शुक्रवार, 10 जुलाई 2020

सामाजिक क्रान्ति के आधार (Basis of Social Revolution)

सामाजिक क्रान्ति के आधार 

(Basis of Social Revolution)

क्रान्ति क्या है?

“क्रान्ति अल्प समय में एक बहुत  बड़ा (Drastic) सकारात्मक

 और रचनात्मक परिवर्तन है, बदलाव है जिसका प्रभाव दूरगामी होता है|”

भारत में हमेशा सामाजिक क्रान्ति या बदलाव की बाते की जाती है| लोगो के मन में यह प्रश्न उठता है कि सामाजिक क्रान्ति क्यों? सामाजिक क्रान्ति का उद्देश्य क्या है? सामाजिक क्रान्ति से क्या परिवर्तन या रूपांतरण आएगा? यह सामाजिक क्रान्ति कैसे लायी जा सकती है? इन मौलिक प्रश्नों का उत्तर जानना आवश्यक है| सामाजिक क्रान्ति की आवश्यकता इसलिए है क्योंकि इससे सामाजिक क्षमता का महत्तम विकास और उपयोग होता है| इससे राष्ट्र सशक्त होता है और समाज समृद्ध बनता है|

“सामाजिक क्रान्ति का उद्देश्य समाज में सुख, शान्ति, संतुष्टि और समृद्धि स्थापित करना है जो समुचित न्याय से आता है| समुचित न्याय से समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व आता है| आज सभी विकसित समाजो और राष्ट्रों का यही आधार है|”

इससे हर व्यक्ति अपनी क्षमता का महत्तम उपयोग कर समाज और राष्ट्र को लाभान्वित करता है| इस आलेख में इस आवश्यक क्रान्ति के आधारो को समझाया गया है|

भारत में प्रो० एस एम स्वामीनाथन के नेतृत्व में हरित क्रान्ति किया गया और अनाज के उत्पादन में भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ा| उच्च उत्पादकता वाले बीज, यंत्रीकरण, ट्रैक्टर, सिंचाई, उर्वरक, कीटनाशक आदि के उपयोग से यह क्रान्ति संभव हुआ| वर्गीज कुरियन के नेतृत्व में श्वेत क्रान्ति हुई जो दूध के लिए क्रान्ति रही ,पर बाद में इसमें अंडा भी शामिल हो गया| बात चाहे नीली क्रान्ति की हो, या औद्योगिक क्रान्ति की हो; सभी को सफल बनाने के लिए  उसके कुछ मूल तत्वों को समझाना होता है, उसकी क्रिया विधि या प्रक्रिया को समझना होता है कि वह काम कैसे करता है| इसी तरह सामाजिक क्रान्ति, आर्थिक क्रान्ति, शैक्षणिक क्रान्ति, और सांस्कृतिक  क्रान्ति आदि है जिसके तत्वों को और उसके प्रक्रिया विधि को समझना होता है और उसी के आधार पर आगे बढ़ना होता है| सभी क्रांतियों का मूल (Basic, Basis) या मौलिक (Fundamental) तत्व मानव होता है जिसका मनोविज्ञान (Psychology) समझना सबसे महत्वपूर्ण होता है| लोगों की मानसिकता को पढ़ना और समझना तथा उसके सहज प्रवृतियों (Basic Instinct) के अनुरूप  कार्य करना आवश्यक है|

सामाजिक क्रान्ति के लिए समाज के बुनियाद और बनावट को समझना होगा| हर समाज का एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि होता है, विशिष्ट सांस्कृतिक बनावट होता है| हर समाज की अलग आर्थिक, और शैक्षणिक आवश्यकता और स्तर होता है| समय और परिस्थिति के अनुसार सामाजिक परिवर्तन का दर्शन भी बदलता रहता है| एक लम्बे समय में नए शोधो से कई पृष्ठभूमि और आधार बदल जाते है| पहले संस्कृत को पालि से पुराना माना  जाता था, पर अब नए शोधों से स्पष्ट हुआ कि पालि ही संस्कृत से पुरानी है| नए परिस्थति में जनांकीय (Demographic) बनावट बदल गए हैं, अब युवाओं की कई मायनों में प्रभावोक्ता बढ़ गयी है| डिजीटल और संचार क्रान्ति ने कई आधारों को बदल दिया है| इन पृष्टभूमियो में जो सामाजिक परिवर्तन के दर्शन पचास या सौ साल पहले उपयुक्त रहे, उन पर अब नए सिरे से विचार करने और नए दर्शन की आवश्यकता है|  समेकित रूप में मै  यह कहना चाहता हूँ कि लोगो में परिवर्तन या रूपांतरण की बेचैनियाँ है, लोगों की सहभागिता भी है, उसके लिए  समय और संसाधन की भी उपलब्धता है; पर एक समुचित और वैज्ञानिक दर्शन का अभाव है जिस पर अधिकतर विचारकों का भी ध्यान नहीं है|  इसे महत्वपूर्ण मानते हुए एक सम्यक दर्शन का विकास नए परिस्थिति और समय में करना आवश्यक है| इसके बिना सभी प्रयास और संसाधन बेकार हो रहे है|

