रविवार, 9 अक्टूबर 2022

संस्कृत भाषा का ऐतिहासिक झूठ (Historical Fraud of Sanskrit Language)


यह आलेख इसलिए लिखना पड़ा, क्योंकि कुछ धूर्त भारतीय जानबूझ कर और अधिकतर नादान भारतीय अनजाने में ही प्राचीन भारतीय संस्कृति की प्राचीनता, सनातनता एवं गरिमा के समर्थन के नाम पर भारत की गौरवमयी संस्कृति का ही उपहास कराते हैं| इससे वैश्विक जगत में भारत की छवि धूमिल होती हैं| अब सभी स्थानों एवं प्रसंगों से तार्किकता एवं वैज्ञानिकता की दृष्टि से झूठ खंडित होता जा रहा है| यह एक विश्वव्यापी प्रक्रिया हो गया है। इसी कारण भारतीय इतिहास की पुस्तकों में कभी शामिल “महाकाव्य युग” (Epic Age) यानि ‘रामायण’ एवं ‘महाभारत’ के युग –वृत्तांत को आज इतिहास की पुस्तकों से बाहर कर दिया गया है| ‘संस्कृत भाषा के ऐतिहासिक झूठ’ के बारे में कल विदेशी विद्वान् जो तथ्य, तर्क एवं वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे, उससे कल हमारी भावनाएँ आहत होगी| तब प्राचीनतम भारतीय मान्यताओं का ही वैश्विक उपहास होगा| अतः यह नितांत आवश्यक है कि, हम लोग संस्कृत के इस ऐतिहासिक झूठ को समय रहते ही तथ्यों, तर्कों एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संशोधित कर गलतियों को सुधार लें|

संस्कृत सिर्फ भाषा एवं साहित्य ही नहीं है, बल्कि इसमें आर्यों की सम्पूर्ण सभ्यता एवं संस्कृति और उससे जुड़ी हुई सारी कथा - कहानियों का भी आधार शामिल है| इसी भाषा में तथाकथित सम्बन्धित सारे धार्मिक- सामाजिक- सांस्कृतिक आदर्श, मूल्य. प्रतिमान, विचार, संस्कार, परम्परा, व्यवहार, अभिवृत्ति आदि की पुरातनता एवं सनातनता भी समाहित है| अब यदि यह साबित हो जाता है कि संस्कृत भाषा भारत की प्राचीन भाषा नहीं थी, तो संस्कृत आधारित सारी सभ्यता और संस्कृति की पुरातनता एवं उसकी सनातनता पर ही बहुत बड़ा प्रश्न चिह्न खड़ा हो जाता है| फिर, यदि यह साबित हो जाता है कि संस्कृत भाषा एवं उसका साहित्य नौवीं शताब्दी के बाद ही अस्तित्व में आया है, तो संस्कृत भाषा एवं साहित्य की प्राचीनता का स्थापित दावा ही एक ऐतिहासिक झूठ साबित हो जाता है| यदि यह संस्कृत भाषा प्राचीनतम प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य से ही संस्कारित होकर यानि सुसंस्कृत होकर बहुत बाद में यानि मध्य काल में विकसित हुई भाषा साबित हो जाती है, तो ‘आर्यों’ की सत्यता और उनकी प्राचीनता से सम्बन्धित सारी कहानी ही खंडित हो जाती है, और इसी के साथ ही ‘मूल निवासी’ की मौलिकता भी खंडित हो जाती है| ध्यान रहे कि ‘आर्य’ एवं ‘मूल निवासी’ एक दुसरे की सापेक्ष अवधारणाएं हैं|

प्राचीन भारत में संस्कृत भाषा सिर्फ़ साहित्य में ही बतायी जाती है, अर्थात सामान्य जनजीवन के क्षेत्र में कोई अन्य प्रसंग नहीं मिलता है| मिथकीय साहित्यों के अनुसार सामान्य जन एवं महिलाओं के अध्ययन के लिए संस्कृत निषेधित थी| सामान्य जन एवं महिलाओं के लिए सिर्फ संस्कृत ही निषेधित नहीं थी, बल्कि पूरी शिक्षा ही प्रतिबंधित थी| तथाकथित आर्यों की एकमात्र भाषा संस्कृत ही थी, जिसे वे बोलते, सुनते एवं समझते थे, परन्तु लिखना नहीं जानते थे| अब हम संस्कृत भाषा एवं साहित्य विषय का अध्ययन विस्तार से साक्ष्यों एवं वैज्ञानिक तर्कों के साथ करेंगे, ताकि संस्कृत भाषा एवं साहित्य की प्राचीनता की ऐतिहासिकता की सच्चाई  आसानी से समझी जा सकें|संस्कृत शब्द की व्युत्पत्ति 'संस्कार' शब्द से हुई है और इसलिए संस्कृत एक संस्कारित भाषा हुई। अब प्रश्न यह उठता है कि संस्कृत किस पूर्व भाषा का संस्कारित स्वरुप है? आगे तथ्य और तर्क के साथ वैज्ञानिक आधार पर यह पाएंगे कि संस्कृत भाषा पूर्व से प्रचलित पालि भाषा का संस्कारित स्वरुप है और पालि भाषा प्राकृत बोली की साहित्यिक अवस्था है।

यदि हम ‘भाषा एवं साहित्य’ के उद्विकास (Evolution) की सामान्य प्राकृतिक रूपरेखा देखें, तो यह स्पष्ट होगा कि भाषा एवं साहित्य का विकासक्रम क्या होता है? कोई भी भाषा एवं साहित्य सबसे पहले किसी समाज की “बोली” (Dialect) होती है, जिसे सामान्य बोलचाल में 'भाषा’ (Language) भी कही जाती है| ‘बोली’ एक क्षेत्र विशेष में सामान्य जन द्वारा अपने संवाद में अभिव्यक्ति के एक माध्यम के रूप में प्रयुक्त होती है| ‘बोली’ की एक खास विशेषता यह होती है कि एक बोली किसी एक खास क्षेत्र की होती है, और उस क्षेत्र के सभी निवासी उसे बोलते और समझते हैं, यदि वे आर्थिक एवं सामाजिक रूप से गुंथे हुए हैं| लेकिन बोली की यह विशेषता संस्कृत के साथ नहीं है| ‘बोली’ का कोई लिखित साहित्य नहीं होता, क्योंकि इसकी कोई लिपि ही नहीं होती| यह 'बोली' ही किसी भी भाषा का क्षेत्रीय एवं प्रारंभिक स्वरूप होती है| ‘बोली’ का उपयोग प्रशासनिक व्यवस्था में नहीं हो सकता है, क्योंकि इसके लिए लिपि और व्याकरण के नियमों का होना आवश्यक है| ‘बोली’ स्थानीय व्यवहार में प्रयुक्त सामाजिक संवाद के माध्यम की अभिव्यक्ति का अल्पविकसित स्वरूप होती है| ‘बोली’ में प्रचलित शब्द जन सामान्य के होते हैं, और यह अपने पर्यावरण से सम्बन्धित होते हैं| ध्यान रहे कि कभी भी और कहीं भी संस्कृत की एक ‘बोली’ होने का कोई तथ्यामक प्रमाण नहीं है| भाषा एवं साहित्य के विकास में कभी भी और कहीं भी किसी के पर्यावरण में उपलब्ध वस्तुओं एवं गतिविधियों के लिए संस्कृत के शब्द नहीं हैं| किसी भी पहाड़, नदी, स्थान, मौसम, वस्तु, गतिविधि का नाम संस्कृत में नहीं है| यानि ‘संस्कृत भाषा’ भाषा एवं साहित्य के सामान्य उद्विकास की प्रथम पीढ़ी ‘बोली’ के स्तर पर कभी नहीं रही| अर्थात संस्कृत कभी भी व्यवहारिक उपयोग की भाषा नही रही| भाषा एवं साहित्य के उद्विकास की दुनिया में शायद ऐसा उदहारण किसी भी भाषा का नही रहा होगा, जो अति प्राचीनता का  दावा तो करती हो, परन्तु जिसकी 'बोली' रूपी मौलिक जड़ों का कोई अता-पता ही न हो| वास्तव में ऐसा इसलिए है, क्योंकि यह संस्कृत ‘बोली’ में ‘प्राकृत’ भाषा पर और ‘साहित्य’ में ‘पालि’ साहित्य पर निर्भर थी|

भाषाविकास की दूसरी प्राकृतिक अवस्था में उस भाषा में ‘साहित्य’ (Literature) की रचना होती है| यह तब संभव होता है, जब इसके लिए उपयुक्त लिपि विकसित हो जाती है, व्याकरण के नियम स्पष्ट एवं सुनिश्चित हो जाते हैं, और उसका क्षेत्र विस्तार भी हो जाता है| जब साहित्य की रचना होती है, तो उस भाषा के ‘व्याकरण’ (Grammar) का निर्माण होता है| यह व्याकरण उस भाषा में संवाद की अभिव्यक्ति को स्पष्ट, नियमित एवं निश्चित अर्थ देता है, जो अर्थ एवं भावार्थ की स्पष्टता को स्थायित्व एवं निरंतरता देता है| ‘बोली’ से ‘साहित्य’ तक के सफ़र के मध्य की संक्रमण अवस्था को कुछ लोग ‘उपभाषा’ भी कहते एवं मानते हैं| इसे "साधारण साहित्य" भी कहा जाता है। किसी भाषा की समृद्ध प्राकृतिक अवस्था उस अवस्था को कहा जाता है, जब उस भाषा में ‘विज्ञान एवं तकनीकी’ साहित्य भी रचे जाते हैं| इसे 'साधारण साहित्य' से उच्चतर साहित्य समझा जाता है और इसे 'विज्ञान एवं तकनीक' का साहित्य भी कहते हैं। भाषा के इस उद्विकास के क्रम को समझने के बाद किसी भी भाषा के विकासक्रम को समझा जा सकता है| इससे किसी भी भाषा की ऐतिहासिकता की प्रमाणिकता जांची एवं समझी जा सकती है|

भाषा-विकास की एक नई कहानी का उदाहरण भारत के झारखण्ड प्रदेश का है। यह कहानी झारखण्ड की एक भाषा “खोरठा” (Khortha) की है, जो अभी हाल तक एक ‘बोली’ मात्र थी, लेकिन अब यह एक ‘साहित्यिक’ अवस्था में स्थापित हो चुकी है| यह भाषा ‘बोली’ में लम्बे समय तक जन सामान्य में प्रचलित रही| फिर इसके लिए ‘लिपि’ निश्चित किया गया, व्याकरण के निश्चित एवं सुस्पष्ट नियम स्थापित किये गये, और इसका क्षेत्र विस्तार भी इसके परंपरागत क्षेत्र से बाहर हो गया| अब यह भाषा एक मानक साहित्य’ में स्थापित हो गया है, और अब यह  ‘विज्ञान एवं तकनीक’ की स्तरीय अभिव्यक्ति की दिशा में भी अग्रसर है|

