सोमवार, 10 जून 2024

जाति व्यवस्था की अनूठी संरचना

भारत में जाति व्यवस्था एक अनूठी व्यवस्था या संरचना है, जो अपने समतुल्य विश्व में कहीं और नहीं पायी जाती| इसका अंग्रेजी अनुवाद ‘Caste’ किया जाता है, जो मूलतः एक पुर्तगाली शब्द है| लेकिन पुर्तगाली शब्द ‘Caste’ में वर्ग या कार्य  विभाजन होते भी सामाजिक गतिशीलता है, यानि इस ‘Caste’ में एक ही जीवन में बदलाव की संभावना है, लेकिन वह गतिशीलता भारतीय ‘जाति’ में नहीं है| इसी कारण पश्चिमी विद्वान् ‘जाति’ का वह अर्थ नहीं समझ पाते हैं, जो इस “जाति” की संरचना में निहित होता है| इसीलिए बहुत से भारतीय विद्वानों का मानना है कि जाति शब्द का अंग्रेजी शब्द ‘Jati’ ही होना चाहिए, ‘Caste’ नहीं होना चाहिए| इससे जाति के संरचनात्मक निहित अर्थ के सम्प्रेषण  में कोई अस्पष्टता नहीं आएगी|

इस सन्दर्भ में बाबा साहेब डा० भीमराव आम्बेडकर का दिनांक 9 मई 1946 को कोलंबिया यूनिवर्सिटी, न्यूयॉर्क, अमेरिका में पठित लेख को उद्धृत कर रहा हूँ| इसे डॉ० आम्बेडकर प्रतिष्ठान, सामाजिक, न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार ने प्रकाशित किया है| इस आलेख का नाम – “भारत में जातिप्रथा: संरचना, उत्पत्ति और विकास” है| उन्होंने कहा- “यह बड़े खेद की बात है कि अभी तक इस विषय (भारत में जातिप्रथा: संरचना, उत्पत्ति और विकास) पर चर्चा नहीं हुई है और लोगों को इसके बारे में अल्प जानकारी है|” डा० आम्बेडकर कई विद्वानों के परिभाषाओं को दुहराते हुए आगे कहते हैं – “अकेले देखने में कोई भी परिभाषा पूर्ण नहीं है और मूल भाव किसी में भी नहीं है| उन सब (विदेशी विद्वानों) ने एक भूल की है कि उन्होंने जाति को एक स्वतंत्र तत्व माना है, उसे समग्र तंत्र के एक अंग के रूप में नहीं लिया है|”

यह विश्व जगत के लिए उस समय भी सही था और आज भी उतना ही सही है, जितना बाबा साहेब डा० भीमराव आम्बेडकर ने उस समय कहा था| आज एक भारतीय भी जाति की संरचना, प्रकृति, प्रवृति और व्यवस्था को भारतीय सन्दर्भ एवं पृष्ठभूमि में ही ठीक से नहीं समझा है| इसे सम्यक ढंग से निम्नवत समझते हैं -

पहली, जाति व्यवस्था भारत में विश्व की एकमात्र अनूठी व्यवस्था है, जिसका कोई और समतुल्य उदाहरण और कहीं नहीं है| यह भारतीय समाज का खण्डनीकरण (Segmentation) एवं स्तरीकरण (Stratification) एक साथ ही करता है| यह वर्ण व्यवस्था के साथ मिलकर उर्घ्वाकार विभाजन भी करता है, परन्तु यह अपने आप में क्षैतिज विभाजन भी करता है| यह ‘जाति’ जन्म के परिवार के वंश पर आधारित होता है| यह जन्म से तय होता है और कभी भी परिवर्तनशील नहीं होता है| इस व्यवस्था में व्यक्ति विशेष के अर्जित गुण, योग्यता एवं कुशलता का कोई महत्त्व नहीं है|

दूसरी, जाति व्यवस्था को भाषा का ‘विखंडनवाद’ (Deconstructionism) से भी समझते हैं, जो यह कहता है कि लेखक के लिखे या कहें गये शब्दों का अर्थ एवं भाव उसके पाठकों के द्वारा समझे गए अर्थ एवं भाव से पूर्णतया भिन्न होता है, क्योंकि दोनों की मानसिक पृष्ठभूमि भिन्न भिन्न होती है| यह मानसिक पृष्ठभूमि कई प्रभावी तत्वों का समन्वित मिश्रण होता है| इसी कारण भारतीय लेखकों के लिखे या कहें गये ‘जाति’ एवं उसका अंग्रेजी अनुवाद ‘Caste’ का वही अर्थ पश्चिमी के पाठकों का नहीं होता है|,ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि पश्चिमी के पाठक Caste का वह अर्थ लेते हैं, जो उस मूल पुर्तगाली शब्द से सम्बन्धित है| इसीलिए एक ही भाव के शब्द ‘से जाति’ एवं ‘Caste’ का अर्थ पश्चिमी के पाठकों का अलग अलग हो जाता है|

तीसरी, जाति व्यवस्था का पदानुक्रमित (Hierarchichal) होना, जिसमे ब्राह्मण को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और अन्य सभी जातियाँ  उनसे निकृष्ट (Inferior) मानी जाती है| यह जातियों के वर्ण व्यवस्था से मिलाने एवं घालमेल करने से हुआ है| दरअसल भारत में जाति व्यवस्था और वर्ण व्यवस्था को मनमाने ढंग से व्याख्यापित किया जाता है, क्योंकि यह भारत के बाहर कहीं भी नहीं है और इसकी व्याख्या का एकाधिकार परम्परागत रूप से ब्राह्मणों के पास सुरक्षित है| ब्राह्मण को छोड़ सभी जातियों के ऊपर एवं नीचे जातियाँ होती है| निचले स्तर पर ऊपर – नीचे का विवाद महत्वहीन हो जाता है, फिर भी उसमे स्तर होता है |

चौथी, जाति प्रथा में प्रत्येक वर्ग यानि समुदाय के लिए सामाजिक मेल- मिलावट और खान –पान में प्रतिबन्ध (Restriction) लगाया हुआ होता है| यह एक प्रकार से ‘सामाजिक सांस्कृतिक बिलगाव’ (Cultural Isolation) की स्थिति होती है| मतलब एक ही क्षेत्र, यानि एक ही भौगोलिक पर्यावरण, यानि एक ही परितंत्र में समाज के अन्य सदस्यों के रहने के बावजूद भी उनमे सामाजिक एवं सांस्कृतिक अलगाव होता है| अस्पृश्यता एवं छुआछुत इसी भाव की प्रत्यक्ष अभिव्यक्ति है|

पाँचवी, जाति प्रथा का एक लक्षण यह भी है कि इसमें सामाजिक समूह, यानि वर्ग आधारित पृथकीकरण (Segregation) किया जाता है| यह जाति एवं वर्ण के आधार पर निवास –स्थान (Habitat), पानी (पीने एवं अन्य उपयोग) के स्रोत, जीविकोपार्जन के चयन और आवागमन के रास्ते के उपयोग पर प्रतिबन्ध भी लगाता है एवं निर्धारित करता है| अर्थात यह ‘जाति’ किसी के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक जीवन की दिशा एवं दशा को संचालित, निर्धारित एवं नियमित करता है| यानि जाति सभी के जीवन दर्शन को भी निर्धारित एवं नियमित करता है|  

छठवी,  इस व्यवस्था में प्रत्येक का पेशा (Occupation) निश्चित होता है, जो सामान्यत: जन्म के आधार पर परंपरा से तय होता है, या ब्राह्मण या क्षत्रिय वर्ण के लोगों द्वारा अनुदेशित होता है| इस जाति व्यवस्था में व्यक्ति की योग्यता, कौशल, कुशलता एवं दक्षता का कोई महत्व नहीं होता है| किसी का कार्य पेशा सिर्फ कार्य की प्रकृति को ही निर्धारित नहीं करता है, अपितु उस पेशा से जुड़ी पूरी संरचना को भी निर्धारित करता है| अर्थात उस पेशा से जुड़ा सम्मान, आय, कार्य परिस्थिति, जीवन दर्शन सभी कुछ निश्चित होता है| उस कार्य से जुड़ा पर्यावर्णीय स्थितियाँ यानि धुप, धूल, गर्मी, ठण्ड, पसीना, बारिस आदि को भी सुनिश्चित करता है| इस प्रकार जीनीय उदविकासीय प्रक्रियाओं को, यानि प्राकृतिक चयन, उत्परिवर्तन, अनुकूलन, समायोजन की प्रक्रियाओं को भी नियमित करता है|

सातवी, जाति प्रथा के निम्नतर समुदायों को अंत:विवाह (Endogamy) की भी बाध्यता रहती है, जिन्हें विवाह अपने जाति समूह के अन्दर ही करना होता है| इनके लिए अन्य दूसरें  जाति- समूह में विवाह प्रतिबंधित है| इससे इससे निम्नतर जातियों के समुदायों में ‘जीनीय प्रवाह” (Genetic Flow) बाधित होता है, लेकिन इनमे “जीनीय बहाव” (Genetic Drift) होता है| यह प्रतिबन्ध ऊपर के वर्ण के सदस्यों के लिए नहीं है, अर्थात उपरी वर्णों के लोग अपनी पसंद की महिलाओं से विवाह (Hypergamy) एवं प्रजनन कर सकते हैं| इसी कारण इन उच्च जातियों के सदस्यों में ‘जीनीय प्रवाह” (Genetic Flow) होता है, लेकिन इनमे “जीनीय बहाव” (Genetic Drift) नहीं होता है| एक विशेष बात यह है कि महिलाओं की अपनी जाति नहीं होती है और यह व्याख्या भ्रामक है| महिलाओं की जाति विवाह पूर्व पिता की जाति से एवं विवाह के बाद पति के जाति से निर्धारित होता है| इस तरह यह ‘जाति व्यवस्था’ यानि जातीय बाध्यता किसी भी जन समूह के ‘जीन पूल’ में ‘जीनीय प्रवाह’ एवं ‘जीनीय बहाव’ को भी प्रभावित करता है, जो जीनीय भिन्नता को विभाजन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है|