समाज के लिए यह महत्वपूर्ण और आवश्यक है कि व्यक्ति अपने जीवन के उद्देश्य तथा अस्तित्व को समझाने के लिए शिक्षा ग्रहण करें| शिक्षा ग्रहण को उपाधि ग्रहण से सदैव नहीं जोड़ा जाना चाहिए| शिक्षा ग्रहण को उपाधि ग्रहण से जोड़ देने से लोग बिना शिक्षा ग्रहण किए भी उपाधि ग्रहण अपने दुसरे प्रभाव से कर लेते है| शिक्षा ग्रहण अध्ययन के व्यवहारिक अवलोकन से आता है जिसमें पुस्तकों के अवलोकन के अतिरिक्त उस अध्ययन किए गए सामग्री पर मनन और मन्थन करना पड़ता है और उस पर समूह में विमर्श भी करना पड़ता है| सामाजिक बदलाव के अन्य साधन व्यक्ति को बाहर से अर्थात उस व्यक्ति के आंतरिक इच्छा के विरुद्ध प्रभावित करते हैं परन्तु शिक्षा व्यक्ति को आंतरिक रूप से यानि स्वंय इच्छा से बदलाव लाने में योगदान करता है, प्रेरित करता है| प्रिंट मिडिया हो या टीवी मिडिया हो ; दोनों भारत में अपने परम्परागत सामंती प्रभाव को बनाए रखने के उद्देश्य में यथास्थितिवादी हैं| सोशल मिडिया भी बहुत प्रभावकारी है जो अपने टेक्स्ट और विडिओ के माध्यम कार्य करता  हैं और इसमे सामान्य जन भी भाग ले पाते हैं| सोशल मिडिया व्यक्ति एवं समाज को अपेक्षित तरीकों से अपेक्षित दिशा में शिक्षित कर स्वत: स्फूर्त परिवर्तन के लिए बाध्य करता है| मार्केटिंग प्रबंधन के विश्व  प्रसिद्ध प्रोफ़ेसर फिलिप कोटलर ने अपनी हाल के पुस्तक – “मार्केटिंग -4” (2017) में विचारों के मार्केटिंग के लिए “नेटीजन” को महत्वपूर्ण स्थान दिया है जो सोशल मिडिया को ही महत्वपूर्ण स्थान देता है| नेटीजन उस सिटिजन (नागरिक) को कहते हैं जो नेट (इंटरनेट) पर रचनात्मक रूप से सक्रिय होते हैं| चूँकि ये नेट पर क्रियाशील होते हैं, इसलिए  ही ये राष्ट्रीय सीमाओं से बंधे नहीं होते हैं| नेट की पहुँच विश्व व्यापी होती है|    

सामाजिक इतिहासकारों ने पाया है कि सत्तारूढ़ सामाजिक वर्ग समाज में यथास्थितिवाद बनाए रखना चाहता है ताकि उन्हें सत्तारूढ़जन्य आर्थिक, राजनितिक, और सामाजिक लाभ मिलता रहे या यथावत रहे|  कार्ल मार्क्स का ऐसा ही मानना था|  भारत में जाति व्यवस्था के जाति  को वर्ग का स्थानापन्न माना  जाना चाहिए ; परन्तु एक दुसरे को एक दुसरे का स्थानापन्न भी नहीं माना जाना चाहिए क्योंकि वर्ग यूरोपीय औद्योगिक समाज का इकाई है जबकि जाति भारत की वर्तमान सामाजिक व्यवस्था का एक विशिष्ट इकाई है जिसका कोई दूसरा उदहारण विश्व इतिहास में नहीं है|  डा० आम्बेडकर ने भी लिखा है कि राजनैतिक रूपांतरण के पूर्व सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूपांतरण आवश्यक है| इसके पक्ष में उन्होंने विश्व और भारत के इतिहास से कई उदहारण दिए हैं| डा० आम्बेडकर ने इसे राजनैतिक रूपांतरण का पूर्व शर्त माना है|   

