित होती है| ‘मन’ ही ‘विचारों’ का उत्पादन, संयोजन, संश्लेषण एवं भण्डारण करता है| ‘विचार’ मन की ऊर्जा की उत्पन्न लहरों का प्रवाह है, जो ‘चित्त’ और ‘मोद्युलेटर’ (Modulator) ‘मस्तिष्क’ (Brain) एवं ‘शरीर’ (Body) को प्रभावित करता रहता है| ‘चित्त’ ही ‘भावनाओं’ (Emotions) का उत्पादन, संयोजन, संश्लेषण एवं भण्डारण करता है, और यही ‘अनन्त प्रज्ञा’ (Infinite Intelligence) के अनन्त ‘क्षेत्र –बल’ (Infinite Field –force) से संपर्क करा कर उस व्यक्ति को ‘अंतर्ज्ञान’ (Intuition) उपलब्ध कराता रहता है| मन और चित्त को ‘आवश्यक ऊर्जा’ उस व्यक्ति के शरीर के प्रत्येक कोशिकाओं के क्रोमोजोम्स उपलब्ध कराता रहता है|

आधुनिक न्यूरो -विज्ञान बताता है कि हर ‘विचार’ के साथ ‘न्यूरान्स’ (Nurones) के बीच ‘विद्युत एवं रासायनिक संकेत’ (Electro –Chemical Signals) उत्पन्न होता है| स्पष्ट है कि हर ‘विचार’ उर्जात्मक घटना है, जो ‘ऊर्जा’ से उत्पन्न होकर ‘ऊर्जा’ में ही समाप्त हो जाती है| इस तरह यह विचार उत्पन्न होती है, विकसित होती है, समय एवं सन्दर्भ के साथ अनुकूलित होती है, गमन (यात्रा) करती है, प्रभाव डालती है, समाप्त (मृत्यु प्राप्त करना) भी हो जाती है और ‘जीवितता’ (जीवित प्राणी) की तरह व्यवहार करती होती है|

‘मन’ कोई अभौतकीय (Non –Materialistic) ‘उड़नखटोला’ ही नहीं होता है| यह भौतिक जगत की ‘वास्तविकता’ होती है; और ‘विचार’ उसका प्रतिविम्ब (Reflection) होता है| इसीलिए “आर्थिक साधन और शक्तियाँ” ही समकालिक शक्तियाँ होती है, जो ‘इतिहास’ के पन्नों में “ऐतिहासिक शक्तियाँ’ कहलाती  है और इतिहास को बदलता रहता है| इन्हीं ‘विचारों’ का ‘द्वन्द’ (Conflict) ही ‘विचारों’ का संश्लेषण, सम्वर्धन और विकासपरक बनाता है| ‘समय’, ‘समाज’ और ‘प्रकृति’ तत्क्षण बदलता रहता है और ‘समायोजन’ एवं ‘अनुकूलन’ में हर विचार को संशोधित और परिमार्जित होना होता है, या समाप्त हो जाना होता है| ‘समय’, ‘समाज’ और ‘प्रकृति’ के तत्क्षण बदलने के क्रम में ‘विचारों’ के समायोजन एवं अनुकूलन होना ही ‘संघर्ष’ के रुप में दृश्य होता है, या अनुभव किया जाता है|

इसीलिए ‘विचार’ एक जीवित प्राणी होता है| आप भी इसको विकसित कीजिए, इसे पालिए – पोशिए और अपनी दुनिया को बदल डालिए|

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

बुधवार, 17 जून 2026

बुद्ध बुद्धि में हैं, धर्म में नहीं

अकसर लोग बुद्ध के धर्म अर्थात बौद्ध –धर्म की बात करते हैं, जबकि इस बौद्ध –धर्म को तथागत बुद्ध के नाम पर मध्य काल के कुछ लोगों के समूह ने बनाया है| बुद्ध ने वैज्ञानिक जीवन दर्शन यानि जीवन जीने का वैज्ञानिक एवं मानवतावादी सिद्धान्त दिया है, कोई धर्म नहीं दिया है| यह जीवन का विज्ञान भी है और  दर्शन भी है| हर धर्म में, कुछ या अधिक, ढोंग, पाखण्ड, अंधविश्वास और कर्मकांड अवश्य होगा, और इसके बिना कोई धर्म हो ही नहीं सकता है| कोई भी ऐतिहासिक व्यक्ति सामाजिक, सांस्कृतिक और चेतना की समझ और विकास का क्रान्तिकारी अग्रदूत होता है| ऐसे लोग विचारक और आध्यात्मिक होने के कारण ज्ञानी और मार्गदर्शक अवश्य होता है, अन्यथा वह ऐतिहासिक होगा ही नहीं| मध्य काल में इन्हीं ऐतिहासिक अग्रदूतों के नाम पर उनके जीवन दर्शन यानि जीवन जीने का वैज्ञानिक एवं मानवतावादी सिद्धान्तों को “समकालिक” (Contemporary) बनाया गया| यह “समकालिक” होने की प्रक्रिया आगे भी होती रही और आज भी हो रही है| अधिकतर लोग किसी भी चीज को अपनी चेतना के समझ के स्तर के चश्मे से ही देख पाते हैं| 

हर ऐतिहासिक व्यक्ति सामाजिक, सांस्कृतिक और चेतना की समझ और विकास का एक निश्चित, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और स्पष्ट जीवन दर्शन रखता है| यह जीवन दर्शन उस क्षेत्र और उस काल के लोगों को सरल, सामान्य, सहज, और प्रगतिशील जीवन जीने के लिए एक स्पष्ट प्रारुप देता है| इस प्रगतिशील दर्शन को सभी अपनी अपनी समझ के अनुरुप समझता और अनुपालन करता है| स्पष्ट है कि यह सब जीवन दर्शन उस स्थान के भूगोल, उसके इतिहास एवं संस्कृति, लोगों की समझ और उन परिस्थितियों के सापेक्ष होता है, यानि उसके सन्दर्भ में होता है||

भारत में विशिष्ट, भिन्न और उच्चतर ज्ञान एवं बुद्धि की परम्परा रही है, और प्राचीन भारत के इस परम्पराओं (स्कूलों) की संख्या कोई सौ से अधिक बताई जाती है| विभिन्न विषयों से सम्बन्धित सूचनाओं के संग्रहण को 'ज्ञान' कहते हैं और उस 'ज्ञान' के उपयोग को 'बुद्धि' कहते हैं| भारत में बुद्धि की मुख्य धारा में कोई 28 लोगों को “बुद्धत्व” की उपाधि प्राप्त हुई, जिन्हें ‘बुद्ध’ कहा जाता रहा| सिद्धार्थ गोतम उनमे अंतिम और 28वे ‘बुद्ध’ बताए जाते हैं| ध्यान रहे कि गोतम को बोधगया में एक लम्बी साधना के बाद “बुद्धत्व” की प्राप्ति हुई थी| स्पष्ट है कि यह “बुद्धत्व” पहले से ही ‘बुद्धि’ की एक विशिष्ट और उच्चतर अवस्था की उपाधि रही होगी| दुनिया के तमाम मार्गदर्शकों की तरह बुद्धों ने भी यहाँ के लोगों को जीवन जीने के लिए और मानवता की स्वस्थ निरन्तरता की व्यवस्था के लिए वैज्ञानिक जीवन –दर्शन दिए| लेकिन उसने आज के सन्दर्भ का कोई धर्म को स्थापित नहीं किया|

भारत में ज्ञात ऐतिहासिक व्यक्तियों की परम्परा में बुद्धों की परम्परा सबसे पुरानी है, जो सभ्यता और संस्कृति के प्रारम्भिक काल से शुरु होना स्थापित है| बुद्ध ने “धम्म” का दर्शन दिया, जो सभी वैश्विक मानवों का प्रगतिशील वैज्ञानिक जीवन -दर्शन है| इस ‘जीवन –दर्शन’ या ‘वैज्ञानिक जीवन –सिद्धांतों’ में उस समय का वर्तमान, प्राचीन काल के अनुभव और मानवता का भविष्य समाहित किये हुए था| इसमें मानव, परिवार, समाज, प्रकृति और मानवता सहित भविष्य की निरन्तरता की व्यवस्था सुनिश्चित है|