किसी भी भाषा एवं साहित्य के उद्विकास के क्रम में उसी समय प्रथम अवस्था यानि ‘बोली’ का अभाव दिखता है, जब यह भाषा ‘बोली’ के रूप में किसी अन्य प्रचलित भाषा की ‘बोली’ पर आधारित रही हो| संस्कृत का प्राथमिक साहित्य भी अपने पूर्व के स्थापित अन्य भाषा यानि ‘पालि’ की साहित्यों पर आश्रित रहा यानि पालि साहित्य का अनुवाद किया जाना ही संस्कृत की प्राथमिकता रही| संस्कृत की प्रथम अवस्था यानि बोली के लिए प्राकृत एवं पालि भाषा ही उपलब्ध रहे| प्रारम्भिक संस्कृत के साहित्य भी मूलत: पूर्व के स्थापित पालि साहित्य की अनुवाद या व्याख्या या विवेचना या टीका आदि के रूप में ही रही| इसीलिए संस्कृत के उद्विकास की कोई स्वतंत्र एवं अलग प्राकृतिक प्रक्रिया नहीं है| पूर्व के पालि साहित्यों की संस्कृत में अनुवाद या व्याख्या या विवेचना या टीका आदि कर लेने के बाद धार्मिक सामन्तों के अनुवादकों के लिए पालि साहित्यों की आवश्यकता नहीं रही, और शायद इसी कारण उन साहित्यों को नष्ट होना पड़ा| संस्कृत के प्राकृतिक उद्विकास को इस नजरिये से देखने से और भी बहुत कुछ स्पष्ट होगा|

संस्कृत भाषा में भाषा उद्विकास का यह प्राकृतिक क्रम नहीं दिखता है| परन्तु जब संस्कृत की उत्पत्ति एवं विकास को प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा एवं साहित्य से होता हुआ देखा जाता है, तो संस्कृत भाषा का विकास क्रम स्वत: ही स्वभाविक रूप में स्पष्ट हो जाता है| संस्कृत भाषा की उत्पत्ति प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य से हुई है| कुछ लोग प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा को ही संस्कृत भाषा एवं साहित्य से उत्पन्न बताते हैं, परन्तु इसके समर्थन में कोई तथ्यात्मक एवं तर्कसंगत साक्ष्य नहीं देते हैं| जब आप प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य से ही संस्कृत की उत्पत्ति मानते हैं, और इसके पक्ष में साक्ष्य खोजते हैं, तो आपको काफ़ी तार्किक एवं तथ्यात्मक साक्ष्य मिलेगा| संस्कृत भाषा में प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य के शब्द शामिल हैं, परन्तु प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य में संस्कृत भाषा एवं साहित्य का कोई भी शब्द शामिल नहीं हैं|

'प्राकृत' भाषा का अर्थ होता है – ‘प्राकृतिक अवस्था’ की भाषा| ‘प्राकृत’ शब्द “प्रा’ एवं “कृत” से बना है| ‘प्रा’ का अर्थ हुआ ‘पहले’ एवं ‘कृत’ का अर्थ हुआ ‘रचना’ यानि प्राकृत भाषा का अर्थ हुआ किसी रचना की पूर्व अवस्था की भाषा| इस तरह प्राकृत किसी क्षेत्र की किसी मानक भाषा एवं साहित्य से पूर्व की जन सामान्य भाषा यानि ‘बोली’ हुई| ‘संस्कृत’ भाषा का अर्थ हुआ 'संस्कारयुक्त, सुसंस्कृत', ‘संस्कारित’ या ‘परिमर्जित’ भाषा, अर्थात् ‘संस्कृत’ किसी पहले से प्रचलित भाषा का परिमार्जित (Modified) या संस्कारित (Upgraded) स्वरूप हुई| यह पूर्व की तथाकथित असंस्कारित भाषा प्राकृत भाषा एवं उसकी साहित्यिक भाषा पालि है|

संस्कृत तथाकथित सुसंस्कृत (उच्च स्तरीय, संस्कारयुक्त या परिमर्जित) लोगों की या ऐसी ही अवस्था की भाषा हुई| स्वभाविक है कि पहले कोई भी चीज़  प्राकृतिक होगी और कालांतर में उसका संवर्द्धन एवं परिमार्जन होकर यह सुसंस्कृत बनेगी| यह तर्क किसी भी विवेकशील तार्किक व्यक्ति को स्पष्ट होगा| कभी भी किसी जीवन की यात्रा सुसंस्कृत से आदिम यानि प्राकृतिक अवस्था की ओर नहीं होती है, यानि जटिलता से सरलता की ओर नहीं होती है| 'प्राकृत' सामान्य जन की ‘बोलचाल’ की भाषा थी और ‘पालि’ सामान्य व्यवस्था की साहित्यिक भाषा थी, जबकि 'संस्कृत' भाषा समाज की तथाकथित श्रेष्ठ, उत्कृष्ट, दैवीय एवं विशिष्ट कहे जानेवाले या माने जानेवाले लोगों की भाषा हुई| स्पष्ट है कि प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य से ही ‘संस्कृत’ भाषा का उद्विकास हुआ है| इसे देव यानी देवताओं की भी भाषा कहा गया| स्पष्ट है कि यह सामान्य जन से उत्कृष्ट माने जानेवाले लोगों की एक विशिष्ट भाषा बनी और रही| इसकी आवश्यकता असमानता वाले ‘सामन्तवाद’ के काल में सामाजिक विभाजन को सुस्पष्ट करनेवाली भाषा एवं साहित्य के रूप में हुई| संस्कृत को कभी भी सामान्य जन की भाषा बनने की आवश्यकता ही नही हुई, क्योंकि ‘प्राकृत एवं पालि’ भाषा पहले से ही इसी आवश्यकता को पूरा कर रहे थे| संस्कृत को सिर्फ सामंती व्यवस्था के ऊपरी वर्ग यानि ऊपरी वर्ण के लिए ही तैयार होना था| इसीलिए ‘प्राकृत’, ‘पालि’ एवं ‘संस्कृत’ यह तीनों ही, भाषा उद्विकास के प्राकृतिक क्रमानुसार एक ही कड़ी (Chain) के भिन्न भिन्न स्तर हैं| यह प्राकृतिक अवस्था में ‘प्राकृत’ हुई, जो ‘बोली’ है| व्यवस्था एवं विकास की अवस्था में यह ‘पालि’ हुई, जो साहित्यिक एवं वैज्ञानिक की अभिव्यक्ति का माध्यम है| यही ‘पालि’ अपने सुसंस्कृत एवं संस्कारित अवस्था में ‘संस्कृत’ है|  इस क्रम में भले ही बाद में पहले की किसी अवस्था यानि किसी कड़ी (Stage/ Chain) को हटा देने यानि मिटा देने का सफल प्रयास किया गया|

भाषाविदों के अनुसार प्राचीन पालि भाषा एवं साहित्य में ‘ऋ’, ‘त्र’, ‘ज्ञ’, ‘श्र’, ‘श’, ‘ष’, ‘औ’, आदि विशिष्ट अक्षरों का प्रयोग नहीं होता था, और अभी भी नहीं होता है| पालि भाषा एवं साहित्य में ‘र’ का संयुक्त अक्षर भी नहीं होता है, जैसे ‘आर्य’ - ‘अरिय’, ‘चक्र’ – ‘चक्क’, ‘धर्म’ – ‘धम्म’, ‘प्रिय’ – ‘पिय’ आदि | यह सब अक्षर संस्कृत भाषा एवं साहित्य की विशिष्टता हैं, जो निश्चिततया बाद में भाषा के क्रमिक विकास यानी संस्कारित विकास की अवस्था में प्रयोग में आये हैं| यह ‘ऋ’, ‘त्र’, ‘ज्ञ’, ‘श्र’, ‘श’, ‘ष’, ‘औ, आदि संस्कृत भाषा एवं साहित्य का महत्त्वपूर्ण हिस्सा हैं| “र” के संयुक्ताक्षर का प्रयोग प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य में नहीं था, परन्तु यह संस्कृत भाषा एवं साहित्य में बहुत ही महत्त्वपूर्ण भूमिका में है| इन अक्षरों के बिना संस्कृत भाषा एवं साहित्य की कल्पना भी नहीं हो सकती, जबकि पालि भाषा एवं साहित्य में यह किसी भी रूप में उपलब्ध नहीं हैं| यदि पालि भाषा एवं साहित्य तथाकथित प्राचीनतम संस्कृत भाषा एवं साहित्य से उत्पन्न हुआ होता, तो पालि भाषा एवं साहित्य में निश्चित ही संस्कृत भाषा के लक्षण उपस्थित होते, जो एकदम नहीं हैं| जबकि इसके विपरीत संस्कृत भाषा में पालि भाषा एवं साहित्य के लक्षण और शब्द पूरी स्पष्टता के साथ शामिल हैं| संस्कृत भाषा एवं साहित्य के शब्द हिन्दी भाषा एवं साहित्य में आए हैं, क्योंकि हिन्दी का उद्विकास संस्कृत के बाद संस्कृत से हुआ और एक ही क्षेत्र में विकसित हुआ |

संस्कृत भाषा एवं साहित्य को सुस्पष्ट करता हुआ कोई शिलालेख, अभिलेख या किसी प्रकार का धातु पर उत्कीर्णित लेख का पुरातात्विक साक्ष्य सन् 900 ई० से पूर्व का उपलब्ध नहीं है| इतना ही नहीं, इससे जुड़ी तथाकथित सभ्यता एवं संस्कृति के भी संकेत एवं अवशेष भी प्राचीन काल में नहीं मिले हैं| चूँकि संस्कृत भाषा एवं साहित्य पूर्व की प्राकृत भाषा एवं पालि भाषा और साहित्य का ही उच्चतर, संवर्धित एवं सुसंस्कृत स्वरूप है, इसीलिए 'प्राकृत' भाषा एवं 'पालि' भाषा और साहित्य का ‘संक्षिप्त’, ‘अलंकृत’, ‘उच्चतर’ और ‘काव्यात्मक’ प्रकृति के किसी भी शिलालेख को संस्कृत भाषा का प्रारम्भिक (Early) यानी आद्य/ आदिम  (Primitive) स्वरूप बता दिया जाता है और उसी अनुरूप अभिलेख मानकर ‘संस्कृत’ भाषा की ‘प्राचीनता’ को व्याख्यापित भी कर दिया जाता है| काठियावाड़ के 'रुद्रदामन' के 150 ई० के जूनागढ़ अभिलेख को संस्कृत भाषा का पहला अभिलेख बताया जाता है| इसे भाषाविद् पालि भाषा का उच्चतर, काव्यात्मक, अलंकृत, संक्षिप्त एवं सुसंस्कृत अवस्था बताते हैं, और इसमें संस्कृत भाषा का कोई आधिकारिक लक्षण या संकेत नहीं देखते हैं| हम इसे आज की साधारण हिन्दी एवं अलंकृत- काव्यात्मक – स्तरीय साहित्यिक हिन्दी में अंतर से समझ सकते है| ऐसा ही अन्तर साधारण पालि और अलंकृत- काव्यात्मक – स्तरीय पालि में है, जिसे आज ‘संस्कृत’ घोषित किया जा रहा है|  यह अभिलेख काव्यात्मक भी है| इसे काव्यशैली का सबसे प्रारम्भिक नमूना बताया जाता है| स्पष्ट है कि पालि भाषा एवं साहित्य का काव्यात्मक स्वरूप पालि भाषा के 'गद्य शैली' के स्वरूप से ही ज्यादा जटिलतर और अलंकृत हो गया तथा इसी कारण इसे संस्कृत का 'आद्य स्वरूप' मान लिया गया| ध्यान रहे कि इसकी लिपि देवनागरी नहीं है| किसी भी उद्विकास का काल लंबा होता है और इसीलिए संक्रमण (Transition) अवस्था की व्याख्या दोनों अवस्था में कर ली जाती है|