आठवी, ऊँची जातियों का स्वरुप तो अखिल भारतीय स्तर की होती है, क्योंकि यह वर्ण व्यवस्था से, यानि सामन्ती व्यवस्थापिका से, यानि राष्ट्रीय कार्यपालिका से जुड़ी हुई थी| इसी कारण इनका जीन पूल बड़ा एवं विविध होता है और इसमें जीनीय प्रवाह तो होता है, परन्तु जीनीय बहाव का प्रभाव लगभग नहीं ही होता है| दरअसल ऊँची जातियों ने भारतीय वर्ण व्यवस्था का अपहरण कर इसी वर्ण को जाति घोषित कर दिया है| वास्तव में वर्ण व्यवस्था भारतीय शासकीय सामन्ती व्यवस्था रही, जिसमे सभी जातियों का योगदान उनकी योग्यता एवं कुशलता के अनुरूप होता रहा| बाद में सामाजिक गतिहीनता के कारण ये सामन्ती पद ही जातियों के स्वरुप में घोषित कर दी गई| इसका कोई सामाजिक – राजनीतिक विरोध इसलिए नहीं हुआ, क्योंकि समाज का सक्षम एवं बौद्धिक वर्ग ही इसके पक्ष में खड़ा था और उन्ही के स्वार्थों के पूर्ति करता हुआ था|

इतिहास की वैज्ञानिक व्याख्या करने से यह स्पष्ट होता है कि यह जाति व्यवस्था कुछ ही शताब्दी पुरानी है, यानि इन जातियों का इतिहास भी कुछ ही सताब्दी पुराणी है|

 नौवी, मध्यवर्ती, छोटी एवं अछूत जातियों की जनसंख्यात्मक आबादी तुलनात्मक रूप ने बहुत कम होती है| ब्राह्मणों की पुरे भारत में एक ही जाति है, जबकि अन्य समुदायों की छः हजार से अधिक जातियाँ हैं| इसी कारण किसी ख़ास भौगोलिक क्षेत्र में सदियों से निवास करने के कारण उस क्षेत्र विशेष के प्रति ये तथाकथित निम्न जातियों के सदस्य अनुकूलित हो जाते है और एक विशिष्ट उदविकासीय दिशा में विकसित होकर एक विशिष्ट स्वरुप को पा लेती है| छोटी जातियाँ अंतर्गामी विवाह ही करते हैं| इससे होने वाले उत्परिवर्तन, प्राकृतिक चयन, अनुकूलन के कारण उनके (अवर्ण, शुद्र एवं अछूत के) जीन पूल में ‘आनुवंशिक बहाव’ के कारण ‘जीन पूल’ में गुणों की कमी हो जाती है| जबकि ‘जीनीय प्रवाह’ के कारण ‘जीन पूल’ में गुणों की वृद्धि होती है, जो मध्यवर्ती, छोटी एवं अछूत जातियों की जनसंख्यात्मक आबादी में नहीं होती है| इन्ही कारणों से इन ब्रह्मनेत्तर जातियों के जीन पूल और सवर्ण के जीन पूल में जीनीय भिन्नता पैदा होती है|

दसवी, किसी की जाति के निर्धारण का आधार उसके पूर्व जन्म के कर्म के आधार पर माना जाता है, जिसका वाहक (Transporter) उसका ‘आत्मा’ (Soul) होता है| इस तरह यह ‘जाति व्यवस्थ’ समाज में सामाजिक एवं सांस्कृतिक यथास्थितिवाद को बनाए रखने का एक सुदृढ, व्यवस्थित एवं अपूर्व व्यवस्था है| यह किसी भी व्यक्ति या समाज के दुर्व्यवस्था या दुर्दशा के लिए वर्तमान शासन को दोषमुक्त कर देता है, इस पर विशेष ध्यान दिया जाय| इसका प्रमुख कारण यह है कि किसी की जाति, यानि किसी दुर्दशा, या सुदशा का निर्धारण उसके पूर्व जन्म के जाति के कर्म के फल के अनुसार होता है, और इसी कारण इस वर्तमान जगत में और कोई व्यक्ति या संस्था यानि शासन इस कष्ट के लिए दोषी नहीं होता है| इसी कारण इन जातियों के समुदाय के कष्टों को शासन के द्वारा निवारण करने की भी आवश्यकता नहीं होती है, क्योंकि यह स्वत: अगले जन्म में सुधर जाता है|

ग्यारहवीं, अब आप ‘जाति’ को “जाति के संरचनावाद” (Structralism of Jati) से समझते हैं| जाति व्यवस्था की संरचना में ‘आत्मा’, ‘पुनर्जन्म’, ‘कर्मवाद’, ‘नित्य्वाद’ और ‘ईश्वर’ की अवधारणा एवं मान्यता सुनिश्चित है| अर्थात एक जाति व्यवस्था अपने साथ ही उपरोक्त सभी पाँचों तत्वों को समाहित किये हुए रहती है| ईश्वर इस व्यवस्था की स्थिरता एवं नियमन को सुनिश्चितता देता है| नित्यवाद इस सिद्धांत को नित्यता देता है और ईश्वर की नित्यता को भी सुनिश्चित करता है| इस गूढता को सभी नहीं समझते हैं, क्योंकि इस ओर किसी ने स्पष्ट्या ध्यान ही नहीं दिया है|

स्विस दार्शनिक ‘फर्डीनांड डी सौसुरे’ ने लिखी हुई बातों के शब्दों एवं वाक्यों को समझने के लिए एक नए उपागम (Approach) पर जोर दिया और एक नई दृष्टि दिया| इसने लिखे गए शब्दों एवं वाक्यों के शाब्दिक अर्थ एवं उसके निहितार्थ को समझने के तरीको को प्रमुखता देकर बहुत कुछ बदल डाला| इन्होंने शाब्दिक अर्थो के मकडजाल (The Web of Meaning) की अवधारणा को जन्म दिया एवं संरचनावाद (Structuralism) का सिद्धांत दिया|

इनका कहना है, कि किसी भी शब्द या वाक्य के अर्थ का कोई स्वतंत्र अस्तित्व नहीं होता है, बल्कि उसका अर्थ उसके सन्दर्भ (Reference) एवं पारितंत्र (Ecosystem) यानि पृष्ठभूमि, अन्य शब्द एवं वाक्य के सम्बन्ध में और लेखक की मंशा एवं उद्देश्य में भी होता है| इसे दूसरें  शब्दों में कहा जाय, तो किसी भी शब्द या वाक्य या वाक्य समूह का अर्थ उसकी सम्पूर्ण संरचना से स्पष्ट होता है, अर्थात उसकी समेकित संरचना में निहित होती है| इससे भाषाओं के अध्ययन में एक क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ| शब्द का स्वयं कोई अर्थ नहीं होता, और वह उस पुरे लिखावट के सन्दर्भ में तथा पुरी पारिस्थितिकी (Whole Ecosystem) (समय, स्थान, कालक्रम, परिस्थिति) के सन्दर्भ में होता है|

इस उपागम से ‘जाति व्यवस्थ’ से समझने से उपरोक्त स्थिति स्पष्ट हुई| शायद अब आप ‘जाति व्यवस्थ’ को कुछ बेहतर ढंग से समझने लगे होंगे|

आचार्य निरंजन सिन्हा

भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक 

सोमवार, 3 जून 2024

बुद्ध आज उदास क्यों हैं?

बुद्ध आज जहां भी है और जैसे भी है, बहुत बहुत उदास लग रहे हैं| हालांकि मुझे लग रहा था कि बुद्ध बहुत परेशान हैं, लेकिन सदैव मुस्कुराते रहने वाले बुद्ध तो परेशान हो ही नहीं सकते, इसीलिए मुझे लगा कि बुद्ध उदास ही होंगे। यह भी हो सकता है कि मेरा यह अनुमान गलत हो रहा है, और बुद्ध अभी भी मुस्कुरा रहे हैं, लेकिन क्यों? क्या यह हम भारतियों की नादानी ही उनके मुस्कुराने का कारण है? लेकिन मुझे तो लग रहा है कि इसे हम भारतीयों की मूर्खता ही माननी चाहिए, यह नादानी नहीं है। चूँकि हम भारतीयों के लिए मूर्खतापूर्ण शब्द का उपयोग करना बहुत से लोगों को आपत्तिजनक लग सकता है, इसलिए हमें नादानी शब्द से ही काम चला लेना चाहिए।

बुद्ध पूर्णिमा या गुरु पूर्णिमा के अवसर से ही दुनिया के तमाम बुद्धि के संस्थानों का, यानि शैक्षणिक संस्थानों का सत्र की शुरुआत होती है,। यह ध्यान देने की बात है। यह इतना महत्वपूर्ण है। 