जनमत को सबसे ज्यादा प्रभावित करने वाली एकमात्र संवादपालिका है जो मिडिया के नाम से जाना जाता है| भारत में डिजीटल मिडिया में टेलीविजन और प्रिंट मिडिया में अख़बार प्रमुख है| ये मिडिया अपने सामंती स्वार्थवश सामंती वर्ग यानि जाति (भारत में लोग जाति के स्वरुप को ही वर्ग मानते है, एक दुसरे को पर्यायवाची मानते हैं) का ही समर्थन करता रहता है और यह राष्ट्र निर्माण में बाधक बना हुआ है| इन मिडिया में कुछ अपवादों के साथ लोगों को प्रवेश ही जाति के आधार पर होता बताया जाता है जिसमें योग्यता प्रमुख और महत्वपूर्ण नहीं होता है| ये अपने सांस्कृतिक परम्परागत अवधारणाओ के साथ ही सामंती मानसिकता के हैं जिन्हें भारत के राष्ट्र निर्माण की समझ नहीं है| इसे समझना होगा| इसी कारण सामान्य जन मुख्य धारा के मिडिया से निराश है| ये मिडिया समाज के हाशिए पर रखे गए या छोड़ दिए लोगों का प्रतिनिधित्व ही नहीं करते| ये सामान्य जन को सिर्फ भ्रम में ही रखना चाहते हैं और बहलाए रखने में यथास्थितिवादियो के समर्थन में खडा रहते हैं| ऐसी स्थिति में इस मीडिया का विकल्प सोशल मीडिया ही हो सकता है| यह छोटे एवं उपेक्षित समूह से बड़े और प्रभावकारी समूह तक संवाद करने का सशक्त माध्यम साबित हो गया है|   

सोशल मिडिया को सशक्त एवं प्रभावकारी बनाने के लिए सम्यक विचार किया जाना आवश्यक है| इसकी सीमाओ, बाधाओ, तथा इसके लक्षित वर्ग के शैक्षणिक स्तर और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रख कर तथ्यों एवं सूचनाओ का संयोजन एवं संपादन करना होगा| इसके साथ ही व्यक्ति और समाज के व्यवहार एवं प्रेरणाओ के कारको एवं उसके क्रिया विधि का मनोविज्ञान समझना होगा| व्यक्ति एवं  समाज की भावनाए कैसे संचालित होती है- समझना चाहिए| व्यक्ति एवं समाज के व्यवहार में आदत की क्या भूमिका होती है, इसमे परिवर्तन कैसे लाया जाता है- इसका ध्यान रखना होगा|   सूचनाओ  एवं तथ्यों के चयन और सम्पादन में लक्ष्य को ध्यान में रखना होगा| समालोचनाओ में राजनितिक मुद्दों से बचना चाहिए क्योंकि लोग राजनितिक मुद्दों में ज्यादा भावनात्मक हो जाते है और दिशाहीन बहस में उलझ जाते हैं| नौकरी और सेवाओ में राजनितिक झुकाव पर सेवाओ के आचार संहिताओ में मनाही भी रहती है| इतनी सावधानी रखने मात्र से ही नौकरियों और सेवाओ के सदस्यों की  सामाजिक बदलाव में भागीदारी काफी बढ़ जाती है| इतनी सावधानी से ही इनकी सक्रिय सहभागिता हो जाती है और सोशल मिडिया में सकारात्मक टिप्पणियां मिलने लगती है| इस तरह के अराजनीतिक परन्तु महत्वपूर्ण सूचनाओ और आलेखों का बिना अतिरिक्त संपादन के ही अग्रसारण कर पाते है और इनका व्यापक प्रसार हो पाता है| इन सूचनाओ और आलेखों के उपस्थापन में यह ध्यान रखना होगा कि अभद्रता एवं अश्लीलता नहीं हो तथा मानवीय गरिमा एवं सामाजिक समरसता का अपमान नहीं हो| कोई भी उपस्थापन संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों का अतिक्रमण नहीं करे| सामाजिक बदलाव का प्राथमिक लक्ष्य हमेशा व्यापक समाज का कल्याण हो ताकि राष्ट्र सशक्त एवं विकसित बन सके – इसका हमेशा ध्यान रखना होगा|   