विसर्ग, हलंत एवं चन्द्रबिन्दु  संस्कृत भाषा एवं साहित्य की एक ख़ास विशेषता हैं, जो अन्य प्राचीन भाषाओ में नहीं हैं| ‘विसर्ग’, ‘हलंत’, एवं ‘चन्द्रबिंदु’ देवनागरी लिपि की ही विशेषता हैं| यही विशेषता संस्कृत भाषा एवं साहित्य का अतिविशिष्ट एवं अतिमहत्वपूर्ण लक्षण है| इसी कारण शुद्ध संस्कृत भाषा एवं साहित्य सिर्फ़ देवनागरी लिपि में ही लिखी जा सकती है| अन्य किसी लिपि में संस्कृत भाषा एवं साहित्य को पूर्ण शुद्धता के साथ नहीं लिखा जा सकता है| अत: देवनागरी लिपि के बिना संस्कृत भाषा एवं साहित्य की स्वाभाविक उत्पत्ति एवं स्वाभाविक विकास नहीं हो सकता है| स्पष्ट है कि जब तक देवनागरी लिपि नहीं थी, संस्कृत भाषा एवं साहित्य भी अपनी आदिम अवस्था में भी नहीं था| आप रुद्रदामन का तथाकथित प्राचीनतम संस्कृत के भारतीय शिलालेख की ‘लिपि’ को देखें या वियतनाम का तथाकथित प्राचीनतम संस्कृत के शिलालेख की ‘लिपि’ को देखें, तो यह स्पष्ट होगा कि इनमें कोई भी ‘देवनागरी’ लिपि में नहीं है| स्पष्ट है, कि यह संस्कृत अपनी विकास की प्राकृतिक अवस्था में नहीं है, और इसीलिए यह संस्कृत का उदाहरण नहीं हो सकता| यह उदाहरण भाषा के रूप में अपनी किसी पूर्ववर्ती अवस्था का भाषा का हो सकता है या उसी का कोई अन्य प्रारूप हो सकता है, जो भाषा में संस्कृत से मिलता होगा और लिपि में देवनागरी नहीं है| इस तरह यह संस्कृत की प्राचीनता को जबरदस्ती स्थापित करने का गर्हित  सामन्ती प्रयास है| इसे ही ‘विचारों का जडत्व’ (Inertia of Thought ) कहते हैं, जो किसी भी तरह संस्कृत की तथाकथित प्राचीनता पर अटक जाता है|  इसे ‘इतिहास का जड़त्वीय संरचनात्मक  ढांचा’ (Inertial Structural Frame of History) से भी समझा जा सकता हैं| इस अवधारणा को लेखक निरंजन सिन्हा ने दिया है|

आप भी जानते हैं कि देवनागरी लिपि का प्रचलित अधिकतर साक्ष्य कागज़ पर ही मिला है, जो अवश्य ही कागज़ के आविष्कार के बाद और उसके भारत आगमन के बाद ही अस्तित्व में आया होगा| 'नागरी लिपि' का प्रथम प्रमाण 1011 ई० (शायद सेलखड़ी के पट्टी पर) का मिला है| कागज़ का प्रयोग भारत में दसवीं शताब्दी से पहले नहीं हुआ है| देवनागरी लिपि का प्राचीन काल का कोई साक्ष्य नहीं मिला है| देवनागरी लिपि का पुरातन साक्ष्य ग्यारहवीं शताब्दी के पहले का कोई नहीं है| यह तथ्य एवं तर्क भी संस्कृत भाषा एवं साहित्य की पुरातनता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है, और इसकी तथाकथित पुरातनता की कहानी को भी खंडित करता है|

पुरातात्विक प्रमाण स्पष्ट करते हैं कि मध्य काल के पूर्व संस्कृत भाषा उपलब्ध नहीं थी| संस्कृत भाषा एवं साहित्य का उद्भव एवं विकास ही सामंती आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सामन्त काल में सामन्ती ढाँचे के समर्थक लोगो यानि सामन्ती व्यवस्था के द्वारा ही हुआ है| वैसे किसी भी उद्विकास में, चाहे वह किसी भाषा का हो या किसी जीव का हो, वह एक दो दशक में अपना अंतिम स्वरूप नहीं लेता, बल्कि इसमें सदियां लग जाती हैं| इसे भली-भांति समझने की जरूरत है| यदि इतिहास की व्याख्या वैज्ञानिक एवं तार्किक आधार पर यानि आर्थिक व्यवस्था की ‘उत्पादन’, ‘वितरण’, ‘विनिमय’ एवं ‘संचार’ की शक्तियों एवं उनके अन्तर्सम्बन्धों के आधार पर किया जाय, तो इतिहास के हर पहलू को समझना बहुत आसान होगा।

संस्कृत 'साहित्य-शास्त्र' की प्राचीनता के सम्बन्ध में एक तर्क यह दिया जाता है कि यह ऋग्वैदिक काल के पूर्व से ही प्राचीन भाषा रही| यह ऋग्वैदिक काल से ही मौखिक रूप में यानी रट्टा (Rote Learning) लगाकर एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक हस्तांतरित होती रही, और इसे इस तरीके से ही सदियों तक सुरक्षित एवं संरक्षित रखा गया| कहा जाता है कि जब ब्राह्मणों ने लिखना जाना और कागज अस्तित्व में आया, तो उसे किताब के रूप में उपलब्ध किया जा सका | कहा जाता है कि वे पहले लिखना नहीं जानते थे, अन्यथा वे भी शिलालेखों पर लिखते| बताया जाता है कि ब्राह्मण बुद्धिमान् और विद्वान् भी थे| वे संस्कृत भाषा बोलना, सुनना एवं समझना भी अच्छी तरह जानते थे | इतिहास में काफ़ी साक्ष्य हैं, कि समकालीन लोग और इनके पूर्व के लोग तो बोलना, पढ़ना, लिखना और समझना जानते थे| पूर्व काल की सिन्धु घाटी सभ्यता के लोग तथा तथाकथित बाद के 'बौद्धिक काल' के लोग इसके स्पष्ट उदाहरण हैं| बौद्धिक काल में कई शिलालेख लिखे गए और अन्य साहित्यों की रचना भी की गई, जो बाद में ‘नष्ट’ कर दिया गया| तब संस्कृत भाषा एवं साहित्य की तथाकथित प्राचीनता के विरुद्ध एक बड़ा और महत्त्वपूर्ण तर्क यह है, कि जब समकालीन लोग लिखना जानते थे, और ब्राह्मण बुद्धिमान्, ज्ञानी, और समझदार भी रहे, तो इतने लम्बे काल में भी संस्कृत लिखना क्यों नहीं सीख पाए ? इसका एकमात्र सुस्पष्ट जवाब यही है, कि उन कालों में आर्य, ब्राह्मण एवं संस्कृत का अस्तित्व ही नहीं था| इसीलिए उस प्राचीन काल की संस्कृत भाषा एवं साहित्य का कोई लिखित साक्ष्य नहीं मिलता है, जबकि इसके पहले के वर्णित या अवर्णित पुरातात्विक साक्ष्य सभी जगह बिखरे पड़े हैं|

संस्कृत के विरुद्ध एक और तर्क महत्त्वपूर्ण है, कि 'बौद्धिक संस्कृति' के बहुत सारे साहित्य के साक्ष्य समकालीन विदेशी क्षेत्रों और प्रसंगों में भी मिले हैं| बुद्धि यानी बुद्ध की संस्कृति को ही बौद्धिक संस्कृति कहा जाता है| ध्यान रहे कि ‘बुद्ध’ एक संस्थागत ‘उपाधि’ थी, कोई व्यक्ति विशेष का व्यक्तिगत नाम नहीं है| विदेशी क्षेत्रों में, जहाँ भारतीय शासकों का सैन्य प्रभुत्व नहीं था या नहीं हो सकता था, बौद्धिक साहित्य नष्ट किये जाने से बचे रह गए| इन विदेशी क्षेत्रों में तथाकथित महत्वपूर्ण एवं अतिप्राचीन भारतीय भाषा - संस्कृत का कोई साहित्य-शास्त्र नहीं मिला| ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि संस्कृत भाषा एवं उसका साहित्य उस समय अस्तित्व में ही नहीं आया था| यदि ये अस्तित्व में रहता, तो उस काल में कहीं भी किसी भी सन्दर्भ में अवश्य उल्लेख में आ जाता| इतना ही नहीं, संस्कृत को ऋग्वैदिक काल के आरम्भ से ही प्रचलित बताया जाता है, और यह भी बताया जाता है कि वे आर्य विदेशों से भारत आये थे| स्पष्ट है कि संस्कृत भाषा उनके मूल प्रदेश की प्रचलित भाषा रही होगी, परन्तु संस्कृत भाषा विश्व के अन्य किसी भी क्षेत्र में नहीं पायी जाती है, या उसका कोई भी प्राचीन अवशेष किसी भी रूप में उस तथाकथित ‘मूल वैदिक विदेशी क्षेत्र’ के स्रोत स्थल में उपलब्ध नहीं है, जहाँ से वे भारत आये हैं|

सामन्त काल में भारत के तत्कालीन सभी विश्वविद्यालयों, अध्ययन संस्थानों, पुस्तकालयों, आदि को जलाकर या अन्य तरीकों से नष्ट कर दिया गया| उनमें संरक्षित भारत का लगभग सभी 'बौद्धिक साहित्य' नष्ट हो गया| आज उपलब्ध बौद्धिक साहित्यों का पुनर्निमाण समकालीन विदेशी साहित्यों से प्राप्त कर किया गया है| यहां विशेष रूप से गौर करने वाली बात यह है कि, इस नष्टीकरण की प्रक्रिया में भारतीय बौद्धिक साहित्य तो नष्ट हो गया, परन्तु उस तथाकथित प्राचीन समय के संस्कृत भाषा के साहित्य-शास्त्र, यदि उस समय मौजूद थे, तो वे नष्ट नहीं हुए, क्यों? या तो जलाने वालों ने संस्कृत भाषा के साहित्य-शास्त्रों को आग से अलगकर बचा लिया था, या ये संस्कृत भाषा के साहित्य-शास्त्र उस समय थे ही नहीं, कि वे आग में जलते या  नष्ट होते| यहां एक ही तर्कसंगत निष्कर्ष निकल सकता है, कि ये संस्कृत भाषा के साहित्य-शास्त्र उस समय तक रचित ही नहीं हुए थे, मतलब यह कि वे अस्तित्व में ही नहीं आये थे| ध्यान रहे कि जलाने के आरोपियों यानि आक्रान्ताओं को संस्कृत भाषा एवं साहित्य से लगाव का कोई सार्थक कारण नहीं दिखता है, कि वे संस्कृत साहित्य को बचाकर आग लगाते| तथाकथित आक्रमणकारियों को इन भारतीय भाषा एवं साहित्यों में अंतर करने, यानि एक को बचाने तथा दूसरे को नष्ट करने में कोई विशेष रुचि नहीं हो सकती थी, यदि जलानेवाले लोग विदेशी आक्रान्ता थे तो|