मैं यहां बुद्ध की इस उदासी का संदर्भ भारत से ले रहा हूं। बुद्ध इसलिए उदास हैं, क्योंकि उनकी बौद्धिकता को आज का भारत नहीं अपना रहा है, लेकिन विश्व के उदार विचार के लोगों ने अपनाया और वे सभी विश्व के विकसित देशों की संस्कृति बन गए हैं| कट्टरपंथी विचार के लोग और नादान लोग बुद्ध को यानि बुद्धि को समझ ही नहीं सके और इसीलिए ही ये अभी भी अविकसित देशों की संस्कृति बने हुए हैं। वैसे किसी भी संस्कृति के लोग अपनी खुशफहमी में अपने को विकासशील देश कह कर आनंदित हो सकते हैं, लेकिन ये सभी देश वास्तव में अविकसित हैं ही| बुद्ध का किसी भी  धर्म से कोई भी सम्बन्ध नहीं है, क्योंकि बुद्ध के समय किसी भी परंपरागत धर्म की उत्पत्ति ही नहीं हुई थी| सभी वर्तमान परंपरागत धर्मों की उत्पत्ति और विकास ही सामन्तवाद के उदय के कारण ही और इसीलिए उसी के साथ ही उदय हुआ है|

कृषि के उदय के साथ ही मानव की बुद्धि का विकास शुरू हुआ| मेहरगढ़ क्षेत्र में कृषि के व्यवस्थित उदय के साथ ही उन क्षेत्रों में बुद्धि का व्यवस्थित आगमन हो सका, और इसीलिए सिन्धु घाटी क्षेत्र में बुद्धि से जुड़े संस्थाओं (Institutions) एवं संस्थानों (Institutes) का उदय होने लगा| इसी के साथ ‘बुद्धत्व’ एवं ‘बुद्ध’ की अवधारणा स्थायी हो गई| बुद्धि के इसी परम्परा में गोतम 28वें ‘बुद्ध’ हुए| बुद्ध शब्द का संरचनात्मक अर्थ सिर्फ मानव की बुद्धि से जुड़ा हुआ है। विशिष्ट एवं उत्कृष्ट बुद्धि वाला ही “बुद्धत्व” के पद को प्राप्त कर कोई भी व्यक्ति बुद्ध बनता है, अर्थात ‘बुद्धि’ से ही ‘बुद्ध’ शब्द की उत्पत्ति हुई है| इसीलिए बुद्ध एक नहीं, अनेक हुए| किसी मानव की बुद्धि को ही परिष्कृत, उत्कृष्ट, और विवेकशील होने का तरीका यानि मार्ग ही तो बुद्ध का दर्शन है। इससे आगे बुद्ध नहीं है। आज के परम्परागत धर्म के संदर्भ में तो बुद्ध कहीं नहीं है। बुद्ध के नाम पर वर्तमान में प्रचलित परम्परागत धर्म का भी उदय भी सामन्तकाल में ही हुआ है| यही सब नाटक देख कर बुद्ध को अच्छा नहीं लग रहा है|

बुद्ध के उदासी के कारणों पर आने से पहले उनके व्यक्तिगत और संस्थागत योगदान पर नजर डाला जाय| मानवों में संज्ञानात्मक क्रान्ति, यानि बौद्धिक समझ बूझ कोई साठ हजार वर्ष पूर्व मानी जाती है| मानव के इतिहास में पहली बार इन बुद्धि के संस्थाओं ने इस संज्ञात्मक सूझ बुझ की क्रान्ति का सूत्रीकरण किया| यानि बुद्धि यानि बौद्धिक समझ के इस आविष्कार को व्यवस्थित किया, सरलीकृत किया, एवं एक सूत्र में पिरो दिया| यह सूत्र आज “बुद्धमं शरणम गच्छामि, धम्मं शरणम गच्छामि, संघं शरणम गच्छामि” के रूप में आया| अर्थात बुद्धि के शरण में आओ; उसमे में से जो धारणीय यानि धारण करने योग्य हो, उसे धारण करो; और उसे परिष्कृत एवं व्यवस्थित कने के लिए संघ यानि संगठन में जाओ|

आज लोग मानव की बौद्धिकता यानि बुद्धिमत्ता (Intelligence) के स्वरुप के बारे में बाते करते हैं| कोई बुद्धिमत्ता में सामने वाले की भावनाओं को ध्यान में रखने की बात करता है, तो कोई वर्तमान समाज के स्वरुप एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखने को रेखांकित करते हैं| बुद्ध की बुद्धि में तो इन सबो के अतिरिक्त ‘प्राकृतिक न्याय’, ‘मानवता’ एवं ‘प्रकृति’ अवश्य शामिल रहा है| कहने का तात्पर्य यह है कि बुद्ध ने बुद्धिमत्ता के स्वरुप, गुणों एवं संरचना में ‘मानवता के भविष्य’ को बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान दिया है| आज वैश्विक संगठन UNDP भी अपने ‘16’ “धारणीय लक्ष्यों” में इसे शामिल किए हुए है|

बुद्धि की इसी परम्परा ने सबसे पहले ध्यान करने की एक विधि का ईजाद किया, जिसमे अपनी सांसों को नाक के माध्यम अन्दर जाने एवं बहार निकलने को स्पर्श करने की अनुभुति पर ध्यान देने की बात है| इसे ‘विपसना’ (विपश्यना) कहा जाता है| कालांतर में इसी मूल स्वरुप के आधार पर कई अन्य स्वरुप विकसित होते गये| यह अपने स्वयं के अवलोकन की विधि है, जिससे मानव में संकेन्द्रण की क्षमता भी विकसित होती है| यह विधि शायद बुद्धों की परम्परा में गोतम ने सर्वप्रथम दिए| इस विधि से कोई भी अपने मूल एवं मौलिक स्वरुप को उसी अवस्था में देख, समझ एवं बदल सकता है| इससे जीवन के प्रति मानव का नजारिया बदल जाता है| यह विधि अपने ‘आत्म’ (Self) को ‘अधि’ (ऊपर) से यानि ‘अनन्त प्रज्ञा’ से जोड़ने की सरल, साधारण एवं सूक्ष्म प्रक्रिया को अपनाती है| इसी ‘आत्म’ को ‘अधि’ से जोड़ने को प्रक्रिया को “अध्यात्म” कहा जाता है|

बुद्ध ने मानव जीवन की सफलता के लिए एक आठ सूत्री (आष्टांग) मार्ग बताया. जो लोगों में “मध्यम मार्ग” के रूप में आज भी ज्ञात है| इसके प्रत्येक सूत्र का एक व्यापक, विषद एवं गहरा अर्थ निकलता है| ‘सम्यक’ एक ऐसा लचीला शब्द है, जिसे सन्दर्भ, पृष्ठभूमि, वातावरण, पारितंत्र, आवश्यकता एवं ज्ञान के स्तर के अनुसार व्याख्यापित किया जा सकता है, या किया जाता है| इसके प्रत्येक सूत्र काफी ध्यान देने योग है, लेकिन इस पर इसके तथाकथित अनुयायी कभी चर्चा भी करते हों| यही सब सूत्र किसी के लिए भी व्यवहारिक सफलता के सूत्र हैं|

बुद्धों ने “विज्ञान” की नीव डाली| यदि आप लेखक फ्रांसिस बेकन पर ध्यान दें, तो आपको यह स्पष्ट होगा कि उसने बुद्धों के जीवन दर्शन को गहनता और गंभीरता से अध्ययन किया है| बुद्ध ने हर बातों एवं विचारों को तार्किकता की कसौटी पर कसने को कहा| हर घटना का कोई कारण अवश्य रहा है, जिसके परिणामस्वरूप वह घटना घटी| इसने हर विचारों एवं घटनाओं के कारणों को समझने के लिए ‘प्रश्न खड़ा करने’, यानी ‘शंका’ करने को प्रमुखता दिया| इन्होने ‘आस्था’ को महत्व नहीं दिया| यही सवाल खड़ा करना आज भी विज्ञान के विकास का मूल आधार है| इसने इसी तर्क के साथ किसी भी ‘ईश्वर’ की अवधारणा का खंडन किया| ‘ईश्वर’ एक ऐसा व्यक्ति होता है, जिसने विश्व का निर्माण किया, अभी भी सञ्चालन करता है, नियमन करता है, और कुछ अपने तथाकथित एजेंटों के माध्यम से सुनता भी है| इसी के साथ उसने किसी भी जीवात्मा’, उसके ‘पुनर्जन्म’ और ‘कर्म के किसी परिणाम का आत्मा के साथ ‘अंतरण’ यानि ‘यात्रा’ का खंडन किया हैं| इन्ही अवधारणाओं ने विज्ञान को अग्रसर होने का मार्ग प्रशस्त किया| आधुनिक विज्ञान इसके लिए बुद्धि के इस देव का आभारी है|

आधुनिक युग में तो मार्केटिंग की अवधारणा एवं तकनीक की धूम मची हुई है| आज वस्तुओं. सेवाओं, संपदाओं, व्यक्तित्व, घटनाओं, स्थलों, नीतियों, विचारों, आदर्शों, इत्यादि सभी को मार्केटिंग की आवश्यकता है| बदलते तकनिकी, सामाजिक एवं सांस्कृतिक दौर में मार्केटिंग के स्वरुप बदलते जा रहे हैं, लेकिन इसकी मूल एवं मौलिक अवधारणा अभी भी स्थिर है| आधुनिक मार्केटिंग गुरु ‘फिलिप कोटलर’ ने तो मार्केटिंग के बदलते स्वरुप के आधार पर ‘मार्केटिंग -1’ से शुरू कर आज ‘मार्केटिंग -6’ की अवधारणा तक चले गये हैं| जब मैं बुद्धि के इन भारतीय सृजन कर्ताओं को देखता हूँ, तो पाता हूँ कि बुद्ध ने जिन विचारों की मार्केटिंग आज से ढाई हजार साल पहले इस तरह से की गयी थी कि हमलोग आज भी उस पर विमर्श कर रहे हैं| बुद्ध का दस ‘प्रज्ञा पारमिता’ हैं, जो सभी मार्केटिंग व्यक्तियों के अनिवार्य गुण एवं विशेषता हैं| आप कह सकते हैं कि बुद्ध मार्केटिंग के आज भी पितामह हैं| आप इनसे आज भी मार्केटिंग की विद्या ग्रहण कर अपने सफल बना सकते हैं|