व्यक्ति और समाज के व्यवहार को प्रभावित करने वाले भावनाओं, आचरणों, व्यवहारों को समझना होगा और उनके स्वप्नों को गढ़ना होगा, उसे बनाना और दिखाना होगा| इस सबको संचालित करने के लिए कई लोगों में समन्वय चाहिए| भारत में समाजों का जो द्वन्द है, वह लोगों के अज्ञानता और नादानी पर टिका हुआ है| व्यवस्था भी वैज्ञानिक, तार्किक, और तथ्यात्मक विश्लेषण से बचना चाहती है और इस तरह यथास्थितिवादी है| यह सामंतवादी व्यवस्था को ही बनाए रखना चाहता है| इन विरोधियों को इसका अहसास ही नहीं है कि इनके व्यवहार समाज और राष्ट्र के विरोधी है| देश के सभी नागरिकों को मुख्यधारा में शामिल किए बिना सशक्त एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण नहीं हो सकता है| कुछ लोग या कुछ वर्ग अपने स्वार्थवश अपने आनुवंशिक  अर्थात अपने जन्म के आधार पर (जिसे परम्परागत व्यवस्था में स्थापित किया हुआ है) लाभ लेते रहने के लिए राष्ट्र एवं को समाज को भ्रमित (जो पहले से  ही स्थापित है) ही रखना चाहते हैं| इस भ्रम एवं त्रुटि के निवारण के लिए तथ्यों और तर्कों पर वैज्ञानिक ढंग से सामाजिक रूपांतरण का इतिहास लिखा जाना चाहिए जो उत्पादन की शक्तियों और अंतर्संबंधों के आधार पर ही व्याख्यापित किया जा सकता है| इस आधार पर सामाजिक रूपांतरण की व्याख्या किए जाने से समाज के सभी वर्गों का समर्थन मिलेगा क्योंकि सभी इस देश को सशक्त और समृद्ध देखना चाहते हैं| इस दर्शन को ही व्यावहारिक और संभव मानकर सोचना और आगे बढ़ना होगा ताकि अज्ञानतावश हो रहे प्रतिरोध को कम किया जा सके| शत्रुओ या विरोधियों की संख्या को कम करने का सबसे उत्तम तरीका है उनको मित्र बना लेना|    

इस सोशल मिडिया का उचित उपयोग कर इच्छित परिणाम इच्छित समय में पाए जा सकते हैं| दुनिया इसके उदहारण भरे पड़े हैं| फेसबुक, व्हाट्स एप, टेलीग्राम, ट्विटर, वीचैट, इन्स्ताग्राम, वीवो जैसी सेवाओ का खूब चलन है| आज सोशल मिडिया सबसे शक्तिशाली ताकत बनकर उभरा है| इसके कारण कई समाजों में बदलाव में मदद मिल रही  है|  इससे हाशिए में पड़ा समूह भी आश्चर्यजनक ढंग से प्रभावशाली हो रहा है| कई देशों में इसके उदहारण है| कई देशों में कई निर्वाचनों में इसका प्रत्यक्ष प्रभाव देखा गया या स्थापित है| अमेरिकी राष्ट्रपति हो या फिलिपिन्स के राष्ट्रपति हो, सोशल मिडिया का प्रभाव इनके निर्वाचन में स्थापित हैं| भारत के गुजरात के उना में दलित उत्पीडन में सोशल मिडिया ऐसे प्रभावी रही कि गुजरात के मुख्यमंत्री को बदलना पड़ा|

ध्यान रहे कि यह तकनीक मात्र है और यह अपने आप ही रूपांतरणकारी नहीं होता ; इसके साथ बदलाव के दर्शन को उपयुक्त होना होगा| अँधेरे को कोसने से बेहतर है कि अपने हिस्से के दिए (दीपक) जलाए जाएँ अर्थात दूसरों को अपशब्द कहने से बेहतर है कि सकारात्मक दिशा में रचनात्मक हुआ जाए| वैश्विक जोखिमों पर रिसर्च करने वाली संस्था “युरेशिया ग्रुप” के अध्यक्ष इयान ब्रेयर का मानना है कि ज्यादातर लोग यथास्थिति से खुश नहीं रहते और बदलाव चाहते हैं| परन्तु यह इतना आसान नहीं  है जितना इन्होंने बताया है| हमें बदलाव का जटिल मनोविज्ञान और उसकी क्रिया विधि को समझना होगा जो एक अलग विषय है और उस पर अलग से लिखा जाएगा| | सोशल मिडिया आगे भी महत्वपूर्ण परिणाम देने वाला है| बस, गंभीरता से विचार करना होगा| सोशल मिडिया प्रभावकारी है और इसमे कोई विवाद नहीं है| यह भारत में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, और सांस्कृतिक क्रान्ति का आधार  साबित होगा|   