अतः स्पष्ट है कि संस्कृत भाषा एवं साहित्य का आदिकालीन होना सिर्फ़ एक 'काल्पनिक उड़ान’ की ही बात है| इसकी पुरातनता का कोई पुरातात्विक साक्ष्य उपलब्ध नहीं है| इसका कोई भी प्राथमिक प्रामाणिक साक्ष्य नहीं मिला है| पालि भाषा की पाण्डुलिपियाँ मध्य एशिया में भी मिली है, परन्तु संस्कृत की पाण्डुलिपियाँ भारत से बाहर कहीं नहीं मिली हैं| आर्य मध्य एशिया से भारत आये और संस्कृत के साथ ही आए, लेकिन संस्कृत का कोई साक्ष्य मध्य एशिया में नहीं मिला है| मध्य एशिया में 'पालि' की पाण्डुलिपियाँ भेड़ के चमड़े और लकड़ियों के पाटों पर लिखी हुई मिली है| यदि आर्यो की मध्य एशिया से आने की कहानी सही होती, तो आर्यो से जुड़ी उनकी भाषा संस्कृत भी मध्य एशिया में होती और उनके कोई न कोई साक्ष्य वहाँ अवश्य ही मिलते| वास्तव में मध्य एशिया में संस्कृत के साक्ष्य इसीलिए नहीं मिले, क्योंकि संस्कृत की उत्पत्ति ही भारत में मध्य काल में हुई है| इसका तथाकथित आर्यो से कोई लेना-देना नहीं है| यह भारत की सामंती आवश्यकताओं के कारण सामन्त काल में उत्पन्न हुई भाषा है।

अदालतों में तार्किक एवं तथ्यात्मक साक्ष्यों की ही मान्यता होती है, मोटे-मोटे काल्पनिक साहित्यों एवं भावनात्मक बातों की मान्यता या आस्था नहीं होती| संस्कृत भाषा एवं साहित्य के प्रथम व्याकरण के रचियता पाणिनी के समय-काल पर इतिहासकार एकमत नहीं हैं, और इसे सामन्तवाद के पूर्व काल में स्थापित नहीं किया जा सकता| यदि पाणिनी की तथाकथित प्राचीनता के समर्थन में तार्किक, वैज्ञानिक एवं पुरातात्विक साक्ष्य मांगेगे, तो निश्चितया कोई भी ऐसा साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराया जायगा| लोगों को सामान्य ज्ञान (पठन-पाठन) की भाषा से दूर करने और अपने को विशिष्ट एवं भिन्न जताने के लिए ही जटिल एवं संस्कारित भाषा के रूप में संस्कृत भाषा एवं साहित्य को विकसित किया गया| वैसे सामान्य लोगों को शिक्षा का अधिकार नहीं था| इसे 'देव भाषा' भी कहा गया, क्योंकि यह विशिष्ट लोगों की भाषा बनी|

वेद की सबसे प्राचीनतम पांडुलिपि 1365 ई० की मिली है| सबसे पुराना 'अर्थशास्त्र' जो संस्कृत में है और जिसे कौटिल्य द्वारा रचित बताया जाता है, यह अर्थशास्त्र सन् 1909 ईस्वी का है| इसे किसी तत्कालीन लेखक ने कौटिल्य यानी चाणक्य के नाम से लिखा था | इसे ‘इतिहास के गुरुत्वीय ताल’ (Gravitational Lensing of History) की अवधारणा से सही ढंग से समझा जा सकता है, यह अवधारणा भी लेखक निरंजन सिन्हा की ही है। इस पुस्तक – “अर्थशास्त्र” के अनुसार चाणक्य मौर्य दरबार का मंत्री था, जो संस्कृत भाषा ही बोलता एवं समझता था| मौर्य काल के कई भारतीय एवं विदेशी भाषाओं में लेख मिले हैं, परन्तु संस्कृत भाषा में कोई लेख नहीं मिला| उस समय जब कोई अन्य लोग संस्कृत भाषा बोलते और समझते ही नहीं थे, तो कोई चाणक्य की बातें कैसे समझ पाता था? उस काल के किसी सन्दर्भ में संस्कृत भाषा या चाणक्य की कहीं भी कोई प्रमाणिक चर्चा नहीं है| सम्राट् अशोक ने ब्राह्मी (धम्म), खरोष्टि, अरामाई, एवं यूनानी लिपि में अपने अभिलेख लिखवाया, लेकिन संस्कृत भाषा या उसकी लिपि में कोई अभिलेख नहीं लिखवाया| ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि संस्कृत भाषा एवं साहित्य किसी भी स्वरूप में उस समय अस्तित्व में ही नहीं थी| ध्यान रहे कि शुद्ध संस्कृत सिर्फ़ देवनागरी लिपि में ही लिखी जा सकती है| अरामाई एवं यूनानी भाषा में  अशोक के राज्यादेश का एक  द्विभाषीय अभिलेख उपलब्ध है| मौर्य राजाओं के दरबार में कई भाषाओं के द्विभाषिए थे, बस सिर्फ़ संस्कृत भाषा के नहीं थे| स्पष्ट है कि उस समय 'संस्कृत भाषा' थी ही नहीं | यदि चाणक्य मंत्री था, और महत्त्वपूर्ण भी, तो अशोक के लेख संस्कृत भाषा में अवश्य मिलते| इस तरह अब चाणक्य भी काल्पनिक साबित हो गया है|

सभी 'आर्य संस्कृति के ग्रन्थ' जो कागज़ की पांडुलिपि पर नागरी लिपि एवं संस्कृत भाषा में हैं, वे सभी दसवीं से चौदहवीं शताब्दी के बीच के ही हो सकते हैं, इस काल के पूर्व के वे कदापि नहीं हो सकते| कवि  तुलसीदास ने अपनी हिन्दी में संस्कृत भाषा, शब्द एवं व्याकरण का प्रयोग किया है| परन्तु तुलसीदास के पहले के कबीर ने संस्कृत का प्रयोग नहीं किया, और संधि- समास का भी प्रयोग उन्होंने नहीं किया है| तुलसीदास 'सोलहवीं -सत्रहवीं सदी' के थे, जबकि कबीर दास 'पंद्रहवीं सदी' के थे| कालिदास के नाटकों में ऊँची 'प्रस्थिति' (High Status/ऊपरी वर्ग) के लोग संस्कृत भाषा बोलते तथा समझते थे, और नीची प्रस्थिति (नीचले वर्ग एवं अवर्ण) के लोग एवं सभी स्त्रियाँ प्राकृत भाषा बोलते तथा समझते थे, अर्थात् उस समाज में एक ही परिवार में माँ एवं पुत्री (स्त्री) सिर्फ़ प्राकृत भाषा बोलती और समझती थी, और पुत्र एवं पिता सिर्फ़ संस्कृत भाषा ही बोलता और समझता था| ऐसा समाज या तो पूरी तरह काल्पनिक था या फिर ऐसा साहित्य ही पूरी तरह से एक कपोल-कल्पित कथा मात्र है| आर्यों की कहानियों के प्रमुख शिल्पकारों में वाल्मीकि और व्यास नामक व्यक्तिओं की ऐतिहासिकता का कोई साक्ष्य एवं प्रमाण नहीं मिला है| इससे यह स्पष्ट है कि इन "काल्पनिक रचनाकारों" का सृजन बाद के कालों में किसी गुमनाम रचनाकारों ने इसे पूर्ववर्ती गौरवमयी काल का बताने के लिए किया| एक अनुमान है कि इन कार्यों को जैमिनी और कुमारिल भट्ट ने नौवीं-दसवीं शताब्दी में किया| संस्कृत भाषा की प्राचीनतम 'कागज़ी' पाण्डुलिपि 'शतपथ ब्राह्मण' की है, जो कश्मीर से मिला है,और जिसे 1089 ई० का बताया जाता है|

ये सब अकाट्य तथ्य, साक्ष्य एवं तर्क यह स्पष्ट करते हैं कि आर्यों की एकमात्र भाषा संस्कृत भाषा एवं उसके साहित्य की उत्पत्ति नौवीं सदी से पहले नहीं हुई थी| इसका स्पष्ट अर्थ यह है कि ‘आर्य आगमन’ एवं ‘संस्कृत भाषा एवं साहित्य’ पर आधारित सारा इतिहास, संस्कृति, साहित्य, और परम्परा भी 'नौवीं शताब्दी' से पुरातन नहीं है | इस तरह संस्कृत भाषा एवं साहित्य की प्राचीनता का तर्कसंगत एवं साक्ष्यात्मक खंडन हो जाने से तथाकथित ‘आर्यों की कहानी’ एवं तथाकथित ‘मूल निवासी' की कहानी बकवास साबित होती है| इस तरह तथाकथित वैदिक एवं अन्य सम्बन्धित तथ्यों की ऐतिहासिकता ही समाप्त हो जाती है| ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि इन आर्यों की पूरी संस्कृति ही संस्कृत भाषा एवं साहित्य पर आधारित है|

निरंजन सिन्हा 

गुरुवार, 6 अक्टूबर 2022

'इतिहास' को क्यों बदलना पड़ता है?