वर्तमान प्रचलित सभी ‘धर्म’ इसी प्राचीन “धम्म” की ‘स्थानीय’ और ‘समकालिक’ (Contemporary) व्याख्या है|वर्तमान प्रचलित किसी भी ‘धर्म’ का प्राथमिक प्रमाणिक साक्ष्य मध्य काल से पहले का मिलना संभव नहीं है और ये सभी साक्ष्य कागजों पर ही उपलब्ध हैं| सभी धर्मों के मूल में मानवता और मानवता का भविष्य समाहित होता है, लेकिन वह 'स्थानीयता' से अनुकूलित किया हुआ होता है| ‘स्थानीयता’’ से तात्पर्य स्थानिक भौगोलिक आवश्धयकताएँ, भौगोलिक उच्चावच  एवं जलवायु, वहाँ के संस्कार एवं संस्कृति, आर्थिक परिस्थितियाँ आदि आदि शामिल होता है| इसी तरह, 'इतिहास का समकालिक संरचना प्राप्त होना’ किसी भी इतिहास को वर्तमान में समझने का एक महत्वपूर्ण उपकरण (Tool) है| इस ‘अवधारणा’ को समझे बिना किसी भी इतिहास को समुचित एवं वैज्ञानिक ढंग से नहीं समझा जा सकता है| इतिहास के सारे सम्बन्धित भ्रम इसी ‘अवधारणा’ की समझ के अभाव में उत्पन्न होते हैं|

बुद्ध के ‘धम्म’ के इसी’ प्रकाश’ यानि इन्हीं ‘ज्ञान’ के कारण इस भौगोलिक उपमहाद्वीपीय भू –भाग को ‘आभा’ (Aura’ Light) से ‘रत’ (Full) माना जाता रहा| इस भौगोलोक उपमहाद्वीपीय क्षेत्र का नाम “भारत” इसी ‘आभा’ एवं ‘रत’ शब्दों से बना है| इसी प्रभाव से इस क्षेत्र के समस्त भौगोलिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और भाषाई पहचान स्थापित हुआ है| मैं सिर्फ इतिहास की बात कर रहा हूँ और किसी भी मिथकों का प्रसंग नहीं लिया है|

चूँकि सभी इतिहास की समुचित एवं वैज्ञानिक व्याख्या ‘इतिहास का समकालिक संरचना प्राप्त करने' की अवधारणा से होती है, और वर्तमान सभी धर्मों का आधार भी एक ‘इतिहास’ ही है, इसीलिए वर्तमान सभी धर्मों की उत्पत्ति और उद्विकास की व्याख्या भी यही ‘‘इतिहास का समकालिक संरचना प्राप्त करने' की अवधारणा से होता है| वर्तमान के सभी धर्मों के ग्रन्थ, जिसमे उनके प्राचीनतम प्रमाणिक ग्रथ भी शामिल हैं, सिर्फ कागज पर ही उपलब्ध हैं| अर्थात इन सभी का वर्तमान स्वरुप में सम्पादन एवं व्याख्या कागज के आविष्कार होने और उनके उन क्षेत्रों में प्रचालन में आने के बाद का ही मानना वैज्ञानिक, तर्कसंगत और व्यवहारिक है| कागज का आविष्कार चीन में प्राचीन काल के अंतिम काल में बताया जाता है और उसका वैश्विक प्रचलन मध्य काल में बताया जाता है| मतलब कागज पर सभी उपलब्ध धार्मिक ग्रन्थ मध्य काल में ही सम्पादित है| अर्थात सभी उपलब्ध धार्मिक ग्रन्थ अपने सम्पादन काल के “‘इतिहास का समकालिक प्राप्त संरचना” हैं|

ज्ञात है कि मध्य काल की दुनिया वर्तमान एशिया और यूरोप तक ही सीमित थी; उस समय का अफ्रीका भूमध्य सागरीय तट के प्रदेशों तक ही सीमित था और अफ्रिका का भीतरी भाग, अमेरिका (दोनों), आस्ट्रेलेशिया आदि कई भू भाग व्यवस्थित संसार से बाहर यानि अज्ञात थी| इतिहास का पूरा मध्य काल “सामन्तवाद के साधनों एवं शक्तियों” से नियमित, निदेशित एवं संचालित था|, इसलिए ये सभी क्षेत्र भी “सामन्तवाद की शक्तियों” के सञ्चालन -प्रभाव में था| यदि कोई व्यक्ति इन “ऐतिहासिक साधनों एवं शक्तियों और उनकी क्रियाविधियों” को नहीं समझता है. तो ‘इतिहास’ की उसकी ‘समझ’ अधूरी. अवैज्ञानिक और अपूर्ण है; इसे स्थिर होकर समझ लें|

मध्य काल में उदित और विकसित इन ‘ऐतिहासिक सामन्ती शक्तियों’ ने तत्कालीन सम्पूर्ण वैश्विक व्यवस्था को ‘जड़’ यानि ‘गतिहीन’ कर दिया| इसका वैश्विक प्रभाव उस समय के सामाजिक. सांस्कृतिक, आर्थिक, धार्मिक, राजनीतिक सहित सम्पूर्ण व्यवस्था और मानसिकता पर पडा और प्रभावित हुआ| इन ‘ऐतिहासिक सामन्ती शक्तियों’ के प्रभाव में वैश्विक सामाजिक. सांस्कृतिक, आर्थिक, धार्मिक, राजनीतिक सहित सम्पूर्ण व्यवस्था और मानसिकता का स्थिरीकरण यानि क्षेत्रीयकरण होता गया और स्थानीय स्वरूपों का उभार होता गया| इन ‘ऐतिहासिक सामन्ती प्रभाव’ में मानव का ‘धम्म’ यानि ‘धर्म’ को भी ‘जड़’ यानि ‘गतिहीन’ हो जाना पडा, जिसका स्वरुप आज भी विकासशील और अविकसित संस्कृतियों में सहज परिलक्षित होता है| यही कारण ही 'धम्म' भी विभिन्न स्थानीय धर्मों का स्वरुप लेता गया| विकसित अर्थव्यवस्था के राष्ट्रों ने अपनी सहज बुद्धि पर से अपने  धार्मिक संस्कारों, संस्कृतियों एवं मानसिकताओं से उन ऐतिहासिक सामन्ती प्रभावों को हटाने या न्यून करने में सफल रहा|   

जिन लोगों की समझ और मानसिकता इतनी उच्चतर स्तर पर विकसित नहीं हुई है कि वे किसी भी ‘धर्म के अफीम’ (कार्ल मार्क्स) के बिना अपना सामान्य सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन नहीं जी सकते हैं, वैसे लोग किसी भी वैज्ञानिक और व्यवहारिक जीवन पद्धतियों एवं सिद्धान्तों को ही धर्म के स्वरुप में मानने को विवश होते हैं| ‘बौद्ध –धर्म’ के साथ भी यही व्याख्या मानी जा सकती है, लेकिन बुद्ध तो बौद्धिकता के प्रकाश –स्तम्भ थे, मार्गदर्शक थे| यही इतिहास है, यही तथ्य है और यही सत्य है|

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

सोमवार, 15 जून 2026

उच्चतर बौद्धिकता की चिन्तन -कला

उच्चतर बौद्धिकता को प्राप्त करने का अवश्य ही कोई निश्चित एवं प्राकृतिक 'विज्ञान', या 'कला', या इन दोनों का समन्वित स्वरुप होगा| उच्चतर बौद्धिकता को प्राप्त करने का एक निश्चित आधार होगा, जो एक तरीका, विधि या प्रक्रिया होगा| कोई भी वर्तमान मानव इन्ही तरीकों, विधियों यानि प्रक्रियायों को जान कर, समझ कर और अपना कर उच्चतर बौद्धिकता को प्राप्त कर सकटा है| यहाँ हमलोग उन्हीं का सूक्षमता से विश्लेषण एवं मूल्यांकन करेंगे|