ई० निरंजन सिन्हा

स्वैच्छिक सेवानिवृत राज्य कर संयुक्त आयुक्त,

बिहार, पटना|

गुरुवार, 9 जुलाई 2020

वैशाली के विकास का दृष्टिपत्र (Vision Document for Vaishali)

वैशाली के विकास का दृष्टिपत्र

(Vision Document for Vaishali)

बिहार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र वैशाली (संख्या-125 , सामान्य) से वर्ष 2020 के निर्वाचन के लिए उम्मीदवार प्रो० (डा०) विनय पासवान  के लिए तैयार किया गया दृष्टि पत्र

प्रो० (डा०) विनय पासवान का संक्षिप्त परिचय:

प्रो० (डा०) विनय पासवान अभी 39 वर्ष के युवा हैं, मिलनसार हैं, सहयोगी हैं ,और सकारात्मक, रचनात्मक, एवं उत्पादक सामाजिक कार्यकर्त्ता हैं| ये वर्तमान वैशाली जिले के वैशाली प्रखंड के केशोपुर गाँव के निवासी हैं, जहाँ वैशाली प्रवास में तथागत बुद्ध अपने केशो का अर्पण (बालो का मुंडन) करते थे| इन्होंने दो विषयों (हिन्दी, और प्राकृत एवं जैन शास्त्र) में स्नातकोत्तर की उपाधि ली है जो स्वर्ण पदक के साथ सम्मान प्राप्त है| इनके कई शोध विश्वविद्यालय स्टार पर प्रकाशित है और चर्चा का प्रशंसा का विषय है| ये वर्तमान में नीतीश्वर सिंह डिग्री महाविद्यालय. समरसपुर, मुज़फ्फरपुर में प्राध्यापक पद पर कार्यरत भी हैं|  इनकी विशिष्ट खासियत यह है कि ये अनुसूचित जाति के होते हुए भी पिछली विधानसभा निर्वाचन, 2015 में वैशाली के सामान्य क्षेत्र होने के वावजूद ये निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मतों की संख्या में तीसरे स्थान पर रहे; यह इनकी लोकप्रियता का संक्षिप्त परिचय है|     

इस क्षेत्र के लिए इनका भविष्य का दृष्टि पत्र: 

1.      इस क्षेत्र के सम्यक विकास के लिए इनका मानना है कि वर्तमान वैशाली जिले के वैशाली प्रखंड, गोरौल प्रखंड, लालगंज प्रखंड, और  बेलसर प्रखंड, मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड, और पारु प्रखंड, एवं सारण  जिले के मकेर प्रखंड को मिला कर एक नया जिला बनाया जाय जिसका नाम लिच्छवी जिला या वैशाली जिला हो और उसका मुख्यालय वर्तमान वैशाली नगर हो| इस नए जिला बनने से ऐतिहासिक लिच्छवी गणराज्य एवं तथागत बुद्ध के जीवन से जुड़े सभी महत्चपूर्ण स्थल, नदी- घाट, क्षेत्र, वन- उपवन, शासन के एक प्रशासनिक इकाई के अंतर्गत आ जायेगें जो अभी कई जिलो में फैले हुए हैं और एक छोटे भौगोलिक क्षेत्र के अंतर्गत हैं| इससे पर्यटकों को भी आसानी होगी तथा ऐतिहासिक लिच्छवी गणतंत्र के भावो को जोड़ने और पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी| इससे इस क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों में वृद्धि होगी|

इस क्षेत्र के एक प्रशासनिक जिला बन जाने से इस क्षेत्र को एक मेडिकल कॉलेज, एक इंजीनियरिंग कॉलेज, एक पोलिटेक्निक इत्यादि मिल जाएगा| इससे इस क्षेत्र के विधि व्यवस्था में काफी सुधर होगा| इससे क्षेत्र को विधि व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाए, अन्य सुविधाए इत्यादि मिल जाएगी| जब अरवल, शिवहर, शेखपुरा, को जिला बनाया जा सकता है तो इस महत्वपूर्ण क्षेत्र को भी जिला बनाया जा सकता है| नवगछिया और बगहा को पुलिस जिला बनाया हुआ है|