हम पाते हैं कि ‘इतिहास’ को बदलने, यानि इसके ‘पुनर्लेखन’ की आवश्यकता होती है| परन्तु क्यों? ऐसा कभी नए तथ्यों के नाम पर, कभी नए शोधों के परिणाम के नाम पर, कभी ऐतिहासिक त्रुटियों को सुधारने के नाम पर, कभी राष्ट्रीय संस्कृति की आवश्यकता के नाम पर और कभी ऐतिहासिक वास्तविकता की स्थापन के नाम पर किया जाता है| यह हर काल और हर क्षेत्र में होता रहता है, एवं यदि वह समाज बौद्धिक एवं सजग है और अपेक्षित परिवर्तन चाहता है| कोई इसे ‘सांस्कृतिक क्रान्ति’ का भी नाम देता है, जो दरअसल ‘वर्तमान इतिहास’ को एक झटके में ही बदलने का सफल प्रयास होता है| अत: “इतिहास को बदलना” सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक नव निर्माण का मूल, मौलिक एवं विशिष्ट आधारभूत संरचनात्मक अनिवार्यता भी कहा जा सकता है|

आप पायेंगे कि हर समाज अपने द्वारा धारित संस्कृति को पुरातन एवं सनातन साबित करना चाहता है और इसीलिए हर संस्कृति को पुरातन एवं सनातन साबित होना होता है| इससे ही कोई संस्कृति गौरवशाली हो जाता है और इसीलिए उसके हर एक सदस्य के लिए अनुकरणीय भी हो जाता है| इसी कारण जब कोई व्यक्ति या समूह कोई नई संस्कृति को अपनाता है, तो वह उस संस्कृति में प्रचलित पुरातन नाम, संस्कार एवं रीति- रिवाज को भी अपनाता है| इससे उसे यह लगता है कि तब पूरा समाज उसे उस पुरातन एवं सनातन समाज एवं संस्कृति का हिस्सा मान लेता है और इसीलिए वह भी गौरवशाली हो जाता है, यानि वह गौरवशाली महसूस करता है|

यह हर संस्कृति का मानवीय मनोवैज्ञानिक पक्ष है, जिसे समझना चाहिए| हर व्यवस्था अर्थात शासन उस क्षेत्र की पुरातन, सनातन, ऐतिहासिक, सर्वव्यापी एवं गौरवशाली संस्कृति का अनुकरण करता हुआ अपने को साबित करना चाहता है| इसे “शासन की सांस्कृतिक आवश्यकता” (Cultural Necessity of Governance) भी कह सकते हैं| इसी सांस्कृतिक गौरव एवं आवश्यकता के नाम पर यथास्थितिवाद बनाए रखने में भी सहायता मिलती है, या सांस्कृतिक परिवर्तन करने की आवश्यकता जताती है| इसी तथाकथित गौरव के नाम पर शासन तंत्र, यानि शोषण तंत्र की हर गलतियों को सांस्कृतिक पहचान बनाने के नाम पर सही एवं न्यायसंगत किया जाता है| इसे अक्सर राष्ट्रीयता की भावना से जोड़ दिया जाता है और इस तरह यह “शासन की सांस्कृतिक आवश्यकता” "राष्ट्रीय संस्कृति की अनिवार्यता" भी बन जाती है, यानि अपनी हर शासकीय गतिविधि पर राष्ट्रीय संस्कृति का आवरण ओढा दिया जाता है||

यह एक बहुत महत्वपूर्ण और विचारणीय विषय है| व्यवस्था और शासन एक ही नहीं है, व्यवस्था एक व्यापक अवधारणा है और शासन उसमें समाहित होता है। हालाँकि व्यवस्था में शासन को शामिल किया जा सकता है, परन्तु शासन में पूरी व्यवस्था को शामिल नहीं किया जा सकता है| व्यवस्था में हम, आप और सब कोई के साथ समाज द्वारा निर्मित हर संस्था भी शामिल होता हैं, लेकिन शासन में विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका एवं प्रचारपालिका पर ही ध्यान जाता है|

हमें व्यक्ति, शासन, व्यवस्था एवं संस्कृति में अंतर समझना चाहिए| ‘व्यक्ति’ एवं ‘शासन’ (Governance) बदलने से ‘जीवन-संस्कृति’ में कोई विशेष अंतर नहीं पड़ता है, परन्तु ‘व्यवस्था’ (System) एवं ‘संस्कृति’ बदलने से ‘जीवन-संस्कृति’ में बहुत कुछ बदल जाता है| व्यवस्था को किसी तंत्र का हार्डवेयर एवं संस्कृति को किसी तंत्र का साफ्टवेयर कह सकते है, और यही इनके महत्त्व को रेखांकित करता है|

सामान्यत: ‘शासन’ एवं ‘व्यवस्था’ उस समय की प्रचलित संस्कृति का ही उत्पाद होता है और इसीलिए दोनों का स्वार्थ एक ही होता है| दोनों ही एक दुसरे के अस्तित्व का संरक्षक होता है| एक संस्कृति को पुरातन, सनातन, ऐतिहासिक एवं गौरवशाली होने के लिए कई मिथक गढ़े जाते हैं| संस्कृति को पुरातन, सनातन, ऐतिहासिक एवं गौरवशाली होने से यह हर किसी के लिए भी अनुकरणीय हो जाता है| इस तरह इस पर प्रश्न उठाना या शंका करना राष्ट्रद्रोह भी माना जा सकता है, क्योंकि यह राष्ट्रीय संस्कृति का स्वरुप पैदा करता है| ऐसी संस्कृति पर प्रश्न करना या शंका करना आपको समाज विरोधी भी साबित कर सकता है| "आर्यों की कहानी" भी इसी उद्देश्य को पूरा करता एक शानदार मिथक है|

डॉ आम्बेडकर भी हर सकरात्मत्क एवं सृजनात्मक राजनीतिक व्यवस्था की निर्माण की पूर्व शर्त सांस्कृतिक व्यवस्था में परिवर्तन को रखते हैं| यह सांस्कृतिक आवश्यकता उस व्यवस्था के महत्त्व, गहराई, व्यापकता एवं प्रभावशीलता को रेखांकित करता है| इसी कारण यह इतिहास साजिश का हिस्सा भी बनता है|

संस्कृति किसी जनसमूह या समुदाय की  किसी  खास  समय  पर  उनके  जीवन  जीने का तरीका है। इसमें उस जनसमूह की सामान्य परम्परा एवं विश्वास समाहित होता है। किसी देश की संस्कृति उसकी सम्पूर्ण मानसिक निधि (Mental Treasure) को सूचित करती है। संस्कृति किसी समाज के वे सूक्ष्म संस्कार हैं और किसी समाज में गहराई तक व्याप्त गुणों की समग्रता है, जो उस समाज की सोचने, विचारने, और व्यवहार एवं कार्य करने की प्रतिरूप (Pattern) से बना है। संस्कृति जीवन जीने की विधि है। संस्कृति मानव द्वारा उत्त्पन्न एक मानसिक पर्यावरण है। यह संस्कृति सामाजिक तंत्र चलाने वाला महत्वपूर्ण साफ्टवेयर है। किसी संस्कृति का निर्माण उस समुदाय की ‘सांस्कृतिक बोध’ (Perception of Culture) यानि ‘ऐतिहासिक बोध’ (Perception of History) से होता है| संस्कृति का निवास उसके मानस (Mind) में होता है। इसलिए किसी सोच या मानसिकता को बदलने के लिए, या बनाए रखने के लिए इतिहास को ही बदलना होता है| हम कह सकते हैं कि संस्कृति मानवीय समाजों में पाए जाने वाले सामाजिक व्यवहार, सामाजिक मूल्य, सामाजिक आदर्श (Model), सामाजिक प्रतिरूप (Pattern) और सामाजिक प्रतिमान (Norm) है।

हम लेखक जार्ज ओरवेल को याद करते हैं| उनके शब्दों में- “जो इतिहास को नियंत्रण में रखता है, वह भविष्य को भी नियंत्रण में रखता है|” वह ऐसा इसलिए कर सकता है, क्योंकि वह संस्कृति की क्रियाविधि को नियंत्रण में ले लेता है। इस तरह वह उस समाज को स्वत: संचालित करने वाला साफ्टवेयर को ही नियंत्रित कर लेता है| उन्होंने यह भी बताया कि हर शासक वर्ग को शासितों के वर्ग पर शारीरिक एवं आर्थिक नियंत्रण के अतिरिक्त मानसिक तौर पर भी नियंत्रण करना पड़ता है| यह सांस्कृतिक नियंत्रण यानि मानसिक नियंत्रण बहुत प्रभावशाली होता है| इससे शासित यानि शोषित समुदाय स्वचालित ढंग से नियंत्रित रहता है| यह तरीका प्रतिरोध रहित होता है| इसमें शासित या शोषित को यह पता भी नहीं लगता है कि वह किसी से नियंत्रित, नियमित एवं संचालित भी है| हर शासित (शोषित) को यह लगता है कि वह अपना सांस्कृतिक एवं सामाजिक धर्म का निर्वहन कर रहा है, जो हर व्यक्ति एवं वर्ग को करना चाहिए| यह संस्कृति की साफ्टवेयर की असरदार प्रभावकारिता है|

शासित वर्ग पर यानि शोषित वर्ग पर नियंत्रण करने के लिए उसके इतिहास बोध को बदलना होता है और इसे बदल कर ही उसकी संस्कृति को बदला जाता है| ‘आर्यों की कहानी’ एवं ‘मूल निवासी की कहानी’ इसी उद्देश्य की पूर्ति का हिस्सा है| बदले संस्कृति का प्रभाव सदियों तक बना रहता है| संस्कृति को बदल देने से सब नियंत्रण स्वचालित (Automated) हो जाता है| शासित वर्गों को यह इतिहास बोध या यह सांस्कृतिक समझ उसे धर्म एवं धार्मिक कर्तव्य एवं संस्कार लगता है| इसे बचाए रखना या उसे बनाए रखना उनका धार्मिक उत्तरदायित्व हो जाता है| वर्तमान इतिहास को बदलने के लिए पुराने इतिहास को नष्ट करना होता है, या उसे विरूपित (बिगाड़) करना होता है, या उसे बदलना होता है| पर इसे धैर्यपूर्वक एवं धीरे- धीरे करना पड़ता है| इसके लिए बुद्धिजीवियों का सहारा लेना पड़ता है और तकनीकी समर्थन के साथ संचार के साधनों यानि मीडिया को नियंत्रित भी करना होता है|

इतिहास को बदल कर कोई समाज एवं राष्ट्र को गर्त में भी पहुँचा सकता हैं, या विकास के शिखर पर भी ले जा सकता है। यह हमारी मंशा एवं हमारी बोद्धिक क्षमता पर निर्भर करता है|

आचार्य प्रवर निरंजन जी


शनिवार, 1 अक्टूबर 2022

विकास में इतिहास की भूमिका

(Role of History in Development)

इतिहास और विकास में बहुत गहरा सम्बन्ध है, लेकिन इतिहास का अर्थ यह नहीं है कि जो वास्तव में हुआ है, क्योंकि कोई भी सत्य सदैव सही नहीं होता है। एक सत्य भी एक पक्षीय हो सकता है। कोई भी उस तथाकथित वास्तविकता का वर्णन पूरा सही एवं समुचित होने का दावा नहीं कर सकता है| इतिहास का वास्तविक अर्थ यह है कि इसे आज कैसे और किस प्रयोजन के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है| इतिहास की शुरुआत उसकी सभ्यता एवं संस्कृति के साथ ही शुरू हो जाती है| चूँकि इतिहास की जड़े सभ्यता एवं संस्कृति की गहराइयों में होती है, इसीलिए इतिहास और सभ्यता एवं संस्कृति ही एक दूसरे को हर काल एवं अवस्था के विकास को प्रभावित, नियंत्रित एवं संचालित करती रहती है| वर्तमान और भविष्य के विकास का भी इतिहास से गहरा सम्बन्ध है, क्योंकि कोई भी वर्तमान और भविष्य अपने इतिहास की नींव पर ही खड़ा होता है| चूँकि वर्तमान की सारी समस्यायों की जड़ें इतिहास की गहराइयों तक जाती है, इसीलिए वर्तमान की सभी समस्यायों के समाधान के लिए और भविष्य की तैयारी के लिए हमें इतिहास की गहराइयों में जाकर ही उसमे सुधार करना होगा| वैसे इतिहास में समय - काल एवं वस्तुएँ तो ऐतिहासिक काल की होती है, परन्तु इतिहास लिखने वाला इतिहासकार वर्तमान का होता है, और इसीलिए कोई भी इतिहास अपने वर्तमान और भविष्य के सन्दर्भ में ही लिखा जाता है|