किसी को उच्चतर बौद्धिकता किसी दैवीय कृपा, या कोई प्राकृतिक संयोग, या किसी आनुवंशिक धरोहर के रुप में नहीं मिलता है| ऐसा कहने का मेरा क्या आधार है, पहले इसे समझते हैं| चूँकि इस धरती के सभी वर्तमान मानव एक ही मानव झुण्ड या समूह की संतान हैं इसीलिए इन सभी की जैवकीय क्षमता एक समान है| हम जानते हैं कि एक मानव और एक चिम्पाजी में जीनीय गुणों में समानता लगभग 99.99% की है, इसी कारण इस धरती पर मौजूद सभी मानवों में जीनीय आधार पर कोई भिन्नता हो ही नहीं सकती| लेकिन सभी मानवों में बहुत कुछ भिन्नता दिखती होती है| हम यह भी जानते होते हैं कि जीनीय आधार के दो स्वरुप होते हैं – एक, 'फीनोटाइप' और दूसरा, 'जीनोटाइप'| सभी मानवों में जो बहुत कुछ भिन्नता दिखती होती है, वह 'फीनोटाइप' जीनों के कारण होती है, जो ऐतिहासिक काल में भौगोलिक अनुकूलन के परिणाम हैं| लेकिन सभी मानवों में जो समानता यानि एकरुपता होती है, वह 'जीनोटाइप' होता है| और इसी समानता के कारण विश्व के सभी मानव एक दूसरे विपरीत लिंगी के साथ प्रजनन कर सकते हैं और अपना वंश वृद्धि कर सकते हैं| कहने का तात्पर्य है कि किसी को उच्चतर बौद्धिकता किसी दैवीय प्रभाव, या किसी संयोग, या किसी आनुवंशिक धरोहर के रुप में नहीं मिलता है, बल्कि कोई भी इस विधा को सीख कर उसे विकसित कर सकता है|

यह उच्चतर बौद्धिकता किसी परम्परागत एवं ‘रटन्त सीखने’ (Rote Learning) की प्रक्रिया का परिणाम नहीं होता है| यह सदैव ही एक ख़ास, अलग, भिन्न और विशिष्ट चिन्तन की प्रक्रिया (Process) या प्रतिरुप (Pattern) का परिणाम होता है| इन प्रक्रियायों का ‘आधार –तत्व’ (Foundation -Elements) भी अलग और नया हो सकता है, जिसका प्रयोग या उपयोग इन मामलों में आज तक किसी ने नहीं किया हो| अल्बर्ट आइन्स्टीन ने एक बार ‘पागलपन’ की अवधारणा को इस तरह स्पष्ट किया – "किसी काम को एक ही तरीके से बार बार करना और उसका एक अलग परिणाम की आशा करना है"| इसीलिए किसी भी अलग और भिन्न परिणाम के लिए ‘आधारभूत’ तत्वों को बदलना अनिवार्य हो जाता है|  

यदि आज तक किसी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, इसका स्पष्ट अर्थ यह है कि आज तक किसी ने उन समस्यायों के मूलभूत तत्वों को सही तरीके से और सही यथास्थिति में नहीं समझा है, चाहे आप उन समस्यायों के सम्बन्ध में किन्ही का नाम ले लें| कोई भी समस्याएँ आज इसीलिए बनी हुई हैं, क्योंकि आज तक कोई भी उसका वास्तविक, व्यवहारिक और सटीक समाधान नहीं खोजा है| उन समस्यायों का वास्तविक, व्यवहारिक और सटीक समाधान नहीं होने के कारणों में कुछ लोग किसी की नैतिकता, या एकजुटता, या संसाधन, या समर्पण, या योग्यता के अभाव की बातें करते हैं, जो बचकानी होती है| दरअसल ये उन सिद्धान्तों की मूलभूत कमी होती है| उन स्थापित महापुरुषों ने अपनी योग्यता, क्षमता, और समर्पण तो किया था, लेकिन वे भी उन समस्यायों की वास्तविक और सम्पूर्ण 'जड़ों' तक  नहीं पहुँच सके, और इसीलिए उसका समाधान उन्हें नहीं मिल सका|

इतिहास में किसी भी विषय -क्षेत्र के महान व्यक्ति सदैव किसी समस्या को 'शून्यता' (Nil) की अवस्था से समझना शुरु किया, और तभी वे सफल हो पाए| इसे मौलिक तरीके देखना और सोचना कहते हैं| इसे ही “आउट-आफ- बॉक्स चिन्तन” (Out -of –Box Thinking) कहते हैं| पुरानी ‘मान्यताओं’ (Assumptions) और ‘आधारों’ (Basics) को बदल देना ही “पैरेड़ाईम शिफ्ट” (Paradigm Shift)  कहलाता है| यही ‘बदलावों’ के क्रान्तिकारी परिणामों का आधार होता है| किसी भी चीज को ‘शून्यता’ से देखना और उसके ‘मूलभूत सिद्धांतों’ (Fundamental Principles) को समझना अनसुलझे समस्यायों का समाधान दे सकता है, लेकिन परम्परागत आधार और तरीके तो निश्चितया आपको वहीं पहुँचाएँगे, जहाँ वे आपको पहले भी पहुँचाते रहे हैं|

किसी चीज या विषय –वस्तु को यथास्थिति में समझने के लिए उस चीज या विषय –वस्तु पर ठहर जाना होता है, इससे वह उस विषय –वस्तु की गहराइयों में उतर पाता है| उसकी गहराइयों में उतरने से उनकी ‘जड़ों’ को यथास्थिति में स्पष्टता से देख और समझ पाता है| हर ‘घटना’ के पीछे ‘कारण’ होता है, और हर ‘कारण’ के पीछे एक ‘गहरा कारण’ (Root Cause) होता है| तब वह उन समस्यायों को ‘जड़’ से नष्ट करने में सक्षम हो  सकता है| यह स्थिति उस विषय पर ‘ध्यान’ करने यानि उस चीज या विषय –वस्तु पर अपने चिन्तन को स्थिर करने से आता है|

सभी विषय या स्थिति पर ‘संशय’ करना ही बौद्धिकता को उच्चतर अवस्था में ले जाता है| ‘संशय’ करना यानि ‘प्रश्न’ खड़ा करना ही उच्चतर बौद्धिकता का आधार है| साधारण व्यक्ति उत्तर खोजता है और उच्चतर बौद्धिकता वाले ‘विशिष्ट प्रश्न’ खोजते हैं कि इसके पीछे कौन से ‘शक्तियाँ’ (Forces) कार्यरत हैं? किसी विषय या समस्या को कई दृष्टिकोणों से विश्लेषण एवं मूल्याकन आवश्यक हो जाता है, ताकि उसके मूल तत्वों, इसकी उत्पत्ति और उसके उद्विकास को समझा जा सके|

किसी को किसी ‘ज्ञान’ की निश्चिन्तता या सम्पूर्णता को बोध या विश्वास उसे उस काल में रख देता है, जिस काल में वह ज्ञान विकसित या स्थापित हुआ था; और वह ज्ञान ‘ठहरे हुए पानी’ की तरह आज के सन्दर्भ में ‘सड़ गया’ (Rotten) होता है| वह ‘ज्ञान’ अवश्य ही आज से दशक या शतक या शतकों पुराना होगा| किसी भी समस्या, चाहे वह वैज्ञानिक हो, या सामाजिक हो. या सांस्कृतिक हो, या आर्थिक हो, या राजनीतिक हो, या मनोवैज्ञानिक हो, आज से दशक या शतक या शतकों पुराना ‘ज्ञान’ उसे पूर्ण समाधान या स्पष्ट समाधान नहीं दे सकता है| इसलिए यदि कोई उच्चतर बौद्धिकता चाहते हैं, तो उन्हें गैर परम्परागत आधार से, यानि शून्य से शुरु करना होगा|

अल्बर्ट आइन्स्टीन के अनुसार ‘ज्ञान’ और ‘विज्ञान’ केवल सूचनाओं का संग्रहण नहीं होता है| इनके अनुसार “सिद्धान्त” मानव बुद्धि की कल्पनाओं की रचनात्मक उड़ान से निकलती है, जिसे बाद में ‘तर्क’ और ‘तथ्य’ से जाँचे –परखे जाते हैं| बुद्धि का विकास इन्ही कल्पनाओं के आधारों पर हुआ है|

इसीलिए कोई भी उच्चतर बौद्धिकता का स्तर पाने के लिए और अभी तक के उनसुलझे समस्यायों के निश्चित समाधान पाने के लिए उपरोक्त आधारों और बातों पर गंभीरता से विचार करे|  

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

शुक्रवार, 12 जून 2026

एक आदमी कब कब मरता है?