2.      रेलवे परियोजना को जल्दी पूरा किया जाए ताकि इसे राष्ट्रीय रेल मानचित्र पर लाया जा सके| इससे हिन्दू, बौद्ध, जैन, और इस्लाम धर्म के विभिन्न स्थलों से इस क्षेत्र को जोड़ा जा सकेगा| यह इसके ऐतिहासिकता के लिए जरुरी है|

3.      इनके पहल  पर कुछ बुद्धिस्ट मोनास्ट्री वैशाली के पावन भूमि पर एक विश्वविद्यालय बुद्ध के नाम पर स्थापित करने को सहमत हुए हैं और कई एकड़ जमीन देने को सहमत हुए है| इसका नाम “तथागत बुद्ध विश्वविद्यालय” रखा जाना तय हुआ है|  शुरूआती दौर में इसमे कुछ ही विषय यथा बुद्ध का वैज्ञानिक दर्शन, वित्तीय साक्षरता, पर्यटन, उद्यमिता, आदि पढाए जायेंगे जो क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगारपरक होगा| इसके लिए इनके द्वारा संचालित संस्था “तथागत मानव कल्याण संस्थान” कई तरह से कार्यरत है|

4.      इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाए पर्याप्त नहीं मानी जाती है जो मेडिकल कॉलेज से पूरा हो जाएगा| मेडिकल कॉलेज मिल जाने से सारी सुविधाए मिल जाती है|

5.      प्रो० विनय जी द्वारा इस क्षेत्र के लिए विकास के अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, और क्षेत्रिय स्तर के कई गणमान्य लोगो की एक कमिटी बनाई है जो इस क्षेत्र के सम्यक विकास के लिए और इस क्षेत्र के युवाओं के लिए आवश्यक है| युवाओं के रोजगार के लिए इस क्षेत्र में उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता, सूचना का अधिकार, लोक शिकायत का निवारण का अधिकार और कारोबार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसे आपके प्रतिनिधि बनने के बाद और व्यवस्थित ढंग से चलाया जाएगा|

विकास का दर्शन    (PHILOSOPHY of DEVELOPMENT):

सबसे महत्वपूर्ण संसाधन- मानव 

कोर्इ भी वस्तु समय एवं तकनीकी विकास के साथ उत्पादक संसाधन बन सकता है| ज्ञान (Knowledge), सूचना (Information), जागरूकता (Awareness) और बुद्धिमता (Wisdom) अपने आप में ही संसाधन है| संसाधन एक व्यक्तिगत बुद्धिमता है जिसका उपयोग विकास में सहायता या समर्थन के लिए किया जाता है| बिहार में विकास को इस नजरिये से नहीं देखा जा सकता है और इसी कारण बिहार का अपेक्षित विकास नहीं हो सका है|

स्पष्ट  है कि मानव ही सबसे बडा संसाधन है जो किसी भी चीज- वस्तु या विचार (Object or Thought) को संसाधन में बदल देता है| इस मानसिकता में अपेक्षित सुधार किए बिना कोर्इ आर्थिक सम्बल, समर्थन एवं आधारभूत ढाँचा काम नही करता है क्योंकि विकास करना भी मानव को है और विकास पाना भी मानव को है| यदि पात्र एवं कार्यकारी तंत्र ही अयोग्य या रुचिहीन हैं तो सब प्रयास बेकार है और किसी भी समाज के लिए यही सबसे दुर्भाग्यपूर्ण है। बिहार सहित इस क्षेत्र  की स्थिति यही है जिसे समझना आवश्यक है|

विकास की अवधारणा और योजना :