यह ध्यान रहे, कि इतिहास लोगो का होता है, जो लोगों के सर्वांगीण विकास में मायने रखता है| किसी क्षेत्र के लिए मानवीय इतिहास का काल बहुत छोटा तो हो सकता है, परन्तु उनलोगों का इतिहास अवश्य ही गौरवपूर्ण रहना चाहिए| दरअसल कोई भी इतिहास गौरवपूर्ण होता ही नहीं है, बल्कि यह "गौरवपूर्ण इतिहास" उन इतिहासकारों की अभिवृति पर निर्भर करता है, जो इसे गौरवपूर्ण बनाता है, या नहीं बनाता है| यह इतिहासकारों की सकारात्मक सोच एवं अभिवृति पर पूर्णतया निर्भर करता है, क्योंकि वही भावना लोगो में आ जाता है, जो भावना वह उत्पन्न करना चाहता है| इसीलिए किसी के विकास के लिए उसके इतिहास काल का लम्बा होना जरुरी नहीं है, बल्कि उसके इतिहास बोध की प्रस्तुति यानि उपस्थापन का स्वरुप महत्वपूर्ण होना चाहिए|

....  इसे समझे बिना वर्तमान मानव संसाधन में कोई गुणात्मक एवं बड़ा मात्रात्मक सुधार या संवर्धन नहीं लाया जा सकता है| इसलिए विकास की गति को तेज करने एवं महत्तम करने के लिए हमें इतिहास में किए गए या हो गए अवैज्ञानिक एवं अमानवीय गलतियों को पहचान कर उसे सुधारना होगा| इस दृष्टिकोण से हमें अपने इतिहास को जानना और समझना होगा, तभी उस त्रुटि को सुधारा जा सकता है, और वर्तमान में अपेक्षित विकास को पाया जा सकता है|

....... भारतीय समाज अभी भी अपने सोच में रुढ़िवादी है, अन्धविश्वासी है, और ढोंग – पाखंड में डूबा हुआ है| भारत के “विश्लेषण माडल” से विश्व के सभी अविकसित एवं विकासशील समाजों एवं उनके संस्कृतियों की समस्यायों को समझा जा सकता एवं उसका समाधान पाया जा सकता है| ……….

……. एक ‘सामान्य मानव’ को ‘उपयुक्त मानव’ संसाधन में रुपान्तरित करने लिए उसकी मानसिकता (Mentality), भाव (Spirit) और अभिवृति (Attitude) में सकारात्मक गुणात्मक परिवर्त्तन करने होते हैं। यह रुपान्तरण संस्कृति से ही नियंत्रित, निर्धारित एवं संचालित होता है, और किसी की संस्कृति उसके 'इतिहास बोध' (Perception of  History) से ही प्रभावित एवं निर्धारित होती है। और मैंने यहाँ यही बताने का प्रयास किया गया है, जो विकास की गाथा एवं प्रक्रिया में अभी तक उपेक्षित रहा है। भारत को आधुनिक बनने के लिए भारत को एक सशक्त, विकसित, एवं समृद्ध राष्ट्र बनना होगा। इसके लिए हर भारतीय की मानसिकता, भावना एवं अभिवृति को सकारात्मक एवं सृजनात्मक बनाना होगा| सामान्य जनों में वैज्ञानिक मानसिकता विकसित करना होगा| इसके लिए हमें संक्षेप में, ‘राष्ट्र’, ‘विकास’, ‘संसाधन’, और ‘संस्कृति’ को इतिहास के सन्दर्भ में समझना होगा। ……..

….. अर्थशास्त्री विद्वान अमर्त्य सेन ने विकास की अवधारणा में “सक्षमता उपगमन” (Capability Approach) को शामिल किया है| इस अवधारणा में लोगों को कार्य करने की स्वतंत्रता के साथ उनके उच्चतर अवस्था का क्षमता (Capability) प्राप्त कर लेने की सांस्कृतिक अवस्था शामिल है। ........  विकास का पक्ष मात्र आर्थिक नहीं होता है, अपितु एक बहु आयामी प्रक्रिया है, जिसके अन्तर्गत तमाम आर्थिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक व्यवस्था का पुनर्गठन (Re Organization), पुनर्संरचना (Re Structure) एवं पुनर्निधारण (Re Orientation) होना होता है। विकासात्मक प्रक्रिया में मानवीय जीवन मे गुणात्मक सुधार लाना प्राथमिकता रहता है।

विश्व बैंक ने विकास को सरल तरीके से परिभाषित  किया है, जिसमें कहा गया कि “विकास ऐसी सामाजिक- सांस्कृतिक परिवर्त्तन लाता है, जो लोगों को उनकी मानवीय क्षमताओं को प्राप्त करने की व्यवस्था करती है।” इस तरह यह विकास एक सामाजिक- सांस्कृतिक संरचनात्मक रुपान्तरण की प्रक्रिया है। इसे “ऐतिहासिक रूपान्तरण” की प्रक्रिया कहा जाना उचित है।  ……

 ‘संसाधन’ (Resource) हमारे वातावरण में उपलब्ध वे सभी चीजें हैं, जो हमारी आवश्यकताओं को पूरा करता है, और यह तकनीकी रूप में संभव/ पहुँच योग्य (Accessible) हो, आर्थिक रूप में मितव्ययी (Economic) हो, एवं सांस्कृतिक रूप में प्रतिषेधित (Prohobited) नहीं हो| ‘संसाधन होना’ एक विशेषता या प्रक्रिया है, जो मानव जीवन की गुणवत्ता में वृद्धि करता है। संसाधन वह स्रोत या आपूर्ति है, जिससे कोई लाभ उत्पादित हो या कोई  मूल्य वर्धन (उपयोगिता) हो। .........

स्पष्ट है कि मानव ही सबसे बडा संसाधन है, जो किसी भी चीज को एक महत्वपूर्ण संसाधन में बदल देता है। इसी कारण परम्परागत संसाधनों के अभाव वाला देश भी अपनी बेहतर संस्कृति के कारण यानि अपनी उच्च स्तरीय वैज्ञानिक मानसिकता की संस्कृति के कारण अपने मानवीय संसाधन के उपयोग से अपने देशों  को अग्रणी देश  बनाया हुआ है| .... मानव को संसाधन बनाने में उसका संस्कार अर्थात् उसकी संस्कृति ही प्रमुख है, क्योंकि इसमें उसकी बुद्धिमता, ज्ञान, अभिवृति, चरित्र (न्यायिक चरित्र भी इसमें शामिल है), देश भक्ति, मानवीयता आदि सभी विशेष गुणवत्ता शामिल होती है। किसी की समुचित यानि उपयुक्त संस्कृति का निर्माण उसके इतिहास बोध से होता है, जो समुचित इतिहास लेखन से ही संभव है और यही उपयुक्त मानसिकता का निर्माण भी करता है।

इस मानसिकता में अपेक्षित सुधार किए बिना कोई आर्थिक सम्बल, समर्थन एवं आधारभूत ढाँचा काम नही करता है, क्योंकि विकास करना भी मानव को है, विकास पाना भी मानव को है और विकास किया जाना भी मानव के द्वारा ही है। यदि पात्र, साधन एवं कार्यकारी तंत्र ही अयोग्य होगा, तो सब चीज बेकार है और किसी भी समाज के लिए यही स्थिति सबसे दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत की स्थिति यही है, जिसे समझना आवश्यक है। .....

किसी भी संस्कृति को समझने के लिए उसके प्राचीनतम काल तक को समझना होता है। भारत के प्राचीन इतिहास के अध्ययन एवं लेखन में उपलब्ध साहित्यिक साधन ही प्रभावी रहा है। वास्तव में ये सभी साहित्यिक साक्ष्य स्वयं इतिहास के द्वितीयक स्रोत भी नहीं हैं, क्योंकि यह स्वयं दुसरे अप्रमाणिक यानि मिथकीय साहित्यिक स्रोत पर आधारित होता है| वह स्वयं किसी प्राथमिक स्रोत पर आधारित नहीं है एवं किसी भी पुरातात्विक साक्ष्य से समर्थित भी नहीं होता है| भारतीय प्राचीन साहित्य का तथाकथित मौखिक एवं स्मृति स्वरुप के कारण ही इसमें विवाद है| अब इन साहित्यों के समर्थन में अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों यथा पुरातात्विक विज्ञान, भाषा विज्ञान, धातु विज्ञान, जीव विज्ञान आदि की मांग होने लगी है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए इतिहास के क्षेत्र में अन्य विधाओं एवं विज्ञानों की आवश्यकता हो गयी| भारतीय इतिहास को साक्ष्यों के साथ समर्थित करने के लिए इतिहास को मिथकों से उपर उठाना होगा।

......  कुछ लोग इतिहास की धार्मिक व्याख्या के नाम पर अतार्किक हो गए हैं तथा धार्मिक यानि सांस्कृतिक सामंतवाद के समर्थक हो गए हैं, जो राष्ट्र के निर्माण और विकास में बाधक बना हुआ है।

भारत में सामंतवाद का कौन कौन सा स्वरूप आज भी जीवित है? भारतीय सामंतवाद को और उसके विभिन्न स्वरूप को समझे  बिना आधुनिक भारत का कल्याण नहीं है। कतिपय भारतीय इतिहासकारों को अपनी क्षमता एवं योग्यता पर विश्वास ही नहीं होता है और वे सभी परिभाषाओं एवं अवधारणाओं के लिए सदैव पश्चिम की ओर ही उन्मुख रहते हैं| ये इतिहासकार भारतीय सन्दर्भ में कोई नयी परिभाषा एवं अवधारणा गढ़ने लायक भी नहीं है| ये सदैव भारत देश की हर संकल्पना को पश्चिम की कसौटी एवं मानक पर ही कसने को आमदा रहते हैं, मानो भारत की कोई अलग संस्कृति एवं समस्या ही नहीं है| समस्त यूरोप की आबादी एवं विविधता अकेले भारत में समाहित है, और कोई हर सन्दर्भ के लिए यूरोप को ही देखता/ ताकता (Stare) रहता है| यदि कोई भारतीय संकल्पना यूरोपीय संकल्पना के अनुरूप नहीं है, तो वे इसे बड़ी तत्परता से ख़ारिज करने को उतावले रहते हैं| जब पश्चिम यूरोप का सामन्तवाद पूर्वी यूरोप के सामन्तवाद से भिन्न हो सकता है, तो इस पुरानी दुनिया का सामन्तवाद क्यों नहीं बहुत भिन्न होना चाहिए?