सवाल यह है कि एक आदमी कब कब मरता है? एक आदमी एक साथ दो जीवन जीता है, -एक निम्नतर जीवन, जिसे ‘पशुवत जीवन’ (Animalistic Life) कहते हैं, और दूसरा, ‘उच्चतर जीवन’, जिसे ‘मानवीय जीवन’ (Human Life) कहते हैं| ‘पशुवत जीवन’ से तात्पर्य उसके मात्र जैवकीय यानि ‘भौतिक जीवन’ से है| इस ‘पशुवत जीवन’ को ‘शारीरिक जीवन’ भी कह सकते हैं| यह ‘शारीरिक जीवन’ ही किसी का भी ‘बौद्धिक जीवन’ यानि ‘मानसिक’, ‘भावनात्मक’ और ‘आध्यात्मिक’ जीवन को आधार देता है| चूँकि यह ‘शारीरिक जीवन’ ही किसी का भी ‘मानसिक’, ‘भावनात्मक’ और ‘आध्यात्मिक’ जीवन को आधार देता है, इसीलिए इसके अस्तित्व को बनाए रखना सभी के लिए अनिवार्य होता है| स्पष्ट है कि ‘जैवकीय’ यानि ‘शारीरिक’ यानि ‘भौतिक’ रुप से मर जाना अन्तिम बार यानि निर्णायक रुप मर जाना होता है| इसमें सभी जैवकीय प्रक्रियाएँ समाप्त हो जाती है| यह सभी के लिए होता है, जो जन्म लेता है|

लेकिन एक आदमी इस निर्णायक मृत्यु से पहले भी मरता है, या मरता रह सकता है| यह मृत्यु अस्थायी भी हो सकती है, या स्थायी भी हो सकती है, या यह ‘आंशिक’ भी हो सकती हैं| अपनी क्षमता या उत्पादकता का ‘आंशिक’ उपयोग या योगदान करना ही ‘आंशिक मृत्यु’ होता है| यह अवस्था पशुओं या ‘पशुवत जीवनों’ के लिए नहीं होता है| जिनमें ‘बौद्धिक’ जीवन यानि ‘मानसिक’, ‘भावनात्मक’ और ‘आध्यात्मिक’ जीवन नहीं होता है, वे दरअसल ‘आदमी’ होते ही नहीं हैं, वे सभी क्षमता से युक्त ‘पशु’ ही होते हैं; और हमलोग उनकी बात भी नहीं कर रहे हैं| इन सभी क्षमता से युक्त ‘पशुओं’ को आदमी बनाने की जबाबदेही से कोई मानव समाज या व्यवस्था ‘मुक्त’ नहीं हो सकता है|

‘मानवीय जीवन’ से तात्पर्य उसके ‘वैचारिक जीवन’ या ‘बौद्धिक जीवन’ से है| यह ‘बौद्धिक जीवन’ उसके ‘मानसिक’, ‘भावनात्मक’ और ‘आध्यात्मिक’ प्रक्रिया का परिणाम होता है| एक आदमी सांस लेता रह सकता है, हाथ –पैर हिलाता रह सकता है, कुछ धन कमाता रह सकता है और मुँह चलाता रह सकता है, लेकिन यदि वह ‘संवेदना से शून्य’ हो गया, तो वह वास्तव में मर गया होता है| वैसे ‘संवेदना से शून्य’ कोई जीव नहीं हो सकता है, ‘संवेदना से शून्य’ होना ही मृत्यु कहलाता है| लेकिन कोई पशु यदि आदमी बना है, तो उसमे उसके समाज का योगदान अवश्य ही होगा; अन्यथा वह लेखक रूडयार्ड किपलिंग के ‘द जंगल बुक’ का प्रसिद्ध पात्र “मोगली” ही होता और अन्य पशुओं के साथ ही एक पेड़ से दूसरे पेड़ों में छलांग लगाता हुआ होता| इसीलिए यदि कोई आदमी, यदि वह वास्तव में आदमी ही है, तो वह वास्तव में ‘समाज के प्रति संवेदना से शून्य’ हो ही नहीं सकता|

‘संवेदना’ से ही 'जिज्ञासा' उत्पन्न होता है| ‘जिज्ञासा’ के बिना बुद्धि धार –हीन हो जाता है, ठंडा पड़ जाता है| और विनम्रता के बिना ज्ञान भी खतरनाक हो जाता है| सबसे बुद्धिमान व्यक्ति वे लोग होते हैं, जो किसी भी विषय पर अन्तिम रुप से ‘निश्चिन्त’ नहीं होते हैं| किसी की ‘संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ उसे किसी भी विषय पर अन्तिम रुप से ‘निश्चिन्त’ नहीं होने दे सकता है| तो कोई भी ‘जिन्दा आदमी’ व्यक्ति, परिवार, समाज, मानवता और प्रकृति के प्रति ‘अपनी संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ को शांत होने ही नहीं दे सकता| यही तो एक पशु को आदमी बनाया है| मानव के बुद्धि के उद्विकास का आधार भी यही है|

बुद्धिमान व्यक्ति वे होते हैं, जो किसी भी ‘अस्तित्व’ के प्रति विस्मय रखते हैं। जिस क्षण कोई यह मान लेता है कि अब और सिखने को कुछ नहीं बचा है, वह उसी समय मर जाता है| जिस क्षण किसी को लगता है कि अब कोई प्रश्न करने का स्थान नहीं है, तब ही उसके जीवन का रंग धूमिल होने लगता है| भारत में अधिकाँश लोग किताबों के ज्ञान से ऊपर निकल ही नहीं पाते हैं, और वे किताबें भी दशकों या शतकों पुरानी तथ्यों या विचारों से भरी पड़ी होती है| अधिकतर लोग उसे ही अन्तिम ज्ञान समझ लेते हैं और निश्चिन्त हो जाते हैं| भारत में ज्ञान के स्तर को उसके पद, या उपाधि, या उसके धन से भी मापा जाता है| कई लोग तो ऐसे मिलेंगें, जो किसी तकनिकी विशेषज्ञ के पद पर रहे होते हैं, तो इसी के आधार पर वे अपने को सर्व ज्ञानी समझते होते हैं| दरअसल ये लोग ‘संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ से शून्य होने के कारण ही पुरानी किताबों की बातों तक सीमित होकर सर्वज्ञानी होने का ‘आत्ममुग्धता’ रखते हैं|    

इसीलिए एक ‘जिन्दा आदमी’ सदैव ही समाज, मानवता, प्रकृति और ‘मानवता के भविष्य’ के प्रति ‘संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ रखता है| उसके जीवन के उद्देश्यों में यही समाज, मानवता, प्रकृति और ‘मानवता के भविष्य’ के कल्याण समाया रहता है| और उसके लिए वह सदैव ही ‘संवेदना’ और ‘जिज्ञासा’ रखता है| इसके लिए उसे अपने ‘आत्म’ (Self) को अनन्त प्रज्ञा से भी सम्बन्ध बनाना पड़ता है| इस प्रक्रिया में किसी बिंदु पर, यानि किसी विषय के किसी ख़ास अंश पर ठहर जाना होता है| इसे ही ‘ध्यान’ लगाना कहा जाता है|

जब कोई किसी बिंदु पर, यानि किसी विषय के किसी ख़ास अंश पर ठहर जाता है, तब वह उन गहराइयों में उतर जाता है या उन ऊँचाइयों पर पहुँच जाता है, तब वह उसके जड़ों को या उसके विभिन्न पहलुओं को बड़ी सूक्ष्मता और व्यापकता से समझ पाता है| किसी बिंदु पर ठहर जाने से ही उस व्यक्ति का आत्म, यानि उसका ‘मन’ एवं ‘चित्त’ अनन्त प्रज्ञा से सम्बन्ध स्थापित कर पाता है और उसके लिए अनन्त प्रज्ञा से अन्य विशिष्ट एवं अज्ञात जानकारी पाने में सक्षम हो पाता है| ‘अंतर्ज्ञान’ (Intuition) बौद्धिकता के विकास के लिए अति महत्वपूर्ण होता है और यह किसी बिन्दु पर ठहर जाने से ही हो सकता है| सम्बन्धित साक्ष्य, तथ्य और तार्किकता बाद में आता रहता है, और उसे सही साबित कर सकता है| अल्बर्ट आइन्स्टीन के दोनों सापेक्षिता के सिद्धांतों के आने के कोई एक शताब्दी बाद तक, यानि अभी भी उससे सम्बन्धित साक्ष्य, तथ्य और तर्क प्राप्त हो रहे हैं|

दुनिया के तमाम विषयों के वैज्ञानिक या सामाजिक, सांस्कृतिक या आर्थिक विशेषज्ञ इन्ही विधिओ का उपयोग कर ही मानवता का कल्याण कर पाए| इसीलिए ये लोग अपनी शारीरिक मृत्यु के बाद भी आज ज़िंदा हैं|