बुद्ध ने ‘अनित्यवाद’ के सिद्धांत देकर सभी को यह स्पष्ट कर दिया कि कोई भी चीज नित्य या स्थायी यानि स्थिर नहीं रह सकता| आपकी सुख, दुःख, कष्ट आदि सभी कुछ बदलते रहने वाला है| इसके लिए आपको सिर्फ अपनी नजरिया बदलने हैं. सब कुछ बदलने लगता है| अल्बर्ट आइन्स्टीन ने “समय” को एक चौथा आयाम बता कर इनके अनित्यवाद को भौतिकी विज्ञान में भी स्थान सुनिश्चित कर दिया| सैद्धांतिक विज्ञानी अपनी गणितीय गणनाओं से अभी और आठ आयामों के अस्तित्व की घोषणा करते हैं, जो अभी भी भविष्य के गर्भ में है| आज भी न्यूकिलीयर वैज्ञानिक बुद्ध के ज्ञान एवं दर्शन में बहुत कुछ समझना चाहते हैं| दरअसल यह सब ज्ञान मानव के बुद्धि यानि बुद्धों के प्रारंभिक काल से संचित होता गया|    

भारतीय लोगों ने बुद्ध के यानि बुद्धि के मूल और मौलिक स्वरूप को छोड़कर बुद्ध के जीवन सिद्धांत, सफलता का विज्ञान और दर्शन को परम्परागत धर्म का स्वरूप दे दिया है। वही परम्परागत धर्म जिले मार्क्स ने अफीम कहा था। मानवीय बुद्धि के विकास में उनके योगदान को पूर्णतया छोड़ दिया है। बुद्ध की उदासी एक व्यक्ति के रूप में भी है और एक संस्था (Institution) के रूप  में है। ध्यान रहे कि मैंने एक संस्था के रूप में कहा है, किसी संस्थान (Institute) के रूप में नहीं। आज भारत में बुद्ध के दर्शन के अनुयायियों को एक ख़ास रंग के वस्त्र, एक ख़ास आकृति, कुछ कर्मकांड तक सीमित कर दिया है| आज भारत में बुद्ध के तथाकथित अनुयायियों में लगभग दो ही तरह के लोगों का बाहुल्य है – पहले में वैसे लोग हैं, जिनकी सामाजिक सांस्कृतिक स्तर ऐसा है कि वे किसी परंपरागत धर्म के बिना जी नहीं सकते और परम्परागत प्रचलित धर्म में उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल रहा है, और दूसरे में वैसे लोग हैं जो अपने को बुद्ध के वंशज समझ रहे हैं, यानि इनका आज की जाति बुद्ध की तथाकथित जाति से मिलती है, और इसीलिए वे उनके उपासक बनने की घोषणा किये हुए हैं| ध्यान रहे कि प्राचीन काल में किसी भी जाति या जाति की व्यवस्था का अस्तित्व ही नहीं था|

मतलब यह कि इन दोनों समूहों में से किसी ने भी बुद्ध के दर्शन, ज्ञान एवं समझ पर इनके अनुयायी नहीं हुए हैं, भले ही अब इनके बौद्धिकता के अनुयायी का गौरव मानते हैं| चूँकि इनके तथाकथित बौद्ध होने का आधार ही बुद्ध के दर्शन, ज्ञान एवं समझ नहीं है, इसलिए ये लोग कभी भी बुद्ध के दर्शन, ज्ञान एवं समझ पर विमर्श या परिचर्चा नहीं करते हैं| वे लोग सिर्फ बुद्ध के नाम पर एक पारंपरिक कथा उवाच ही करते पाए जाते हैं| चूँकि बुद्ध के नाम जोड़ लेने से ही इनको सम्पूर्ण बौद्धिकता के ज्ञान, समझ एवं अनुभव होने का गौरव प्राप्त हो गया है, इसलिए वे चाहते हैं कि भारत की बहुसंख्यक आबादी भी इनकी धारा से जुड़ जाय, लेकिन बहुसंख्यक आबादी इनसे दूरी बनाये हुए है| 

इसलिए तो बुद्ध इन भारतियों की मानसिकता को देख समझ कर ही उदास हैं|

आचार्य निरंजन सिन्हा

भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक 

शनिवार, 1 जून 2024

जाति जरुरी क्यों है?

सवाल यह है कि ‘जाति’ यानि ‘जाति व्यवस्था’ हमारे लिए क्यों बहुत जरुरी है? मैंने समाज में ध्यान दिया है कि यदि समाज से ‘जाति’ की व्यवस्था ही समाप्त हो जाए, तो इसके क्या क्या परिणाम हो सकता है? ‘जाति’ के समाप्त हो जाने की स्थिति में हमारे समाज में सामाजिक उत्थान करने के नाम पर कार्यरत सारे ऐसे सारे सामजिक नेता बेरोजगार हो जायेंगे, क्योंकि उनकी सारी गतिविधियाँ ही इसी ‘जाति’ और ‘जाति व्यवस्था’ के केंद्र के चारो ओर घुमती रहती है| इन्ही लोगों के रोजगार के लिए ही जाति व्यवस्था की अनिवार्यता है, अन्यथा यह मानवता के मुखड़ा पर मवाद भरा जख्म है, एक सडांध है। वे लोग कभी यह बात नहीं करते कि भारत में ‘जाति व्यवस्था’ कैसे समाप्त किया जा सकता है?  वे लोग  तो ‘जाति’ को मजबूत करने के नाम पर ‘जाति व्यवस्था’ को ही मजबूत करने पर लगे हुए हैं|

दरअसल भारत में एक जाति को एक ‘विस्तारित परिवार’ (Extended Family) ही माना जाता है| अर्थात एक ही जाति के सभी लोग एक ही विस्तारित परिवार के सदस्य माने जाते है| इसे ‘संयुक्त परिवार’ नहीं समझा जाय| अब तो ये जातिवादी सामाजिक नेता समाज के अन्य मुद्दे को भी जाति से जोड़ने लगे हैं, जिनमे सांस्कृतिक, आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षणिक आदि क्षेत्र भी समाहित होता जा रहा हैं| भारत में यह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से सभी जातियों में ऐसे ही नेतृत्व की प्रवृति हो गई हैं| ऐसे सभी नेतागण आपको कई उदाहरण से संतुष्ट कर देंगे कि वे कोई असामाजिक और राष्ट्र विरोधी हरकत नहीं कर रहे हैं| यही जाति तो इन सामाजिक नेताओं के आगे बढ़ने की राजनीतिक सीढियाँ है| इसे आप उस जाति वर्ग का “सामाजिक पूंजी” (Social Capital) बनाना भी समझ सकते है| इन सामाजिक नेताओं के कार्य या कार्य पद्धति की एक ख़ास विशेषता यह है कि यह सब ‘जाति व्यवस्था’ को नष्ट करने और जाति मुक्त एक प्रगतिशील एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण के नाम पर यह सब कर रहे है| ‘जाति’ के कथाकथित समाज के ‘उत्थापक नेता’ अपने को जाति व्यवस्था’ के सख्त विरोधी भी दिखाने का भरपूर प्रयास भी करते होते हैं|

अब तो भारत में ‘जाति’ और परंपरागत ‘धर्म’ राजनीतिक हितों को साधने के महत्वपूर्ण ‘उपकरण’ (Tools) हो गये हैं| हालाँकि भारत में इसका विकास आजादी के कुछ वर्षों बाद हुआ है, पर अब यह अपने पुरे आवेग में है| अब सभी राजनीतिक और गैर राजनीतिक संगठन एवं दल ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ को एक घातक ‘हथियार’ (Weapon) के रूप में प्रयोग करने लगे हैं, और इसीलिए इसे ‘उपकरण’ कहने से एक नाइंसाफी हो जाता है| आज के सभी सफल राजनीतिक संगठन एवं दल अपने उम्मीदवारों का चयन भी इसी ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ को ध्यान में रख कर करते हैं और सफलता भी पाते हैं| सामान्य लोगों को एवं तथाकथित बुद्धिजीवी लोगों को भी इस ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ की भावनात्मक हवा में उड़ा ले जाना बहुत आसन होता है| इसके लिए भी जाति आधारित समूह और संगठन की आवश्यकता हो जाती है और इसीलिए सभी राजनीतिक दलों के लिए भी यह ‘जाति व्यवस्था’ जरुरी हो जाता है| इसीलिए भी कोई राजनीतिक दल इसे राष्ट्र के विरुद्ध होने के बावजूद भी इस ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ की व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना चाहते हैं|