यूरोप की सामाजिक व्यवस्था में ‘कास्ट’ (Caste) प्रचलित था, जबकि भारत में ‘जाति’ (Jati) की व्यवस्था प्रभावी रही| भारतीय विद्वानों ने इस ‘कास्ट’ और ‘जाति’ को समानार्थी बता कर एक बड़ा बौद्धिक घोटाला ही कर दिया है| पश्चिम के विद्वान् इन अंतरों को नहीं समझते हैं, तो इन भारतीय विद्वानों को इसे स्पष्ट करना चाहिए| किसी की ‘कास्ट’ उसके जीवन में बदल सकता है, जबकि किसी की ‘जाति’ उसके जीवन काल में कभी नहीं बदल सकती है|   

......  सामन्तवाद को सरल शब्दों में “अवसरों की समानता का अन्त” (सामन्त = समानता + अन्त) कहा जाता है| इसमें “जन्म के वंश के आधार पर कार्य करने का अवसर” मिलता है और किसी की योग्यता एवं कुशलता की कोई विशेष महत्व नहीं दिया जाता है| यही अवसर की समानता का अन्त ही सामन्तवाद है|

सामन्तवाद इतिहास की एक अवस्था है, जिसकी उत्पत्ति एवं विकास उत्पादन, वितरण, विनिमय एवं उपभोग के साधनों और शक्तियों एवं उनके अन्तर्सम्बन्धों के आधार पर हुई है। यह एक आर्थिक- सामाजिक- धार्मिक संरचना है, जिसके द्वारा समाज एवं राज्य को संचालित किया जाता रहा। इस सामन्ती व्यवस्था को “शासक द्वारा अबाध गति से शासितों के शोषण का दर्शन” भी कह सकते हैं। सामन्तवाद ने अपने हितों के अनुरूप पहले से मौजूद संस्कृति का विरुपण (distortion, deformation) कर दिया और उसे धर्म का आवरण यानि खोल (Veil) भी ओढा दिया| धर्म का आवरण किसी शोषक तंत्र के स्वरुप को धार्मिक एवं सांस्कृतिक बना देता है| किसी का धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरुप यानि आवरण उस शोषण तंत्र को पवित्र संस्कार एवं परम्परा में बदल देता है| इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आवरण यानि  खोल के कारण कोई भी इस शोषण तंत्र का विश्लेषण नहीं कर सकता, क्योंकि इसे संस्कृति एवं धर्म के विरुद्ध व्यवहार तथा सोच मानी जाती है| इससे यथास्थितिवादियों की कुत्सित इरादों को कोई भांप भी नहीं सकता है|

‘‘धर्म, धार्मिक विचार- विश्वास, एवं संस्थाएँ” सामन्तवाद की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है। ......  भारत में धार्मिक सामन्तवादी दर्शन का अबतक नष्ट नहीं हो पाने से ही भारत अबतक पिछडा हुआ है| यह सामन्ती संस्कृति अभी भी भारतीय समाज में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूपों में प्रचलित है,  या प्रभावी है| यह व्यवस्था यानि प्रणाली अभी भी भारतीय समाज को नियंत्रित, संचालित, नियमित एवं प्रभावित कर रहा है, जिसे यथा​स्थितिवादी जाने- अनजाने में अपने हित के लिए इसे भारत के विकास के विरुद्ध बनाए हुए है और बनाए रखना चाहते हैं। उन यथास्थितिवादियों की यह सोच एवं व्यवहार भारत के राष्ट्रराज्य की स्थापना के विरुद्ध है| ......

भारत में वर्तमान धार्मिक- दर्शन, धर्म, सम्प्रदाय और अध्यात्म अपने मध्यकालीन उत्पन्न सांस्कृतिक सामंती स्वरुप में मौजूद है। सामंत काल में यानि मध्य काल में पुरातन एवं तत्कालीन प्रचलित भारतीय परम्पराओं एवं अवधारणाओं की विषय वस्तु का उपयोग कर सामन्ती बुद्धिवादियों ने ही एक नए धार्मिक दर्शन को स्थापित किया, जो सामन्ती व्यवस्था के पूर्णतया अनुरूप हुआ। यह सामंतवाद की शक्तियों की परिस्थितिजन्य उपज थी, पर आज सामंतवाद के किसी भी स्वरूप की आवश्यकता नही है। आज सामन्तवादी संस्कृति ही भारत की विकास को बाधित किए हुए है, जो आज सनातनता, प्राचीनता और उत्कृष्टता का काल्पनिक चादर ओढ़े हुए है|

भारत अभी भी सामन्तवादी धार्मिक व्यवस्था में उलझा हुआ है और इसी कारण भारत का अपेक्षित विकास नही हो पा रहा है। भारत में समस्त विकास के लिए इस सामन्ती व्यवस्था को ध्वस्त करने की अनिवार्यता है। बौद्धिकता एवं मानवतावाद के जीवन दर्शन पर आधारित सामाजिक- आध्यामिक व्यवस्था ही युवाओं का और सर्वजन का कल्याण करेगा। .....

स्पष्ट है कि किसी भी समाज या राष्ट्र के सम्यक विकास में इतिहास की यानि इतिहास बोध की ही स्पष्ट भूमिका होती है, परन्तु कुछ तथाकथित प्रबुद्ध लोग समूचे समाज एवं राष्ट्र को भटकाए हुए रखते हैं|

 

   आचार्य प्रवर निरंजनजी 

सोमवार, 26 सितंबर 2022

इतिहास का संरचनात्मक पहलू

इतिहास की संरचनात्मक विन्यास (Matrix) के विभिन्न पहलू हैं, जिनमे कुछ विशिष्ट अवधारणाओं की यहाँ स्पष्ट किया गया है ......

 

1. “इतिहास का सूत्र या संकेत संरचना” 

(Click Structure of History) -

 यह इतिहास की संरचना का वह स्वरुप है, जिसमे एक सूत्र की संरचना यानि एक संकेत की संरचना से ही इतिहास से सम्बन्धित उस विषय का सारा सन्देश समझ में आ जाता है| यह सूत्र या संकेत कोई शब्द या कोई शब्द समूह हो सकता है| ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि एक संकेत अपने साथ ही उसके सम्पूर्ण ऐतिहासिक संरचना को प्रेषित कर देता है, जिसमे इतिहास की पूरी संरचना ही समाहित होता है| जैसे यदि कोई भारतीय “हिन्दू संस्कृति” को मानता हुआ है, तो इतिहास का संरचनावाद यह स्पष्ट संकेत (सन्देश) देता है कि वह भारतीय वर्ण व्यवस्था के किसी एक खास ‘वर्ण’ में किसी एक खास ‘जाति’ का सदस्य होगा और उसका जीवन एवं कर्तव्य बोध उसी जाति के अनुसार ही सुनिश्चित होगा, और कोई भी इस अवस्था को उसके जीवनकाल में किसी भी प्रक्रम से कभी भी बदल नहीं सकता है| वह एक निश्चित विश्वास एवं संस्कार में आस्था रखता हुआ किसी खास जीवन पद्धति, परम्परा, कर्मकाण्ड आदि को करता हुआ होगा| कहने का तात्पर्य यह है कि इतिहास के ‘संरचनावाद’ के कारण ही एक ही संकेत से सब कुछ स्वत: स्पष्ट हो जाता है| इस तरह एक इतिहासकार को यह स्पष्ट होना होता है कि वह एक इतिहासकार के रूप में शब्दों या शब्दों के समूहों के द्वारा कैसा सन्देश प्रेषित करना चाहता है? ........... एक गलत सन्देश या विध्वंसकारी विचार या आदर्श के सम्प्रेषण के लिए उसे इतिहास कभी भी माफ़ नहीं करेगा और उसकी अगली पीढ़ी भी उससे घृणा करेगी|

 

2.  “इतिहास का संरचनात्मक आशय एवं इतिहास का संरचनात्मक विस्तार” 

(Structural Intention of History and Structural Extension of History) –

यह इतिहास की संरचना का दूसरा स्वरुप है, जो इतिहास में एक शब्द या शब्द समूह के द्वारा उसका आशय (Intention) एवं विस्तार (Extension) का अर्थ संप्रेषित करता है यानि अर्थ देता है| इसमें उन शब्दों या शब्द समूहों को तार्किकता (Logic) एवं दार्शनिकता (Philosophy) की संरचना के साथ शब्दों या शब्द समूहों में सन्दर्भ स्थापित करता है और शब्दों को एक खास अवधारणा (Concept) से जोड़ता है| यहाँ ‘आशय’ का अर्थ इतिहासकार की उस मंशा यानि नीयत (Intention) से है, जिसका  सम्प्रेषण (Communication) वह उस शब्द के साथ करना चाहता है| इसी तरह यहाँ ‘विस्तार’ (Extension) का अर्थ उस व्याप्ति (व्यापकता) से है, जो इतिहासकार उस शब्द के द्वारा देना चाहता है|

इसे निम्न उदाहरण से समझा जाय| जैसे यदि किसी व्यक्ति के बारे में किसी इतिहास में यह चर्चा है कि वह एक धार्मिक व्यक्ति था| यहाँ ‘धार्मिक’ शब्द में एक संरचनात्मक अवधारणा अन्तर्निहित है, जो इतिहास के इस शब्द का आशय या नीयत को दर्शाता है| ‘धार्मिकता’ की अवधारणा में संस्कृति, क्षेत्र, काल या कोई भी अन्य पृष्ठभूमि के अनुसार भिन्न भिन्न आशय हो सकता है| ..........  इसी तरह अलग अलग वस्तुओं की अलग अलग धार्मिकता होती है| हालाँकि यही गुणवत्ता और विशेषता का अर्थ विशेष मानव समूहों में किसी अलौकिक शक्ति, कर्मकांड, विश्वास आदि से भी जुड़ सकता है, जो उसकी संस्कृति, इतिहास, अनुभव एवं समझ के अनुसार बदल सकता है| यही भिन्नताएं इतिहास की संरचना का विस्तार (Extension) है, अर्थात एक ‘धामिक’ व्यक्ति से यह भी अर्थ निकल सकता है कि वह एक बौद्ध हो सकता है, या एक हिन्दू हो सकता है, या वह इस्लाम का अनुयायी हो सकता है, या किसी भी अन्य ऐसे सम्प्रदाय का अनुपालक हो सकता है, या कोई मानवतावादी हो सकता है, या कोई विज्ञानवादी हो सकता है, या कोई संशयवादी हो सकता है, या कोई अन्य ‘वादी’ हो सकता है| इस तरह इतिहास का संरचनावाद एक साथ किसी शब्द या वाक्य का ‘आशय’ भी देता है एवं उसको ‘विस्तार’ भी देकर अपने में समाहित कर लेता है| यहाँ भी एक इतिहासकार अपने द्वारा लिखित यानि निर्मित इतिहास के द्वारा ऐसा संरचना तैयार करता है, जो स्पष्ट रूप में और अन्तर्निहित भाव में उसी आशय का संचार करता है एवं उसी सन्देश का विस्तार भी करता है, जिसे वह सम्प्रेषित करना चाहता है| इस आशय एवं विस्तार को व्यापक/ सर्व समाज एवं सम्पूर्ण राष्ट्र के हितों एवं लक्ष्यों के अनुरूप होना होता है|

 

3. “इतिहास की नवबोल संरचना” 