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

रविवार, 31 मई 2026

डॉ० मोहन भागवत का ‘राष्ट्रवाद’

डॉ० मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वर्तमान सरसंघचालक है| इनका पूरा नाम डॉ० मोहन मधुकर राव भागवत है| इनकी शैक्षणिक योग्यता ‘पशु चिकित्सा एवं पशुपालन’ (Veterinary Science and Animal Husbandry) में स्नातक की है| इन्ही के कार्यकाल में वर्तमान केंद्र सरकार निरंतरता बनाए हुए है| इसलिए इनकी दृष्टि, विचार और आदर्श को आम बौद्धिकों के लिए जानना समझना महत्वपूर्ण हो जाता है, कि हमारा राष्ट्र कहाँ जा रहा है? मैं यहाँ सिर्फ इनके ‘राष्ट्रवाद’ की अवधारणा की विवेचना करना चाहता हूँ, जो संघ की अवधारणा भी है| मैं चूँकि ‘अराजनीतिक’ व्यक्ति हूँ, इसलिए आपको किसी भी ‘राजनीतिक’ या ‘भावनात्मक’ विषयों में उलझाना नहीं चाहता हूँ|

डॉ० मोहन भागवत वर्तमान भारत को एक अखंड भारत, एक सशक्त सांस्कृतिक राष्ट्र, और इस हिन्द -भूमि  को वैज्ञानिक एवं आधुनिक राष्ट्र बनाना चाहते हैं, ताकि इस अखंड भारतीय उपमहाद्वीप में समृद्धि, शांति, विकास स्थापित हो सके| जब भारत आधुनिक, वैज्ञानिक और सशक्त होगा, तभी भारत समस्त मानवता के कल्याण के लिए विश्व का मार्गदर्शन कर सकेगा|

ये मानते हैं कि ‘विचार’ और ‘आदर्श’ जीवन्त होते हैं, इसलिए ‘राष्ट्र’ को भी ‘समकालिक’ (Contemporary/ Synchronize) होना होता है|  वे विचार ही उत्कृष्ट होते हैं, जो मानवता और ‘मानवता के भविष्य’ के विकास एवं संवर्धन में सहायक होते हैं| मैं पुन: दुहराता हूँ - विचार जीवन्त होते हैं| परिस्थितियाँ बदलती रहती है| सम्यक विचार को भी समय और परिस्थितियों के बदलने के साथ अनुकूलन, समायोजन, और संतुलन बनाना पड़ता है| अन्यथा वह विचार सन्दर्भ से बाहर होकर अप्रसांगिक हो जाता है| आज विश्व तेजी से बदल रहा है|

वर्ष 2021 के माह नवम्बर में, इसने ‘भारत विभाजन’ का सार्वजानिक रूप से विरोध किया और भारतीय उपमहाद्वीप के पुनर्मिलन के लिए अपना समर्थन व्यक्त किया|  उन्होंने कहा, ‘विभाजन के दर्द का एकमात्र समाधान इसे ‘पूर्ववत स्थिति’ में करने में निहित है’| इस प्रकार इन्होने 1947 में भारत के क्षेत्रीय विभाजन को उलटने की वकालत की| यह इनके ‘अखंड भारत’ की परिकल्पना  का निश्चित दृष्टि है| यह इनकी ‘जम्बूद्वीप -राष्ट्र’ की अवधारणा है| इसमें भारतीय उपमहाद्वीप के सभी भौगोलिक भू –भाग समाहित हो जाते हैं| इसका आधार इस ‘अखंड भारत’ के निवासियों की ‘सांस्कृतिक समझ’ है, जो समय समय पर उद्घाटित होता रहता है| यह कोई अधिग्रहण या अतिक्रमण की अवधारणा नहीं है| जैसे वियतनाम या जर्मनी का एकीकरण वहाँ के जन गण के ‘सांस्कृतिक एकापन’ के कारण हुई, वैसे इस ‘अखंड भारत’ का एकीकरण होना निश्चित है| यह ‘सांस्कृतिक चेतना’ अब मुखर होने लगी है|

इस ‘राष्ट्र’ को इस ‘हिन्द स्थान’ की ‘ऐतिहासिक सांस्कृतिक आधार’ (Historical Cultural Foudation) या ‘ऐतिहासिक सांस्कृतिक सार’ के रुप में देखा समझा जाना चाहिए| यही ‘ऐतिहासिक सांस्कृतिक सार” ही ‘सनातन’ है, और यही इस अखंड भारत –भूमि की ‘सांस्कृतिक विशेषता’ है| चूँकि ‘संस्कार’ और ‘संस्कृति’ भी ‘समकालिक’ होता रहता है, लेकिन यह अपनी मूल भावना में स्थिरता लिए होता है, इसीलिए इस ‘हिन्द स्थान’ के ‘संस्कार’ और ‘संस्कृति’ ‘सनातन’ हैं| अभी ‘भारत’ एक राजनीतिक ‘राज्य’ है, लेकिन ‘हिन्द’ इस ‘अखंड भारत’ का पर्याय है|

डॉ० मोहन भागवत ने पिछले वर्ष के शताब्दी वर्ष के संबोधन में कहा - दुनिया को धर्म (धम्म) का मार्ग अपनाना होगा| यह ‘धर्म’ पूजा –पंथ और कर्मकांड से परे है| यह धर्म और सम्प्रदाय अलग अलग चीज है| संघ का कार्य शुद्ध सात्विक प्रेम और निष्ठा पर आधारित है| भारत की परम्परा इसे ‘मध्यम मार्ग’ कहती है, और यही आज दुनिया की सबसे बड़ी आवश्यकता है|  सभी प्रकार के ‘रिलीजन’ से ऊपर ‘धर्म’ है| धर्म हमें संतुलन सिखाता है| हमें भी जीना है, समाज को भी जीना है और प्रकृति को भी जीना है| धर्म ही मध्यम मार्ग है, जो अतिवाद से बचाता है| धर्म का अर्थ मर्यादा और संतुलन के साथ जीना है| इसी दृष्टिकोण से ही विश्व में शांति स्थापित हो सकता है| ‘धर्म वह है जो हमें संतुलित जीवन की ओर ले जाए, जहां विविधता को स्वीकार किया जाता है और सभी के अस्तित्व को सम्मान दिया जाता है|

डॉ० मोहन भागवत के वैचारिक दृष्टिकोण में वैज्ञानिकता, तार्किकता, विवेकशीलता, वैश्विकता, एवं वैश्विक मानवता स्पष्ट और मजबूती से दिखती है| वर्ष 2017 के माह फरवरी में मध्य प्रदेश के एक रैली में डॉ० मोहन भागवत ने दवाब देकर कहा, “इस भारत देश में पैदा हुआ हर एक व्यक्ति हिन्दू है – इनमे से कुछ मूर्तिपूजक है और कुछ नहीं है| यहाँ तक कि मुसलमान भी राष्ट्रीयता से हिन्दू हैं, वे केवल विश्वास एवं आस्था से मुसलमान हैं| यहाँ ‘हिन्दू’ शब्द ‘हिन्द की मूल संस्कार और संस्कृति’ है| भारत माता के लिए उसके गोद में उत्पन्न सभी बच्चे एक समान हैं|

डॉ० भागवत के अनुसार संघ ‘किसी को ‘कान्विंस’ (सहमत) करने में नहीं, बल्कि अपने कार्य को मनोयोग से करने में विश्वास रखता है| इसे अपनी बातों से किसी को 'कन्विंस' करने यानि 'मनवा' लेने में विश्वास नहीं है| संघ का लक्ष्य है कि ‘भारत विश्व में अग्रणी स्थान पाए| यह अग्रणी स्थान वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं, बल्कि मानवता में योगदान देने के लिए है|

डॉ० भागवत मानते हैं कि आज दुनिया एक –दूसरे के बहुत करीब आ गया है, इसलिए अब वैश्विक स्तर पर सोचना जरुरी हो गया है| आज से सौ साल पहले वैश्विक जगत में ‘राष्ट्रीयता’ सबसे प्रमुख था| आज से सौ साल पहले भारत ब्रिटिश साम्राज्यवाद का एक मुख्य उपनिवेश रहा| आज भारत विश्व का सबसे प्रमुख उभरता राष्ट्र है| आज मानवता के एक होते हुए भी उसके अनेक रुप और रंग है और इन्हीं विविधताओं से विश्व की सुन्दरता बढती है| भारत जब विश्व गुरु बनेगा, तभी वह अपना वास्तविक योगदान मानवता को दे सकेगा| और अब उसका समय आ गया है|