इसीलिए समाज के तथाकथित बड़े बड़े बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठन भी जिस राजनीतिक दल एवं संगठन का पुरे चार साल ग्यारह महीने और उनतीस दिन तक नकारात्मक आलोचना करते रहते हैं, वे सभी बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठन चुनाव में अपने ‘मत’ के उपयोग में इसी ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ के चश्मे का प्रयोग करते हैं और अपने तथाकथित सिद्धांतों के विरुद्ध ‘मत’ देते हैं| ‘जाति’ और ‘परंपरागत धर्म’ के सम्बन्ध में हमारा यह चरित्र अब भारत का राष्ट्रीय चरित्र बन चुका है| यही हमारा “दुहरापन” (Dual) का चरित्र भी अब राष्ट्रीय चरित्र बन गया है, लेकिन ऐसे मामलें में हम राजनीतिक नेताओं को भरपेट कोसते रहते हैं| हमारे ये तथाकथित बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठन यह समझना ही नहीं चाहते हैं कि हमारे ये नेता भी हमारे ही राष्ट्रीय चरित्र की उपज हैं, जिसको हम आम आदमियों ने ही जन्म दिया और पाला पोसा है| इसीलिए हमारे नेतागण भी इसी दोहरेपन को लिए चलते हैं|

ये जातिगत नेता अब जमात यानि बड़े सामाजिक वर्ग की राजनीति छोड़ कर अपनी ‘जाति’ तक ही सीमित होने लगे हैं| इसीलिए वे अपनी जाति के इतिहास को गौरवमयी बनाने के लिए अपनी जाति के इतिहास को सूरज और चाँद की उत्पत्ति तक, तो कुछ तथाकथित सामाजिक विद्वान् इस इतिहास को अन्गारालैंड एवं गोंडवानालैंड की उत्पत्ति तक ले जाते हैं, मानों कि होमो सेपियंस यानि हम मानवों की उत्पत्ति भी नहीं हुई थी और जाति की व्यवस्था अपने अस्तित्व में आ गया था| मुझे ऐसे अतार्किक एवं तथ्यहीन बातों को कहने वाले महानुभावों पर कोई टिपण्णी नहीं करनी चाहिए| यदि कोई अपने ‘पेशा’ का इतिहास लिखे, तो उसका कोई इतिहास हो सकता है, लेकिन एक जाति का इतिहास तो प्राचीन काल में जा ही नहीं सकता|

जाति व्यवस्था भारत में कुछ शताब्दियों से व्याप्त है, लेकिन अधिकतर ग्रंथों में इसे सहस्त्राब्दी पुरानी भी बताई जाती है, जिसका कोई भी ‘प्राथमिक प्रमाणिक साक्ष्य’ नहीं मिलता है| इसके सहत्राब्दी पुराने होने का कोई भी पुरातत्विक प्रमाण नहीं है, और इसीलिए इसका ‘द्वितीयक प्रमाणिक साक्ष्य’ भी प्रमाणिक नहीं है| इसके सहत्राब्दी पुराने होने की बात सभी ग्रंथों में बिना किसी प्रमाणिक साक्ष्य के सिर्फ मिथकों के आधार पर ही रच दिया गया है| दरअसल इस ‘जाति व्यवस्था’ की उपज ही सामन्तवादी शक्तियों के उदय एवं विकास से हुआ और इसी के साथ ही और विकसित होता गया| कोई भी ‘जाति’ प्राचीन काल में नहीं रहा है|

भारत की यह जाति व्यवस्था विश्व में और कहीं नहीं है| यह सिर्फ वर्ग विभाजन का एक समूह नहीं है, बल्कि यह कभी नहीं बदलने एक स्थायी और स्थिर वर्गगत ढाँचा भी है, जो इस जन्म में कभी भी और किसी भी परिस्थिति में नहीं बदल सकता है| इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है जी इसमें एक निश्चित ‘स्तरीकरण’ (Stratification) होता है, जिसमे एक सर्वोच्च को छोड़ कर हर कोई किसी अन्य से नीचे रहता है| ऐसी विशिष्ट व्यवस्था विश्व के अन्य किसी भी हिस्से में नहीं पाया जाता है|

दरअसल ‘Caste’ एक पुर्तगाली उत्पत्ति का एक ‘वर्ग विभाजन’ करने वाली संरचना लिए एक शब्द है, लेकिन इस Caste को कोई भी अपनी सामर्थ्य, योग्यता एवं उपलब्धि से अपने इसी जीवन में बदल सकता है| लेकिन भारत में कोई भी अपनी जन्मगत जाति को कभी भी बदल ही नहीं सकता हैं| इसी कारण कुछ समाजशास्त्री इसका अंग्रेजी अनुवाद “Caste” को “पश्चिमी जगत” को भरमाने के लिए एक गहरा और भयानक बौद्धिक षड़यंत्र भी मानते हैं| ऐसे समाजशास्त्री इसका अंगेजी अनुवाद “Jati” ही रखना चाहते हैं, जैसे भारतीय साड़ी, धोती आदि का अंग्रेजी अनुवाद होता है|

‘राष्ट्र’ हित में, ‘मानवता’ के हित में और ‘प्राकृतिक न्याय’ (Natural Justice) के हित में इस ‘जाति’ एवं ‘जाति व्यवस्था’ को समाप्त होना चाहिए| लेकिन इसके समापन के लिए भी इसकी उत्पत्ति एवं विकास के वैज्ञानिक कारण यानि सिद्धांत समझने होंगे| वैज्ञानिक यानि विज्ञान आधारित कहने का तात्पर्य इस सिद्धांत यानि कारण को तार्किक, विवेकशील. व्यवस्थित होने के साथ साथ इसे तथ्यात्मक, यानि सक्ष्यात्मक भी होना चाहिए| वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के सिद्धांतों की व्याख्या, यानि इन सिद्धांतों की उत्पत्ति की व्याख्या कई बार पहले तार्किक आधार ही होता हैं और उसके सक्ष्यात्मक आधार बाद में जुड़ते हैं| मैंने भी जाति उत्पत्ति की सैद्धांतिक व्याख्या की है, जो तार्किक भी है|

जाति व्यवस्था की उत्पत्ति एवं विकास का मध्य काल में होने के सम्बन्ध एक वैज्ञानिक प्रसंग देना चाहूंगा| इस प्रसंग में मैं महान वैज्ञानिक पीटर हिग्स (Peter Higgs) का एक उदहारण पेश करना चाहूंगा| इन्होने “हिग्स बोसॉन” कणिकाओं के अस्तित्व की सैद्धांतिक व्याख्या 1964 में ही कर दी थी, जिसका प्रायोगिक प्रमाण जेनेवा के महान प्रयोगशाला सर्न (CERN) ने 2013 में अंतिम रूप से किया गया और इसके लिए ही उन्हें 2013 का भौतिकी का नोबल पुरस्कार भी मिला| आज यही कण “गाड़ पार्टीकल” (GOD PARTICLE) के नाम से विख्यात है| कहने का तात्पर्य यह हुआ कि उनकी तार्किक बातों को सैद्धांतिक रूप में भी 48 वर्षों तक नहीं माना गया, लेकिन जब उनके प्रमाणिक साक्ष्य मिले, तो  उनके सिद्धांत को मान्यता भी मिली| यही बात मेरी जाति की उत्पत्ति सम्बन्धी सिद्धांत की है, जिसके साक्ष्य नजरिये को बदलने से मिलेंगे| वैसे इस सिद्धांत के भी प्रमाण भारत में बिखरे पड़े हैं, सिर्फ उसे तलाशने की नजरिए से तलाशना है|

‘जाति व्यवस्था’ के विनाश के लिए एक ही “माडल” काफी है, जिसे प्रशासनिक तंत्र ही सफल करा सकता है| इस ‘जाति व्यवस्था’ को कोई भी लोकतान्त्रिक व्यवस्था एक झटके से समाप्त कर सकता है, यदि वह ऐसा करने की मंशा रखता है|

आचार्य  प्रवर निरंजन जी

भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक 

गुरुवार, 30 मई 2024

हमलोग परेशान क्यों हैं?

दरअसल परेशानी से ही हमारा उद्विकास (Evolution) हुआ है| अर्थात हमारे होमो सेपियंस (पशु मानव) बनने की कहानी भी हमारी परेशानी से ही शुरू हुआ है| जब हमारे पूर्वज वानर (Ape) थे, और पेड़ों पर जीवन व्यतीत कर रहे थे, उसी समय कोई मजबूत वानर या बन्दर या कोई अन्य ने एक कमजोर वानर को पेड़ से धकेल कर गिरा दिया और फिर उसे पेड़ों पर चढ़ने भी नहीं दिया| वह कमजोर और डरा हुआ वानर धरती पर विचरण करने वाले अन्य घातक एवं हिंसक जीवों से अपनी जान बचने की जुगत करने लगा| इसी जुगत में उसे बार बार पिछले टांगों पर खड़े होकर अपने आसपास के खतरों का मुआयना  करना उसके लिए बहुत जरुरी हो गया| इससे उसके अगले दोनों पैर अन्य कामों के लिए स्वतंत्र हो गया और वह ‘’हाथ’’ के रूप में विकसित होने लगा| एक डरे हुए वानर को अपनी अस्तित्व बचाने के लिए मानसिक रूप से सक्रिय, सजग एवं सचेत रहना पड़ा, और इसी प्रक्रिया ने उसे बौद्धिक भी बना दिया|