मानव ही विकास का केंद्र विंदु है। सभी विकास मानव का, मानव के लिए, और मानव के द्वारा होता है। विकास किसी भी व्यवस्था, तंत्र, प्रणाली आदि को अधिक विस्तृत, सुदृढ, बेहतर बनाने की प्रक्रिया या अवस्था है। यह किसी भौतिक, मानसिक,  आर्थिक, सामाजिक, पर्यावरणीय क्षेत्र में वृद्धि, प्रगति, एवं सकारात्मक परिवर्त्तन है और जीवन स्तर एवं गुणवत्ता में सुधार, उनकी आय में विस्तार और रोजगार की सुविधाएं उपलब्ध कराना शामिल है। विकास अवलोकन योग्य एवं उपयोगी हो, भले ही उसका तत्काल नहीं पता चले परन्तु परिवर्त्तन गुणात्मक एवं स्थायी हो जो सदैव सकारात्मक परिवर्त्तन का समर्थन करता रहे। समुचित न्याय और क्षतिपूर्ति के सिद्धांत (Theory of Proper Justice and Compensation) के साथ ही समुचित विकास (Proper Development) हो सकता है; इसके बिना विकास विकलांग होता है अर्थात अपनी क्षमता से अति न्यून उत्पादक होता है। विकास का पक्ष मात्र आर्थिक ही नहीं है, अपितु बहु आयामी प्रक्रिया है जिसके अन्तर्गत तमाम आर्थिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक व्यवस्था का पुनर्गठन एवं पुनर्निधारण (reorganisation and reorientation) होना है। विकासात्मक प्रक्रिया में मानवीय जीवन मे गुणात्मक सुधार लाना प्राथमिकता रहती है।

मानव के विकास के लिए सिर्फ विकास की योजनाएँ और संसाधन ही काफी नहीं है, जिनके लिए यह विकास प्रायोजित है, उनकी भी उसी रुप में ग्राह्यता (Receptive) होनी चाहिए।  हमलोगों की विकास प्रक्रिया एक तरफा होता है। इस विकास प्रक्रिया में लोगो की सक्रिय भागीदारी (Active Participation) सुनिश्चित नहीं कराया जाता है। नतीजा यह होता है कि लक्षित मानव को जो मिलता है, उसको वह दान या उपहार समझ  कर ही खुश हो जाता है। विकास की एजेंसिया  भी कुछ इसी भाव से अहसान कर देती है। विकास की प्रक्रिया को  सामान्य खड़ा पिरामिड (Normal Pyramid)  की तरह होनी चाहिए, नहीं कि उल्टी पिरामिड (Inverted Pyramid) की तरह अर्थात विकास की आयोजनाओ की बुनियाद ग्राम स्तर से शुरु होकर राष्ट्र के केंद्र की ओर होनी चाहिए। हमलोग शहरी नौकरशाहों एवं सुदुर नगरों या देशों के आयोजनाकारो को ही सभी समस्याओं  का निदानकर्ता समझ लेते है। वे तकनीकी विशेषज्ञ हो सकते है पर उन लोगों की परम्परागत भावनाओं एवं क्षेत्रीय सूक्ष्म समस्याओं से अवगत होने के लिए उन क्षेत्रीय लोगों का सक्रिय सहयोग लिया जाना चाहिए। आयोजना नीचे से बनते हुए ऊपर जाना चाहिए। विकास एक  सामाजिक- सांस्कृतिक संरचनात्मक रुपान्तरण की प्रक्रिया है।

किसी भी क्षेत्र में श्रमिकों के श्रम के उपयोग की प्राथमिकता में सदैव उत्पादन में सहायक संरचनाओं का ही निर्माण किया जाना चाहिए और इन संरचनाओं के निर्माण के निर्धारण में स्थानीय लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण होनी चाहिए। इससे स्थानीय समस्याओ के साथ साथ उस क्षेत्र के प्रति  विशिष्ट सांस्कृतिक लगाव की भी जानकारी आयोजनकर्ताओं को हो पाती है और स्थानीय लोगों को उनकी सक्रिय भागीदारी का सुखद एहसास होता है जिससे उन स्थानीय लोगों का उन बनाए गए संरचनाओं के प्रति आत्मिक लगाव बना रहता है।

इस क्षेत्र  के खाली भू भागो एवं सांस्कृतिक आवश्यकताओं के अनुरुप भूमि के सभी स्वरूपों का समन्वित उपयोग का आयोजना होना चाहिए। इससे क्षेत्र में प्राकृतिक विविधता (Natural Diversity) के करण  अनुपम सौंदर्य (Incredible Beauty) की स्थापना होती है जो लोगों के जीवन में निराशा (Depression) नहीं आने देती है और स्थानीय लोगों के अतिरिक्त पर्यटकों का आकर्षण केंद्र बन जाएगा| ये विविधता (Diversity) विविध प्राणियों का आश्रय स्थल बनता है। यह विविधता स्थानीय लोगो को विविध प्रकार से व्यस्त रख पाता है और उनकी उत्पादकता को बढ़ा देता है। इन क्षेत्रों में कई विभाग यथा कृषि, पशुपालन, मत्स्य, वन, ग्रामीण विकास (सामाजिक वानिकी), पर्यटन विभाग , समाज कल्याण, ऊर्जा आदि कार्यरत है जिनका आपसी और स्थानीय जनता और भूमि के साथ संतुलित एवं समझदारीपूर्ण समन्वय अनिवार्य है। सभी विभागों में सम्बधित क्षेत्रों के विशेषज्ञ उपलब्ध है, परन्तु उदासीनता, भ्रष्टाचार, और समन्वय का अभाव मुख्य समस्या है।