‘हिन्दू’ शब्द बाहरी पहचान का प्रतीक नहीं, बल्कि यह ‘हिन्द की संस्कृति’ का प्रतीक है| यह एक व्यापक मानवशास्त्रीय दृष्टिकोण है| भारत की परम्परा व्यक्ति, समाज और सृष्टि को एक –दूसरे से जुड़ा और प्रभावित मानती है| ‘हिन्दू’ इस ‘हिन्द की संस्कृति’ का प्रचलित एवं परम्परागत नाम है| 

डॉ० भागवत मानते हैं कि - स्वतन्त्रता मिलने के बाद समाज को जिस प्रकार से प्रबोधित करना चाहिए था, वैसा नहीं हुआ| यह स्पष्ट है कि ‘राष्ट्र –निर्माण’ के लिए केवल आन्दोलन, संगठन या नेता ही पर्याप्त नहीं है| समाज में रुढ़ियाँ, कुरीतियाँ, अंधविश्वास व्याप्त है और शिक्षा का अभाव बना रहा| समाज की कुरीतियों और दोष को दूर किये बिना स्वतंत्रता स्थायी नहीं हो सकती| डॉ० हेडगेवार ‘राजनीतिक स्वतन्त्रता’ का अर्थ समझते थे, इसीलिए ‘नागरिक स्वतन्त्रता’ के लिए इस ‘नागरिक संगठन’ ‘संघ’ की स्थापना की|  समाज की गुणात्मक उन्नति ही राष्ट्र निर्माण का मूल है| हर नागरिक की भागीदारी और हिस्सेदारी के बिना कोई भी सशक्त और समृद्ध राष्ट्र नहीं बन सकता है| संघ की स्थापना समाज को गुणात्मक रुप से बदलने और राष्ट्र को सशक्त बनाने का एक उपाय था| भारतीय परम्परा का मूल विचार ही है – ‘वसुधैव कुटुम्बकम’|

‘संघ कार्य’ का आधार किसी का विरोध नहीं है, और किसी के प्रति प्रतिक्रिया नहीं है| ‘संघ कार्य’ का आधार शुद्ध सात्विक प्रेम और करुणा है| इसी भाव से विविधता में एकता देखी जाती है| संघ केवल हिन्दू समाज के चिन्ह पर नहीं, बल्कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के सिद्धान्त पर चलता है| स्वयंसेवक परिवार से लेकर गाँव, देश और विश्व तक अपनेपन की भावना का विस्तार करता है| संघ का यह भाव प्रत्येक स्वयंसेवक रोज जीता है, जिसे कोई भी प्रत्येक दिन संघ की शाखाओं में देख सकता है| उनका विश्वास है कि सब अपने हैं| यही जीवन और विश्व विकास का क्रम है|

डॉ० मोहन भागवत स्पष्ट रुप से कहते हैं कि भारत: एक ‘राज्य –राष्ट्र’ (State –Nation) है, नहीं कि एक ‘राष्ट्र –राज्य’ (Nation –State) हैं| हम सभी ‘हिन्दू राष्ट्र’ के अंग हैं| ‘भारत का राष्ट्र’ सत्ता या राज्य से नहीं, बल्कि ‘सांस्कृतिक और सामाजिक एकता’ से जुड़ा है| भारतीय राष्ट्र का आधार राज्य या कानून नहीं है, बल्कि यह भारतीय ऐतिहासिक सांस्कृतिक विरासत है| भारतीय राष्ट्र एक उपमहाद्वीपीय भौगोलिक क्षेत्र में ऐतिहासिक रुप में एक साथ रहने का परिणाम है| यह एक भूगोल और एक इतिहास की ‘सांस्कृतिक एकापन’ के प्रति निष्ठा का परिणाम है| यह भौगोलिक आधार प्राकृतिक है| इसकी जलवायु ‘मानसूनी’ है, जो एक अलग विशिष्टता रखती है| यह ‘मानसूनी जलवायु’ ही इसकी ‘आर्थिक एकापन’ को आधार देती है| आधुनिक विज्ञान और तकनीक ने इसे और व्यवस्थित कर दिया है| भारत या इस ‘हिन्द’ का राष्ट्र प्राकृतिक है, ऐतिहासिक है, भौगोलिक है, आर्थिक है और मानवीय प्रगति का आधार भी है| कोई भी प्रकृति के स्वभाव के विरुद्ध लम्बे समय तक प्रगतिशील और समृद्ध नहीं रह सकता है| डॉ० मोहन भागवत की इस अवधारणा को अच्छी तरह समझने के लिए  मैं इस ‘राज्य –राष्ट्र’ (State –Nation) का विस्तार से विश्लेषण एवं विवेचना कर रहा हूँ| 

हिन्दू राष्ट्र की अवधारणा पश्चिमी ‘राष्ट्र –राज्य’ (Nation –State) से भिन्न है| भारत एक ‘राज्य –राष्ट्र’ (State –Nation) है, लेकिन ‘राष्ट्र –राज्य’ (Nation –State) नहीं है| पश्चिमी ‘राष्ट्र –राज्य’ की स्थापना में एकल ‘राष्ट्रीयता’ प्रमुख होती है और वही उस राज्य का राजनीतिक आधार होता है| भारत में विविध संस्कृतियाँ एक साथ मिल कर सामासिक रुप में भारतीय संस्कृति को अभिव्यक्त करता है| भारत इन विविध समृद्ध संस्कृतियों के एकल पहचान के कारण एक राजनीतिक राज्य की आवश्यकता है| इसिलिर भारत एक ‘राज्य –राष्ट्र’ है|

"राष्ट्र-राज्य (Nation-State)" और "राज्य-राष्ट्र (State-Nation)" को समझने के लिए इस विश्लेषण को समझा जाय| भारत को एक "राष्ट्र-राज्य (Nation-State)" बनना चाहिए, या एक "राज्य-राष्ट्र (State-Nation)"? यह  "राष्ट्र-राज्य " और "राज्य-राष्ट्र" दो अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक - सांस्कृतिक अवधारणाएं हैं। लेकिन इसे समझने से पहले हमें देश, राज्य और राष्ट्र की अवधारणा को समझ लेना चाहिए, और इसके साथ ही इसकी बदलती गत्यात्मकता (Dynamism) की क्रियाविधि (Mechanism) को भी समझा जाना चाहिए। 

एक देश (Country) वह निश्चित भौगोलिक क्षेत्र होता है, जो अपनी आबादी की एक निश्चित सामाजिक एवं सांस्कृतिक विन्यास (बनाबट/ Matrix) या पहचान का बोध कराता है। अतः एक देश एक राज्य भी हो सकता है, और साथ ही एक राष्ट्र भी हो सकता है, यानि तीनों स्वरूप एक साथ भी हो सकता है, या नहीं भी हो सकता है। एक राज्य (State) एक निश्चित भौगोलिक क्षेत्र में एक स्थिर आबादी का एक निश्चित सरकार होती है और वह संप्रभु भी होता है। एक राष्ट्र (Nation) ऐतिहासिक रूप से गठित, लोगों का एक स्थिर समुदाय है, जो एक क्षेत्र, एक आर्थिक जीवन और एक आम एवं विशिष्ट संस्कृति में प्रकट मनोवैज्ञानिक संरचना के आधार पर बनता है। 

भारत 1947 से पहले भी एक देश था और आज भी एक देश है। लेकिन भारत 1947 से पहले एक राज्य नहीं था, क्योंकि भारत देश में सम्प्रभुता का अभाव था, जो राज्य के लिए एक अनिवार्य तत्व है। ज्ञातव्य है कि एक राज्य के आवश्यक तत्व में भौगोलिक क्षेत्र, स्थिर आबादी, सरकार और सम्प्रभुता शामिल होता है। भारत एक राष्ट्र के रूप में ब्रिटिश काल में उभरना शुरू हुआ था, और यह प्रक्रिया अभी भी चल रही है, मतलब इसके पहले भारत एक देश तो था, लेकिन एक राज्य भी नहीं था, और एक राष्ट्र भी नहीं था। स्पष्ट है कि उपरोक्त तीनों अवधारणाएँ अलग अलग तो हैं, परन्तु इनकी अवस्थाएँ एक दूसरे में रुपांतरित होने के लिए गतिशील भी रहती है। यह भी स्पष्ट है कि कोई एक देश वर्तमान में एक साथ सिर्फ एक देश ही हो सकता है, या तीनों अवस्था – देश, राज्य और राष्ट्र का संयुक्त स्वरूप भी हो सकता है। सभी देश कालान्तर में राज्य तो बनना ही चाहते हैं, परन्तु कोई ‘राष्ट्र- राज्य’ ही बनता है, तो कोई ‘राज्य – राष्ट्र’। 