(NewSpeak Structure of History) –

‘इतिहास की संरचना’ के साथ एक और शब्द या अवधारणा इतिहास की संरचना को समझने के लिए दिया गया है| यह इतिहास की संरचना में “नवबोध” यानि “NewSpeak” के प्रयोग के साथ है| इतिहास की संरचना में इस शब्द “NewSpeak” का प्रथम उपयोग मैंने किया है, जिसका हिंदी अनुवाद “नवबोल” (नया बोल यानि नया शब्द) किया हूँ| इसका सर्वप्रथम  उपयोग प्रसिद्ध लेखक जार्ज आरवेल ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक “उन्नीस सौ चौरासी” (1984) में किया था| यह राजनीतिक सामाजिक  प्रचार में मुख्य रूप में इस्तेमाल की जाने वाली अस्पष्ट व्यंजनापूर्ण भाषा है, जिसका एक ख़ास उद्देश्य होता है| यह किसी भी भाषा में किसी ‘विचार’ (Thought) को अत्यंत सीमित (Diminish) करने के लिए या उसके मूल अर्थ को प्रतिस्थापित करने के लिए बनाया गया (Designed) संरचना होता है| यह ‘नवबोल’ समाज में स्थापित ‘बड़े भाई’ (Big  Brother) का होता है, जिसमे धूर्ततापूर्ण भाव एवं मंशा होता है| ‘इतिहास का नवबोल संरचना’ को उदाहरण के साथ निम्नवत समझा जा सकता है| भारत के बौद्धिक (प्राचीन) काल में “नाग” शब्द का उपयोग समाज के संभ्रांत, बौद्धिक, समतावादी, एवं न्यायप्रिय वर्ग के लिए होता था| इनके विचार एवं व्यवहार न्याय, समानता, स्वतंत्रता एवं बधुत्व पर आधारित था, जो “समानता का अन्त” करने वाली व्यवस्था यानि ‘सामन्तवादी व्यवस्था’ के लिए घातक (Lethal) था| इसी कारण ‘नाग’ शब्द के भाव एवं अर्थ बदल देना था| इतिहास के कालक्रम में इसे समाज के नव उदित ‘बड़े भाइयों’ (सामन्ती शक्तियों) के द्वारा इसके भाव एवं अर्थ को अत्यन्त सीमित करने एवं प्रतिस्थापित करने के लिए समाज के सम्मनित इस ‘नाग’ के नाम से जाना जाने वाले समूह को एक जहरीले सांप (Snake) के समानार्थी बना दिया गया| .....   यह ‘नाग’ इतना महत्वपूर्ण था कि कई भारतीय भाषाओं की लिपि का नामकरण ‘देवों’ की ‘नागरी’ लिपि पर हुआ अर्थात ‘देवनागरी’ लिपि हुआ| प्रमुख प्राचीन ‘नागपुर’ नगर एवं ‘छोटानागपुर’ क्षेत्र इसी विशेष वर्ग के नाम पर हुआ| सामन्ती काल में ‘नाग’ को एक भारतीय जहरीले सांप से जाना जाने लगा| यह ‘नाग’ सामाजिक समूह ही प्राचीन काल में बुद्ध, बौद्ध एवं ‘शिव’ को संरक्षण देता था, जिसे सामन्तकाल में एक जहरीले सांप से संरक्षित दिखाया गया| ‘बौद्धिक नाग’ एवं उसकी समानतावादी अवधारणा सामन्तवाद के दर्शन के विरुद्ध था| इसका प्रभाव मध्यकालीन मूर्तिकला एवं चित्रकला पर भी देखा जा सकता है| “इतिहास का नवबोल” (New Speak of History) अवधारणा का कई दृष्टान्त इतिहास में भरे पड़े हैं, हमें सिर्फ सावधानी से नजरे घुमानी है| इस ‘इतिहास के नवबोल’ को इस संरचनावाद के सन्दर्भ में समझना होगा, अन्यथा कोई भी ‘नाग’ का अन्तर्निहित अर्थ नहीं समझ पायेगा|

 

4. “इतिहास  का संरचनात्मक व्यवहारवाद” 

(Structural Behaviourism of History) -  

‘इतिहास की संरचना’ से सम्बन्धित एक और अवधारणा मैंने दिया है, जो इतिहास की संरचना में व्यवहारवाद का प्रभाव स्पष्ट करता है| यह इतिहास में व्यक्ति, समाज, एवं संस्कृति के व्यवहार के प्रदर्शन, क्रियाविधि, एवं परिणाम को उसकी आंतरिक संरचना से स्पष्ट करता है| यह किसी व्यक्ति, समाज, एवं संस्कृति के आदर्श, उसकी भावना, एवं उसकी आंतरिक मानसिक अनुभव तथा सामान्य गतिविधियों को स्पष्ट करता है कि यह सब कैसे निर्मित, नियमित, नियंत्रित एवं संचालित होता है? इसे मानवीय मनोविज्ञान के सिगमंड फ्रायड की मनोविश्लेषणात्मक (Psycho Analytical) पद्धति से भी जोड़ा जा सकता है| इस व्यवहारवाद में मानव, समाज एवं संस्कृति  को इस रूप में देखा एवं समझा जाता है कि एक मानव, समाज एवं संस्कृति का आदर्श, उसकी भावना, एवं उसकी आंतरिक मानसिक अनुभव तथा सामान्य गतिविधियाँ उसके बाह्य वातावरण के द्वारा स्थापित किए गए  उद्दीपनों (Stimuli) के प्रति और आन्तरिक जैवकीय प्रक्रियाओं के प्रति की गई प्रतिक्रियाओं (Reaction to Stimuli) के अनुरूप होता है| अर्थात किसी भी व्यक्ति, समाज एवं संस्कृति के द्वारा किए गए कोई भी कार्य, या स्थापित आदर्श या कोई भी व्यवहार  उसके वातावरण द्वारा संचालित, नियमित एवं नियंत्रित कारकों की प्रतिक्रया के अनुसार होता है| जैसे यदि किसी व्यक्ति के द्वारा ‘गोबर (Cow dung) को किसी ‘देव’ मान कर पुजवाना है, तो उसके ऐसे स्वीकार्य व्यवहार को निर्मित करने एवं उसे संचालित करने के लिए उसकी शिक्षा एवं संस्कार को नियमित एवं नियंत्रित करना होगा| शिक्षा के क्षेत्र में उस व्यक्ति या उस व्यक्ति समूह को संस्कार या धर्म या ‘ईश्वरीय इच्छा’ के नाम पर ‘आस्थावान’ बनाना होगा, ‘तर्कहीन’ बनाना होगा, एवं अध्ययन से वंचित कर ‘मूढ़’ बनाना होगा| इसके ही साथ उसे मानसिक रूप से स्वचालित  (Automated) करने के लिए उसके संस्कार को बदलना होगा| मानसिक रूप से स्वचालित संस्कार के लिए इस कार्य एवं व्यवहार को ‘अपनी महान एवं गौरवमयी सांस्कृतिक विरासत तथा धरोहर’ के नाम पर एवं पुरातन तथा सनातन महान धर्म के नाम पर “आस्थावान” बनाना होगा| ...........

“इतिहास  का संरचनात्मक व्यवहारवाद” में सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूपांतरण  को समझने के लिए किसी व्यक्ति की अपेक्षा “संस्थाएँ” (Institutions) ही ज्यादा प्रभावशाली (Impressive) एवं प्रभावकारी (Effective) होती है| किसी व्यक्ति की अपेक्षा ‘संस्थाएँ’ ही किसी भी व्यक्ति, समाज एवं संस्कृति के आदर्श एवं व्यवहार को निर्मित, नियमित एवं नियंत्रित करता है| एक व्यक्ति का जीवन काल बहुत छोटा होता है, जबकि एक संस्था का जीवन काल बहुत ही लंबा होता है| व्यक्ति की अपेक्षा संस्थाएँ अदृश्य होती है, और इसकी क्रियाविधि अच्छे अच्छे की समझ से बाहर होती है| ........

5.  “इतिहास का  संरचनात्मक स्वरुप” 

(Structural Form of History) - 

किसी भी ऐतिहासिक संरचना के दो स्वरुप  – एक, मानसिक स्वरुप यानि मानसिक तथ्य (Mentifacts) एवं दुसरा, भौतिक स्वरुप यानि वस्तु तथ्य (Artifacts) होता हैं| मानसिक सरंचना अदृश्य होता है, और वस्तु संरचना दृश्य होता है| आप मानसिक संरचना को ‘सांस्कृतिक संरचना’ कह सकते हैं और वस्तु संरचना को ‘सभ्यता का संरचना’ कह सकते हैं| इस तरह इतिहास की संरचना दृश्य एवं अदृश्य दोनों स्तर पर एक साथ कार्यरत होता है| ‘सांस्कृतिक संरचना’ में निरन्तरता होती है, भले ही समय के साथ उसके स्वरुप बदलते रहे, या विरूपित होते रहें, या संवर्धित होते रहें| ‘वस्तु संरचना’ में निरन्तरता नहीं होती है, क्योंकि भौतिक वस्तुओं को एक निकट समय में समाप्त होना होता है, अर्थात एक नीयत जीवन काल होता है| इसीलिए संस्कृति में निरन्तरता होती है, जबकि सभ्यताएँ आती जाती रहती है| इसे एक उदाहरण से समझें| महाराज शिवाजी एक सशक्त एवं प्रभावशाली शासक हुए, परन्तु उन पर इतिहास की संरचना के दोनों स्वरूपों का प्रभाव रहा| उनका ‘राजतिलक’ समारोह काफी चर्चित माना जाता है| मध्य काल में स्थानीय भारतीय शासकों को अपने क्षेत्र का स्वाभाविक स्वामी नहीं माना जाता था, जबतक उनका ‘राजतिलक’ समारोह’ तथाकथित “विधिवत” नहीं होता था| ‘राजतिलक’ के द्वारा उनमे ‘देवत्व’ प्रदान किया जाता था, यानि उनमे ‘देवत्व’ स्थापित किया जाता था| इतिहास की सांस्कृतिक संरचना का ‘दबाव’ एवं ‘प्रभाव’ था कि एक शक्तिशाली एवं प्रभावशाली राजा को भी एक ‘विधिमान्य’ प्रक्रिया से गुजरना पड़ा| इनका एक राजा होना इतिहास की ‘वस्तु संरचना’ का उदाहरण हुआ| इस तरह एक शासक पर इतिहास की संरचना’ का प्रभाव एवं नियंत्रण हुआ| यह इतिहास का संरचनात्मक प्रभाव है| स्पष्ट है कि इतिहास का संरचनात्मक प्रभाव अपने दोनों स्वरूपों में एवं दोनों के अंतर्संबंधों के संयुक्त प्रभाव एवं नियंत्रण में कार्य करता है|

निरंजन सिन्हा

 

अग्रणी लोग कैसे सोचते हैं?

अग्रणी लोग कुछ अलग तरीके से सोचते हैं, जैसे अन्य लोग नहीं सोच पाते हैं| यह ‘अलग तरीके से सोचना’ क्या होता है और यह कैसे किया जाता है? ऐसा सा...