जीवन की इसी परेशानी ने हमें वानर जैसे एक पशु से ‘होमो सेपियंस’ (बुद्धिमान मानव), ‘होमो सोसियस’ (सामाजिक मानव), ‘होमो फेबर’ (निर्माता मानव) और अब “होमो साइन्टिफिक” (वैज्ञानिक मानव) बना दिया| आज भी परेशानी यानि समस्याएँ ही हमें इनके निराकरण के लिए प्रेरित करते हैं, जो आविष्कार और खोज के रूप में हमारे सामने आकर समस्यायों का समाधान देते हैं और बौद्धिक रूप में अग्रसर होने देते हैं| इसलिए परेशानी को किसी बड़े संभावना के यानि किसी अवसर के रूप में देखना चाहिए| जब हम किसी स्थिति में परेशान होते हैं, तभी ही हम उसके समाधान के लिए प्रेरित होते हैं, तत्पर होते हैं और उसका समाधान निकाल कर समग्र मानवता को अग्रसर भी करते हैं| वैसे परेशानियाँ दूसरे से तुलना करने और अपनी इच्छाओं को तीव्र करने से भी आती है, हालांकि यही प्रेरणा का भी कार्य करता है। यह सब हमारे नजरिया पर भी निर्भर करता है। 

लेकिन यहाँ यह सन्दर्भ नहीं है| अभी हमलोग जो वर्तमान में परेशान है, उसके बारे में समझना जानना चाहते हैं और उसका समाधान खोजना चाहते है| तो हमलोग वर्तमान मानव की वर्तमान परेशानियों की जड़ों को खोजने की ओर चलते हैं, जहाँ से ही हमें इसका समुचित समाधान मिल सकता है| जब हम वर्तमान समस्यायों का विश्लेषण तथा मूल्याङ्कन करते हैं एवं उस पर विभिन्न दृष्टिकोणों से सवाल खड़ा करते हैं, तब ही हम उनकी जड़ों तक पहुँच पाते हैं| कोई भी आदमी उसी समय परेशान होता है, जब वह बदलते हुए परिवार, समाज, संस्कृति, सन्दर्भ, वातावरण और परितंत्र की जड़ता (Inertia) में होता है| अर्थात वह बदलती हुई परिवार, समाज, संस्कृति, सन्दर्भ, वातावरण और परितंत्र के मूल्यों, मानकों और प्रतिमानों के अनुरूप अपने को अनुकूलित (Adoptation) यानि ढाल नहीं पाता है| यानि वह बदलते हुए माहौल मे समायोजन (Adjust) नहीं कर पाता है| वह बदलते हुए परिवार, समाज, संस्कृति, सन्दर्भ, वातावरण और परितंत्र के मूल्यों, मानकों और प्रतिमानों के अनुरूप अपने को इसलिए ढाल नहीं पाता है, क्योंकि वह इसकों बदलने वाली शक्तियों, प्रक्रियायों और प्रभावों को ही नहीं जानता और समझता है|

व्यक्ति, परिवार, समाज, संस्कृति, सन्दर्भ, वातावरण और परितंत्र को बदलने वाली शक्तियों को समकालिक या समकालीन शक्तियां कहते हैं| यह ‘बाजार की शक्तियां’ (Market Forces) होती है, जो उपभोग, उत्पादन, वितरण एवं विनिमय के साधनों एवं शक्तियों द्वारा संचालित, नियमित, नियंत्रित एवं प्रभावित होती है| यही ‘आर्थिक शक्तियों’ (Economic Forces) हुई| इसका प्रभाव सम्पूर्ण सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, बौद्धिक, राजनीतिक, धार्मिक पर आच्छादित होता हैं| यह प्रभाव अपने परिणाम में इतने सूक्ष्म (Micro) होता है, कि इसका अहसास सामान्य आदमी को अपने जीवन में अपनी शारीरिक संवेदनाओं से नहीं हो पाता है| इसके तत्काल प्रभाव को जानने और समझने के लिए मानसिक संवेदनाओं को सक्रिय करना पड़ता है| यहाँ मानसिक संवेदनाओं से तात्पर्य आपकी ‘आलोचनात्मक चिंतन’ (Critical Thinking) है, या हो सकता है| यही सूक्ष्म प्रभाव इतिहास के लम्बे काल में समेकित होकर स्थूल (Macro) हो जाता हैं, और तब इसे कोई भी शारीरिक आँखों से देख समझ सकता है| इन्हीं शक्तियों की क्रियाविधि और प्रभावों को नहीं जान पाने के कारण ही साधारण मानवों की भावनाओं, विचारों एवं व्यवहारों में सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, बौद्धिक, राजनीतिक, धार्मिक जड़ता आ जाती है| इस जड़ता का अहसास डिग्रीधारी व्यक्तियों को भी नहीं हो पाता है| ऐसा ही व्यक्ति अपने बदलते हुए परिस्थितियों नहीं समझ पाने के कारण ही अपने को बदलने की तैयारी भी नहीं कर पाता है|  इसलिए सभी को चाहिए कि वह बाजार की शक्तियों की क्रियाविधि, प्रक्रिया एवं प्रभावों को जाने और समझें|

ऐसा ही अज्ञानी और जड़ता में जड़ा हुआ आदमी अपने परिवार, समाज, संस्कृति, सन्दर्भ, वातावरण और परितंत्र में दोष ही देखता रहता है, और दोषारोपण करते हुए इस धरती से विदा भी हो जाता है, लेकिन अपनी समझ में दोष नहीं देख पाता है| चूँकि वह बाजार की शक्तियों को ही नहीं समझ पा रहा है, तो वह अपने परिवार, अपने समाज और अपनी संस्कृति के सदस्यों को क्या समझा पायेगा? ऐसा व्यक्ति अपनी समस्यायों की जड़ यानि कारण दरअसल अपने अग्रेत्तर वंश, यानि अपने बेटें, बहुए, बेटियों और दामाद या परिवार के अन्य सदस्यों में ही खोजने तक सीमित रहता है| वह अपनी सारी समस्यायों का सूत्र उसी में खोजता और देखता रहता है, और उसे बदलते समय में अपने में कोई भी कारण नहीं दिख पाता है| ऐसा व्यक्ति जब उन शक्तियों की क्रियाविधि को ही नहीं समझ है, तब वह व्यक्ति नहीं तो खुद को बदलाव के लिए तैयार कर पाता है और नहीं ही अपने अगले पीढ़ी को ही इसके लिए तैयार कर पाता है| ऐसा व्यक्ति यह समझता है कि बच्चों को पालना, पढ़ाना,और अपने परिवार को पोषने लायक बना देना ही उसके जीवन उद्देश्य का इतिश्री है| वह सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों और उनकी आवश्यकताओं को नहीं समझता है और इसीलिए उन्हें ऐसे संस्कार भी नहीं दे पाता है|  इसीलिए कहा गया है कि ‘रोपे पेड़ बबूल के, आम कहाँ से होय”|

ऐसा ही व्यक्ति पशुवत होता है, जो एक पशु की तरह बच्चे जनता है, पालता है, और उसे ही देखते हुए मर भी जाता है| मानव तो वह होता है, जिसके सोच में, यानि मानसिकता में समाज, मानवता और प्रकृति समाया हुआ होता है| आप इसे ऐसे भी कह सकते हैं कि एक मानव की मानसिकता में जब मानवता का भविष्य समाहित रहता है, तभी यह मानसिकता किसी भी व्यक्ति या सामज को महान बना देता है, अन्यथा वह तो एक साधारण पशु मात्र है| इसीलिए समाज, मानवता और प्रकृति के कल्याण को जीवन का उद्देश्य बनाने के लिए कहा जाता है| यही जीवन उद्देश्य जीवित रहने और कार्यशील रहने की प्रेरणा देता रहता है और ऐसा ही आदमी ज्यादा दिनों तक कार्यशील भी रहता है|

बुद्ध ने तो परेशानियों के समाधान के लिए “आत्म अवलोकन” की विधि बतायी है, जिसे ‘विपस्सना’ भी कहा जाता है|  इसमें ‘आत्म’ का ‘अवलोकन’ किया जाता है| इसमें ‘स्वयं’ को जाना समझा जाता है| जो अभी आपको बहुत परेशानी दे रहा है, वह सिर्फ सन्दर्भ बदल देने से यानि नजरिया बदल लेने से ही बदल जाता है, यानि समाप्त हो सकता है| आप चीजों को ‘सापेक्षता’ (Relativity) के सन्दर्भ में समझना शुरू कीजिए, सब कुछ बदल जायगा| आप अपने को बदलते हुए वातावरण में यानि सन्दर्भ में अपने को समायोजित करना सीखिए| आप बाजार की शक्तियों को बदल नहीं सकते, सिर्फ समझ सकते हैं और अपने को अनुकूलित कर सकते हैं| इसीलिए समायोजन करना ही एक समुचित मार्ग है| समय से पूर्व इसकी तैयारी भी एक विकल्प है| आप समस्यायों में संभावना खोजिए, आप आनन्दित रहिएगा| यदि आप ऐसा नहीं करना चाहते हैं, तो मध्यम मार्गी बनिए| आपकी परेशानियां आपसे दूर रहेगी| 

आचार्य प्रवर निरंजनजी

 

 

 