डॉ० मोहन भागवत की इस अवधारणा के सन्दर्भ में हमें यह जान लेना चाहिए कि उन्होंने ऐसा क्यों कहा? "राष्ट्र-राज्य " या "राज्य-राष्ट्र"? आपने देश और राज्य की अवधारणा को स्पष्टतया समझ लिया, क्योंकि यह दोनों ही एक तथ्यात्मक अवधारणा है। राष्ट्र की अवधारणा को स्पष्टतया समझ लेना थोड़ा कठिनतर होता है, क्योंकि यह अवधारणा मूलतः मानवीय भावनाओं पर आधारित एक ‘अमूर्त स्वरुप’ में होता है और इसीलिए इन भावनाओं के आधार कईं कारकों को अपने में समेटे हुए होता है। इन कारकों में सम्प्रदाय (जिसे अधिकतर लोग धर्म समझ लेते हैं), भाषा, संस्कृति, इतिहास बोध, क्षेत्र, आर्थिक और राजनीतिक एकता सबसे प्रमुख है। अब हम "राष्ट्र-राज्य " और "राज्य-राष्ट्र" को भी उदाहरण के साथ समझते हैं। 

जहाँ "राष्ट्र-राज्य" (Nation-State) में पहले एक राष्ट्र होता है और तब एक राज्य, वहीं "राज्य-राष्ट्र" (State-Nation) में पहले एक राज्य होता है और तब राष्ट्रों को महत्त्व होता है| "राष्ट्र-राज्य" (Nation-State) एक राष्ट्रीय राजनीतिक इकाई है, जो एक समान सांस्कृतिक, भाषा, इतिहास और जातीयता के साझा तत्वों वाले समूह से निर्मित होता है। और इसके साथ ही, यह  स्वतंत्र सम्प्रभुता की सरकार और भौगोलिक क्षेत्र से निर्मित एक ही इकाई के रुप में एक राज्य भी होता हैं। इसके स्पष्ट उदाहरण जापान, जर्मनी, इजरायल और फ्रांस हैं। ये सभी "राष्ट्र-राज्य" हैं, क्योंकि वहां के लोग समान सांस्कृतिक, भाषाई और ऐतिहासिक पहचान के साथ एकजुट हैं, और उनके पास अपनी स्वतंत्र सरकार है। इसकी मुख्य विशेषताओं में एकल राष्ट्रीय पहचान और एकल सरकार होती है।

एक "राज्य-राष्ट्र" (State-Nation) की अवधारणा "राष्ट्र-राज्य" से अलग हो जाता है। यह एक ऐसा राज्य है, जिसमें कई राष्ट्र या सांस्कृतिक समूह एक साथ शामिल होते हैं और वे एकसाथ एक राज्य की रूप में कार्य करते हैं। एक "राज्य -राष्ट्र" (State-Nation) में सम्पूर्ण अखंड भारत यानि समस्त जम्बूद्वीप  समाहित हो जाता है, या हो सकता है| इस 'जम्बुद्वीप -राष्ट्र' में कई सांस्कृतिक विविधता है, इसीलिए यह "राज्य-राष्ट्र" के लिए ही उपयुक्त होगा| ‘राज्य-राष्ट्र’ के स्पष्ट उदाहरण में भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका, स्विट्जरलैंड आदि हैं, जहां विभिन्न सांस्कृतिक, भाषाई और जातीय समूह एक ही राज्य के अंतर्गत आते हैं। इसकी मुख्य विशेषताओं में विभिन्न राष्ट्रीय पहचान होते हुए भी एकल सरकार होती है, जो अपनी विशिष्ट विविधताओं को स्वीकार करते हुए एकता बनाए रखती है। इसकी अवधारणा राष्ट्रीयता की परिभाषा के साथ ही गत्यात्मक रहती है। 

इस प्रकार, "राष्ट्र-राज्य" में एक राष्ट्र और एक राज्य का संयोजन होता है, यानि दोनों एक ही होता है। वहीं "राज्य-राष्ट्र" में विभिन्न राष्ट्रीयता यानि विभिन्न सांस्कृतिक आधार को एक राज्य में संगठित होना शामिल होता है, और ऐसा एक निश्चित भूगोल पर ऐतिहासिक प्रक्रियाओं के द्वारा होता हुआ रहता है। हालांकि दोनों अवधारणा गलत नहीं है, परन्तु "राज्य - राष्ट्र" की अवधारणा आज वर्तमान वैज्ञानिक युग में ज्यादा सफल, समुचित और व्यवहारिक माना जाता है। अपनी विशिष्ट शर्तों के कारण “राष्ट्र - राज्य” एक छोटे भौगोलिक क्षेत्र, छोटी आबादी, और एक निश्चित संस्कार में सीमित होते हैं| वहीं “राज्य – राष्ट्र” का भौगोलिक क्षेत्र विस्तृत होता है, अपने में विविध आबादी को समाहित किए होती है, उसमे सांस्कृतिक विविधताएँ होती है, और इसका मूल एवं प्राथमिक आधार ‘मानवीयता’ ही होता है| यूरोप के कई "राष्ट्र-राज्यों" में ‘यूरोपीय संघ’ की स्थापना इसी ‘राज्य-राष्ट्र’ की अवधारणा को मजबूत करती है| ऐसे ही राज्य वैश्विक शक्तियाँ बनती है, या बन सकती है|

आज की बाजार की शक्तियां, यानि आर्थिक शक्तियां, यानि ऐतिहासिक शक्तियां "राज्य- राष्ट्र" के पक्ष में जा रही है, क्योंकि यह "मानवता" को उभार रही है और अन्य सांस्कृतिक पहचान को उपेक्षित कर रही है। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। यह एक गम्भीर ऐतिहासिक प्रक्रिया है, जिस पर भारत में अभी तक विमर्श शुरु नहीं हुआ है।लेकिन इस मुद्दे पर 'संघ' का मत स्पष्ट है, जिसे डॉ० मोहन भागवत 'राज्य -राष्ट्र' की अवधारणा में व्यक्त करते हैं|

यदि कोई इस "राज्य- राष्ट्र" अवधारणा के विरोधी हैं, तो इसका अर्थ यह हुआ कि वह 'राष्ट्र- राज्य' की अवधारणा के समर्थक हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट अर्थ निकलता है कि वह व्यक्ति विभिन्न राष्ट्रीयताओं के सह - अस्तित्व के विरोधी हैं। लेकिन इनमें बहुत सी राष्ट्रीयताएँ वैश्विक स्तर की हैं, सशक्त भी है, संपन्न भी है, बौद्धिकता के स्तर में उच्चतर भी है, और बहुलता में भी है, और इसीलिए आप इसके अस्तित्व एवं सह- अस्तित्व से इंकार नहीं कर सकते। सह - अस्तित्व के विरोध की किसी की ऐसी भावना भारत के न्यायिक चरित्र को नुकसान भी पहुंचाती है, और भारतीय गरिमामयी पौराणिक विरासत की छवि को भी दागदार बनाती है। 

अब आप इस आलेख में डॉ० मोहन भागवत के राष्ट्र की अवधारणा को समझ गए होंगे|

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

बुधवार, 13 मई 2026

भारतीय राष्ट्र –निर्माण में इतिहास की समस्याएँ

‘राष्ट्र’ के निर्माण में ‘इतिहास’ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है| ‘राष्ट्र’ कोई ‘देश’ नहीं होता है| यह ‘राष्ट्र’ ‘ऐतिहासिक एकापन (Historical Oneness) की मनोदशा’ होता है, जो ऐतिहासिक काल में एक साथ रहने से तैयार होता है| यह ‘राष्ट्र’ सभी लोगों की भावना पर आधारित होता है, इसीलिए भारतीय संविधान की उद्देशिका में ‘राष्ट्र की एकता और अखंडता’ के सुनिश्चयन की बात की गयी है, किसी देश या राज्य या प्रान्त की बात नहीं की गयी है| किसी ‘राष्ट्र –निर्माण’ को उसका ‘भूगोल’ और ‘इतिहास’ आधार देता है, अर्थात उस निश्चित भूगोल पर इतिहास कार्य कर उसे ‘राष्ट्र’ बनाता है| भूगोल को सामान्यत: ‘प्रकृति’ आकार देता है, लेकिन इतिहास को समकालिक ‘आर्थिक साधन एवं शक्तियाँ’ बनाता है और उसे बदलता भी रहता है| ‘आर्थिक साधन एवं शक्तियों’ को ‘तकनीक’ और ‘बाजार’ निर्धारित करता है, जिन्हें ‘बाजार के साधन एवं शक्तियाँ’ कहते हैं|