बुधवार, 15 मई 2024

भारतीय संस्कृति की गौरवमयी विरासत

भारतीय संस्कृति ही हमारी महान विरासत है। हम समस्त भारतीयों को भारत के उत्थान और पुनरोद्धार के लिए भारतीय सांस्कृतिक पुनरोद्धार करना होगा, और यह सब पुरोहितों और संस्कारको के माध्यम से ही होगा। संस्कृति ही समाज को संचालित करने वाला साफ्टवेयर है। यदि हमलोग भारतीय संस्कृति को जानना समझना चाहते हैं, यदि हमलोग भारतीय संस्कृति की विशालता, भव्यता, सनातनता यानि निरंतरता, और गौरवमयी उत्कृष्टता को मानने पर गर्व करना चाहते हैं, यदि हमलोग उस भारतीय संस्कृति को फिर से पुनर्स्थापित करना चाहते हैं जिसके कारण प्राचीन काल  में भारत विश्व गुरु बन गया था; तो हमें उसके लिए महान भारतीय संस्कृति के निर्माण करने वाले कारकों – ‘पुरोहितों’ और ‘संस्कारर्कों’ को अच्छी तरह से जानना समझना चाहिए| आज हमलोग एक बार फिर से पुरोहित और संस्कारक को समझते है, उनकी भूमिका को व्यक्ति, समाज, संस्कृति, राष्ट्र, देश, और मानवता के संदर्भ में समझते हैं, और आज के संदर्भ में इन दोनों के प्रशिक्षण एवं शोध मिशन की अनिवार्यता का विवेचन करते हैं। अर्थात आज हमलोग ‘पुरिहिती’ और ‘संस्कारक’ का संरचनात्मक अर्थ यानि आशय समझते हैं, फिर आगे बढ़ते हैं|

भारत में आज प्रचलित ‘पुरोहिताई’ एवं ‘संस्कार’ बहुत ही संकुचित हो गया है, और इसीलिए यह बहुत ही उपेक्षित भी हो गया है| इन कार्य क्षेत्रों में लगे हुए अधिकतर लोगों की यह स्थिति है कि वे लोग अपनी शानदार आजीविका के नहीं मिलने पर ही इस क्षेत्र में पदार्पण करते हैं, या कर रहे हैं| कहने का तात्पर्य यह है कि इस कार्य क्षेत्रों में लगे हुए लगभग सभी लोगों की प्राथमिकता में यह क्षेत्र नहीं रहा है| इसी कारण इस क्षेत्र में अशिक्षित, या अल्प- शिक्षित, संस्कारविहीन, कामी, लोभी और अज्ञानी लोगों की भीड़ बढती जा रही है| इसमें ऐसे लोगों की बहुलता हो गई है, जिनको भारतीय महान संस्कृति के तत्व, दर्शन और आधार की कोई समझ या जानकारी ही नहीं है| यही स्थिति भारतीय शानदार संस्कृति का सबसे दुखदायी पक्ष है और स्थिति है| और हमलोगों को इस पक्ष एवं स्थिति पर गंभीरता से तत्काल विमर्श करना चाहिए, या कहें कि इस की गई शुरुआती विमर्श में सक्रिय सहभागी बनना चाहिए| इसके लिए यानि इसकी पुनर्स्थापना के लिए भारत के सभी वर्गों, सभी समाजों, सभी पंथों एवं धर्मों, सभी क्षेत्रों एवं सभी संस्कृतियों के लोगों की सक्रिय भागीदारी की अनिवार्यता है|

मैं भारतीय संस्कृति की बात कर रहा हूँ, जिसे मध्य काल में ‘हिन्द’ की संस्कृति भी कहा गया| यह ‘हिन्द’ या ‘हिन्दू’ शब्द एक भौगोलिक भावार्थ का बहुत ही व्यापक एवं विस्तृत अवधारणा है| इस तरह ‘हिन्द या हिंदवी’ संस्कृति और भारत की संस्कृति कई अर्थों में एक ही है| चूँकि यह शब्द इधर एक शताब्दी से धार्मिक स्वरुप भी ले लिया है, इसीलिए विवादस्पद मानते हुए इसे फिलहाल आगे के विमर्श के लिए स्थगित कर देना चाहिए| कहने का तात्पर्य यह है कि यह भारतीय संस्कृति ही हमारी संस्कृति है, और इसीलिए हमारी गौरवशाली विरासत भी है| संस्कृति एक व्यापक और गहन भावार्थ का अवधारणा है, जिस पर अल्प जानकार लोग बड़ी बड़ी भावनात्मक व्याख्या देते रहते हैं, हालाँकि उनको संस्कृति के बनावट, निर्माण एवं विकास की प्रक्रियायों की अच्छी समझ नहीं होती है| यदि हम भारत के सभी संस्कृतियों को ध्यान में रख कर यह पुरोहित एवं संस्कारक का प्रशिक्षण एवं शोध मिशन को आगे बढ़ाते हैं, तो जल्दी ही भारत विश्व के सभी धर्मों –पंथों के संस्कृतियों के लिए पुरोहित एवं संस्कारक ही तैयार नहीं करेगा, अपितु यह यह संसार के विविध समस्यायों एवं पहलुओं को कई पक्षों, संदर्भो एवं नजरियों से देखने समझने और उसके समाधान प्रस्तुत करने में भी सहयोग एवं पथ प्रदर्शन करेगा| यह वास्तव में मानवता और प्रकृति की अपूर्व सेवा होगा| इस तरह भारत एक बार फिर से वैश्विक गुरु की भूमिका में आ जायगा| आज वैश्विक संगठन “संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम” (UNDP) के सोलह “धारणीय” (Sustainable) लक्ष्यों में भी यह मिशन कई लक्ष्यों में भी सहयोग करता दिखता है, क्योंकि यह विविध संस्कृतियों को समझने में सहयोग करेगा|

"पुर" अर्थात ''बसावट, यानि 'बसी हुई आबादी', या 'किला ' का "हित" यानि 'हितों' का संरक्षक, सम्वर्द्धन करने वाला व्यक्ति ही ‘पुरोहित’ होता है। यानि एक पुरोहित किसी बसावट, यानि गांव, नगर आदि के विकास और उत्थान के लिए प्रयासरत व्यक्ति ही होता था, जो आज उन हितों को कुछ कर्मकाण्डीय प्रक्रियाओं तक सीमित कर लिया है। आज भी भारतीय सभ्यता और संस्कृति में कई आबादी की बसावट को "पुर" के नाम से जाना जाता है, जैसे शोलापुर, जबलपुर, जयपुर, गोरखपुर, कानपुर, भागलपुर, बुरहानपुर, खडगपुर, सम्बलपुर, बिलासपुर, जमशेदपुर, नागपुर आदि आदि। इस तरह इन नगरों के व्यापक हित सम्वर्द्धन करने वाले ही पुरोहित होते थे, जो सामंती काल में अन्य रुपांतरण के साथ इस सांस्कृतिक रुपांतरण में यह कुछ कर्मकाण्डीय प्रक्रियाओं तक सीमित हो गया। दरअसल सांस्कृतिक उद्भव एवं विकास की प्रक्रिया में शुरुआती समय से पुरोहित एक व्यापक और गहन हितों के उत्तरदायित्व से जुड़ा हुआ एक महत्वपूर्ण अवधारणा था, जिसके पुनरोद्धार और पुनरोत्थान की आज फिर अनिवार्यता हो गई है।

इसी तरह "संस्कारक"  शब्द की अवधारणा भी भारतीय संस्कृति और सभ्यता से बहुत गहराई और व्यापकता से घुली मिली है, जिसे भी स्थिरता से जानना और समझना चाहिए। 'संस्कार' से ही संस्कृति और संस्कृत शब्द की अवधारणा उत्पन्न और विकसित हुई है। संस्कार  मानवीय  विचारों , भावनाओं एवं व्यवहारों की एक संयुक्त यानि सम्मिलित प्रक्रिया और उसकी अभिव्यक्ति है, जो सामाजिक मूल्यों, प्रतिमानों, भावनाओं और अभिवृत्तियों  का विकास और सम्वर्द्धन  करता है। आप संस्कार को संवेदना को आकार देने वाली अभिव्यक्ति कह सकते हैं। स्पष्ट है कि किसी भी व्यक्ति, समाज, संस्कृति, राष्ट्र या क्षेत्र की संस्कृति उन लोगों के संस्कारों के ऐतिहासिक समुच्चय से बनता है। मतलब  किसी भी संस्कृति का निर्माण इकाई उसका संस्कार ही है, अर्थात संस्कार ही किसी उत्कृष्ट, उच्च, विकसित एवं सभ्य समाज की निर्माता ईंट के रूप में इकाई हुईं। इन्हीं संस्कारों से कोई व्यक्ति, समाज, संस्कृति, राष्ट्र, मानवता और प्रकृति पल्लवित, विकसित और अग्रणी होता है। इन्हीं संस्कारों से कोई समुचित और सार्थक रुप से शिक्षित होता है। ऐसे ही लोग सुसंस्कृत कहलाते हैं। इस तरह संस्कार समेकित एवं उत्कृष्ट शिक्षा से संबंधित है। इसी संस्कार को उत्पन्न, विकसित और सम्वर्द्धन करने वाले को ही एक "संस्कारक" कहते हैं, जो स्वत: स्पष्ट है कि यह मानव जीवन में कितना महत्वपूर्ण है।

स्पष्ट है कि हमलोगों को पुरोहिती और संस्कार को प्राचीन भारतीय संस्कृति के मौलिक दर्शन के आलोक में पुनर्व्याख्यायित करना चाहिए, पुनर्स्थापित करना चाहिए, ताकि भारतीय सांस्कृतिक गौरव को पुनर्सम्मानित किया जा सके। इसीलिए हमलोगों ने शोध मिशन को भी अपनी प्राथमिकता में स्थान दिया है। अतः यह भी स्पष्ट है कि भारत के पुनः विश्वगुरु बनने की अनिवार्य शर्त में पुरोहित और संस्कारक की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसी स्थिति में इस पर शोध भी करना होगा, इसे एक मिशन के रूप में लेना होगा, और इसके लिए उत्कृष्ट और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की भी व्यवस्था करनी होगी। इसकी महत्ता और अनिवार्यता से यह भी स्पष्ट है कि इसमें बहुत बड़ी संख्या में हम भारतीयों की समर्पित सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए सुझाव और  सहयोग के साथ सक्रिय समर्थन और समर्पण भी चाहिए, और यह उसी समय संभव है, जब हमलोग इस मिशन अभियान में शामिल होंगे, इस अभियान से जुड़ेंगे और इस पर संबंधित प्रश्न करने एवं सुझाव देने के लिए इसमें शामिल होकर सुनेंगे।

लेकिन सभी अभियान या मिशन की सफलता के प्रमुख अनिवार्यताओं में अनुशासन सबसे प्रमुख होता है। किसी भी प्रश्न को उठाने के लिए पहले उसे सुनना होता है, उसे समझना होता है और उसके बाद ही उससे संबंधित प्रश्न पुछा जाना समुचित और उपयुक्त होता है। इससे संबंधित संवाद को अनिवार्य रूप से "विमर्श" के रूप में होना चाहिए, नहीं कि "बहस" के रूप में। विमर्श में मुद्दा प्रमुख होता है और यह विमर्श मुद्दे में निखार और विकास के लिए होता है, जबकि बहस में, यानि बहसबाजी में मुद्दा गौण हो जाता है और बहस में शामिल व्यक्ति का जीतना हारना ही प्रमुख उद्देश्य हो जाता है। स्पष्ट है कि हमलोग व्यक्तियों के हारने जीतने के लिए बैठकें नहीं करते हैं, बल्कि हमलोग भारतीय संस्कृति को पुनर्स्थापित और पुनर्जीवित करने के लिए बैठकें करते हैं। यह मूल बातें सभी प्रतिभागियों, समर्थको और समर्पितों को स्पष्ट रहना चाहिए और उन्हें अपने विचार, भावनाएं और व्यवहार (अभिव्यक्ति) वहीं तक सीमित रहने चाहिए। अन्य महत्वपूर्ण विषयों के लिए और भी फ़ोरम या प्लेटफार्म हो सकते हैं, होते हैं और होने भी चाहिए, लेकिन इसे इसी मिशन तक सीमित रखा जाएगा।

चूंकि भारतीय संस्कृति हमारी विरासत है, हमलोगों की थाती है, हमलोगों का गौरव है, हमलोगों का सम्मान है, इसीलिए हम समस्त भारतवासियों की जबावदेही बनती है कि इस गौरवशाली, प्राचीन, और विस्तृत संस्कृति का संवर्द्धन करें, पुनर्स्थापित करें, पुनर्जीवित करें और पुनः गौरवान्वित करें। लेकिन इसके लिए हमलोगों को संयुक्त रूप में आगे आना होगा, संयुक्त रूप में सक्रिय होना होगा, और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। भारतीय उपमहाद्वीप एक विविध संस्कृतियों, विविध भाषाओं, विविध पंथों एवं धर्मों और विभिन्न भौगोलिक अनिवार्यताओं के क्षेत्रों का संकलन यानि समुच्चय है। भारत एक ऐसा विशाल और बहुविध पंथों और धर्मों का देश है, जहां विश्व के सभी धर्मों की परम्परा अपने गौरव और सम्मान के साथ प्रचलित और सक्रिय है; ऐसा कोई अन्य उदाहरण विश्व में और कहीं नहीं है। कहने का तात्पर्य यह है कि हमलोगों के इस सांस्कृतिक विरासत के पुनरोत्थान अभियान में सभी संस्कृतियों, सभी क्षेत्रों, सभी धर्मों, सभी पंथों, और सभी भाषायी वर्गों की सहभागिता, समर्थन, समर्पण, सुझाव, सहयोग अवश्य ही चाहिए, वरना यह गौरवमयी  सांस्कृतिक अभियान सफल नहीं मानी जा सकती है। स्पष्ट है कि यह अभियान किसी भी वर्ग, या समूह, या जाति वर्ण के सापेक्ष नहीं है, यानि किसी के विरुद्ध या किसी के समर्थन में नहीं है, यानि कोई भी विशेष वर्ग इसके लक्ष्य में नहीं है। इसमें सभी परम्परागत और गैर परम्परागत वर्ग, समूह और समाज की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है और किसी को इससे अलग नहीं होना चाहिए|

पुरोहिताई और संस्कारक एक कौशल है, एक योग्यता है, एक ज्ञान है, जिसे कोई भी प्रशिक्षित होकर सीख सकता है, पारंगत होता है, या हो सकता है| यदि आप किसी पेशे में, किसी सेवा में, किसी व्यवसाय या उद्यम में कुशल और सक्षम हो सकते हैं, तो आप इसमें भी कुशल, सक्षम, योग्य, पारंगत और व्यवहारिक हो सकते हैं| यह पुरोहिताई और संस्कारक भी एक पेशा है, एक सेवा है, एक उद्यम है, एक व्यवसाय है, जिसमे सम्मान, प्रतिष्ठा, समृद्धि,और आत्मसंतुष्टि जुड़ा हुआ है| यह आध्यात्मिक क्षेत्र का प्रवेशद्वार भी है| आध्यात्म क्या है, यह एक अलग विषय है, जिस पर मैं अलग से लिख चुका हूँ| चूँकि यह महान संस्कृति आपकी भी विरासत है, इसीलिए इसके उत्तरदायित्व में आप भी शामिल हैं, और आपको भी शामिल होना चाहिए|

इस संस्कृति में संस्कारक एवं पुरोहिताई की एक विशाल एवं शानदार अर्थव्यवस्था है, जिसमे सभी सामाजिक वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए| इससे अर्जित धन से सभी सामाजिक वर्गों के विकास में भूमिका होनी चाहिए, या मिलनी चाहिए| इसके लिए ही सभी सामाजिक वर्गों के समझदार, जागरूक एवं प्रबुद्ध सदस्यों को आगे आना चाहिए| लगभग सभी सामाजिक वर्गों में सेवा निवृत सदस्य उपलब्ध होते हैं, जिनके पास ज्ञान आधारित योग्यता के साथ साथ विशाल कार्य अनुभव भी होता है, जिसका लाभ वह सामाजिक वर्ग उठा सकता है| इन सेवा निवृत सदस्यों की सक्रियता और समर्पण से बहुत कम लगत से या बिना लगत के सामाजिक पूंजी का निर्माण होता है, और इन सेवा निवृत सदस्यों की उम्र भी बढ़ जाती है| इस अभियान से समाज को और राष्ट्र को एक सुसंस्कृत, शालीन. शिष्ट, शिक्षित और संस्कारी पुरोहित एवं संस्कारक मिलता है|, और समाज एक कामी, लोभी, अशिक्षित, संस्कारविहीन और भ्रष्ट पुरोहित एवं संस्कारक के दुष्प्रभाव से बचता है| ऐसे लोग हमारी महान भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान भी करते होते हैं|  

चूँकि यह एक सेवा है, एक व्यवसाय है, एक उद्यम है, एक कौशल है, इसलिए यह हमारे युवाओं के लिए प्रशिक्षण का एक शानदार सम्मानित एवं प्रतिष्ठित अवसर भी है| ये युवा हमरे व्यापक शोध मिशन को आगे बढ़ा सकते हैं, या बढ़ाएंगे ही| इससे हमारे राष्ट्र के सभी सामाजिक वर्गों का सांस्कृतिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक मूल्यवर्धन होगा, और सभी सामाजिक वर्ग ‘आध्यात्मिक’ रूप में समृद्ध, संपन्न और आत्मनिर्भर भी होगा| इससे हमारी संस्कृति कई अर्थों में संपन्न और व्यापक होगा| हमारे प्रशिक्षित संस्कारक समाज को ढोंग, पाखंड, अंधविश्वास एवं अनावश्यक कर्मकांड से उबरने में सहायक भी होंगे| हमरे संस्कारक समाज में शिक्षा एवं विविध सेवाओं के प्रसारक एवं प्रचारक भी बनेंगे| ये संस्कारक कई ऐसे कार्य भी करेंगे, या कई ऐसे क्षेत्रों के सूत्रधार भी बनेंगे, जिन्हें हमलोग आपके सहयोग एवं सलाह से सुनिश्चित और निर्धारित करेंगे| चूँकि एक संस्कारक एवं पुरोहित अपने अपने कार्य क्षेत्रों में प्रभावशाली एवं नियंत्रणकारी होते हैं, इसीलिए ये संस्कारक एवं पुरोहित अपने अपने कार्य क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक आदि कई क्षेत्रों के बदलाव के क्रान्तिकारी प्रकाश स्तम्भ साबित होंगे| यह सब भविष्य के गर्त में है, जो आपके सहयोग, समर्थन, समर्पण से ही आगे निकल सकता है, आगे बढ़ सकता है| इस क्षेत्र में पहले भी कई महानुभावों ने शुरुआत भी किया था, जैसे गायत्री परिवार, आर्य समाज, अर्जक संघ, बौद्ध परम्परा, रामकृष्ण मिशन, सांविधानिक प्रक्रिया, वैदिक रीति आदि आदि। लेकिन आज की अपेक्षित गतिशीलता आपके बिना संभव भी नहीं है|

इसलिए आप सभी भारतीय इसमें आगे आइए| एक फिर से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में मदद कीजिए|

आचार्य निरंजन सिन्हा

भारतीय संस्कृति का ध्वजवाहक 

सत्य के निकट कौन है?

यह भी सत्य है कि कुछ भी सत्य नहीं है| किसी भी सत्य का यह एक स्वाभाविक गुण होता है कि एक सत्य हमेशा स्थिर एवं निश्चित रहता है| और हम यह भी जा...