‘इतिहास’ ही ‘संस्कार’ और ‘संस्कृति’ को आकार देता है| ‘इतिहास’ ही ‘वर्तमान और भविष्य’ को समझता और समझाता है, क्योंकि ‘इतिहास’ ही वर्तमान और भविष्य का ‘जड़’ (Root) या ‘नींव’ (Foundation) होता है| वर्तमान और भविष्य की समस्यायों को समझने और उसके समाधान पाने में ‘इतिहास’ का समझ बहुत महत्वपूर्ण है| भारत की सभी सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और राजनीतिक समस्यायों का समाधान ‘इतिहास’ की वैज्ञानिक, तथ्यगत और तार्किक व्याख्या में है| इसीलिए सभी ‘शासक वर्ग’ इतिहास की ऐसी ‘वैज्ञानिक व्याख्या’ से बचते हैं| ‘सत्ता’ यानि ‘शासक वर्ग’ अपने वर्चस्व की निरन्तरता को बनाये रखने के लिए इतिहास का नकारात्मक उपयोग करता है, जबकि ‘राष्ट्र –निर्माण’ के लिए इतिहास की सकारात्मक व्याख्या होनी चाहिए| साम्राज्यवादियों का अपना निहित उद्देश्य था, यह समझ में आता है, लेकिन भारतीय बौद्धिक वर्ग को यह सब समझना चाहिए| भारतीय राष्ट्र के निर्माण में इसी समझ के अभाव में बाधित पडा हुआ है| इसके बिना भारत एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र बन ही नहीं सकता है|

‘इतिहास’ का अत्यधिक महिमामंडन करना भी ‘वर्तमान’ को कमजोर कर सकता है, जो ‘राष्ट्र’, ‘संस्कृति’ और ‘संस्कार’ को गलत दिशा दे सकता है| यह सदैव याद रखना चाहिए कि ‘स्वर्ण –युग’ सदैव ‘भविष्य काल’ में आता है, और यही ‘आशावादी’ दृष्टिकोण है| ‘स्वर्ण –युग’ किसी ‘पुरातन’ में कभी नहीं हो सकता है| किसी इतिहास में ‘स्वर्ण –युग’ मान लेना भी मानवता के भविष्य के लिए लिए घातक होता है| ‘सामूहिक भावनात्मक स्मृतियाँ’ को इतिहास नहीं माना जाना चाहिए| सभी इतिहास को अवश्य ही तथ्यों और वैज्ञानिक विधियों की तार्किकता और विवेकशीलता पर आधारित होना चाहिए| अधिकांश लोग इतिहास को समझने के बजाय ‘मान लेते’ हैं| ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि सामान्य जन गण में ‘आलोचनात्मक चिन्तन’ की समझ नहीं होती है| यदि ‘समझ’ होती है, तो इसके लिए आवश्यक ‘क्षमता’, ‘योग्यता’ और ‘स्तर’ नहीं होता है| चूँकि इसके लिए समय, वैचारिकी और क्षमता चाहिए होता है, इसीलिए सामान्य जन गण को ‘भावनात्मक कहानियो’ और ‘आख्यानों’ को इतिहास ‘मान लेने’ में ज्यादा आसानी होती है|

चूँकि इतिहास पुरातन होता है और पुरातनता की अवधि ही ‘इतिहास की गहराइयों’ को निर्धारित करता है, इसीलिए इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण काल ‘प्राचीन काल’ का होता है| ‘प्राचीन काल’ का इतिहास ही ‘संस्कृति’, ‘संस्कार’ और ‘राष्ट्र’ की सबसे गहरी ‘जड़े’ होती है| इसलिए भारतीय राष्ट्र के निर्माण में ‘प्राचीन इतिहास’ ही सबसे प्रमुख है, जिससे सम्बन्धित समस्यायों को समझना अनिवार्य है|

भारतीय राष्ट्र के निर्माण में इतिहास की सबसे प्रमुख समस्या यह है कि सामान्य जन गण सहित इतिहास के अधिकतर विद्वान् भी इतिहास के ‘समकालिक होने की अनिवार्यता’ और ‘समकालिक होने की प्रक्रिया’ को नहीं समझते हैं| ऐसे लोगों को इतिहास की क्रिया विधियों की समझ नहीं होती है, या वे सब कुछ जानते और समझते हुए भी अपने वर्गीय हितों में ‘नासमझ’ बने रहते हैं| ‘इतिहास के समकालिक होने’ की प्रक्रिया में जब भी इतिहास का कोई पुनर्लेखन होता है, तब पहले की उपलब्ध इतिहास को समकालिक आवश्यकताओं, परिस्थितियों और शक्तियों के अनुरुप अनुकूलित होना पड़ता है| इसी इतिहास के अनुरुप ही प्राचीन ‘संस्कारों’ और ‘संस्कृतियों’ को भी ‘समकालिक’ होना होता है| ‘संस्कार’ और ‘संस्कृति’ एक ही साथ ‘जड़’ भी होता है और ‘गतिशील’ भी होता है, जैसे एक पेड़ का जड़ और तना ‘जड़’ रहता है और ‘फुनगियाँ’ लहराती रहती है|

इतिहास, संस्कार और संस्कृति को अपने समय के ‘समकालिक’ होना हर काल की अनिवार्यता होती है| इसीलिए कोई भी इतिहासकार कोई ‘अन्तिम इतिहास’ नहीं लिख सकता है, लेकिन हर बार ‘उपलब्ध इतिहास’ को या तो रद्द कर सकता है या संशोधित करता रहता है| प्राचीन भारत का अधिकांश उपलब्ध इतिहास को मध्य कालीन सामन्ती आवश्यकताओं, परिस्थितियों, व्यवस्थाओं और शक्तियों के अनुरुप ‘समकालिक’ होना पड़ा| यह इतिहास लेखन कागज के आविष्कार होने और भारत में इसके अति प्रचालन में आने के बाद ही शुरु हुआ| भारत में कागज़ का बहु –प्रचालन मध्य युग के सामन्ती काल में ही हुआ, और इसीलिए भारत के प्राचीन इतिहास को मध्य युगीन सामन्ती शक्तियों, आवश्यकताओं, परिस्थितियों, और व्यवस्थाओं के अनुकूल होना पड़ा| इस तरह, भारत का प्राचीन इतिहास पूरी तरह ‘समकालिक’ होकर ‘सामन्ती चरित्र’ का हो गया|

आज भी प्राचीन भारत का यही इतिहास उपलब्ध है, जो मूल अवस्था में नहीं है| इन्हें समझने और उसमे यथा आवश्यक संशोधन और परिमार्जन करने की अनिवार्यता है| इस ‘संशोधन’ या ‘परिमार्जन’ के बिना भारत कभी भी एक सशक्त राष्ट्र नहीं बन सकता है| प्राचीन भारत के इतिहास को आज विकृत स्वरुप में उपलब्ध होना इसलिए कहना पड़ रहा है, क्योंकि इस इतिहास में कई तथ्यगत साक्ष्यों, सामान्य तार्किकताओं, और वैज्ञानिकताओं का स्पष्ट और प्रत्यक्ष अभाव है|

भारतीय राष्ट्र –निर्माण में इतिहास की यही समस्या सबसे बाधा बनी हुई है, जो भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं राजनीतिक विकास में स्पष्ट बाधा के रुप में दिखती  है|  

आचार्य प्रवर निरंजनजी

शिक्षक, लेखक, प्रेरक एवं दार्शनिक

अध्यक्ष, अन्तर्राष्ट्रीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

Get solutions to your personal problems at  Ask Acharya Ji

सत्य के निकट कौन है?

यह भी सत्य है कि कुछ भी सत्य नहीं है| किसी भी सत्य का यह एक स्वाभाविक गुण होता है कि एक सत्य हमेशा स्थिर एवं निश्चित रहता है| और हम यह भी जा...