उद्यमिता एक कौशल सीखना है, एक नजरिया बदलना है, एक नया सोच अपनाना है, तकनीक का अनुकरण करना है, और कार्य पद्धति विकसित करना है; पर यह मशीन चलाने जैसा  नहीं है। एक नौकरी करने वाला (Servant) मालिक (Owner) बनने की सही प्रेरणा नहीं दे सकता क्योँकि जिस चीज का अनुभव ही नहीं हो वो उस भाव को  कैसे दूसरों को दे सकता है? यह काफी गम्भीर एवं विचारणीय विषय है जिसे साधारण लोग नहीं समझ पाता है। सरकारी लोग लोगों को उद्यम लगाने की प्रेरणा (Motivation) तो दे देता है पर अंत:प्रेरणाओ (Inspiration) के अभाव में वह जल्द ही टूट जाता है। वह दूसरों को देख कर, सरकारी अनुदान (Subsidy) एवं सहायता देख कर प्रेरित तो हो जाता है परन्तु पर्याप्त अंत:प्रेरणाओ के अभाव में जल्दी हार जाता है।

ग्राम्य पर्यटन, कृषि पर्यटन, मनोरंजन पर्यटन, स्वास्थ्य पर्यटन और अध्यात्म पर्यटन एक विशाल संभावनाओं का क्षेत्र है और इस  पर काफी अध्ययन और मनन किया जा रहा है। कृषि, उद्यम और पर्यटन के विशिष्ट जानकारी और इनके अन्तरसम्बन्धों एवं इसके प्रति जागरूकता और रूचि पैदा करने की जरुरत है।

महिलाओं की आबादी सम्पूर्ण जनसंख्या का आधी है, परन्तु सांस्कृतिक अवरोधों के कारण उनकी क्षमताओ का पूर्ण उपयोग नहीं हो पा रहा है। तकनीकी एवं आर्थिक परिवर्तनों के कारण इनकी सामाजिक भागीदारी बढ़ गयी है। अब ये घरों की चौखट पार कर चुकी है और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रही है एवं योगदान दे रही है। महिलाएँ परिवार के केंद्र अर्थात धुरी (Axis) होती है। महिलाओ की मिलनसारिता, बेहतर समन्वय, बेहतर वित्तीय समझदारी, तुलनात्मक बेहतर हिम्मत, बेहतर प्रबंधन कौशल  इनके स्थापित नैसर्गिक सहज प्रवृत्ति (Natural Instinct) है जो नयी  संभावनाओं और उपादेयता (Feasibility and Productivity) को सामने रख रहा है। इनके इन स्थापित नैसर्गिक सहज प्रवृतियों के आधार पर कई सफलताओं के कीर्तिमान स्थापित है और इन्हीं कारणों से इनकी भूमिका, जिम्मेवारी एवं हिस्सेदारी बढ़ानी है ताकि समस्याओ का समाधान जल्दी और सरलता से पाया जा सके। सरकार ने समावेशी विकास (Inclusive Development) में इनकी महत्ती भूमिका मानी है, फिर भी अपेक्षित परिणाम आने बाकी है।

कानून यानि विधि जानना सभी के लिए सम्भव नही है और इसे समुचित भी नहीं कहा जा सकता है, परन्तु कुछ सामान्य और आवश्यक कानून जानना सबके लिए अनिवार्य है। भारत का संविधान (Constitution), जो भारत के शासन का मूलाधार है, को संक्षेप में और मौलिक अधिकार (Fundamental Rights) को विस्तार से जानने की आवश्यकता सबको है। सुचना का अधिकार अधिनियम, 2005 (RTI Act, 2005) को सबको अच्छी  तरह जानना और समझना चाहिए। यह अधिनियम शासन में पारदर्शिता लाने के लिए और भ्रष्टाचार समाप्त करने में काफी कारगर है बशर्ते लोग इस अधिकार और इसके उपयोग को अच्छी तरह समझते  हो। सामाजिक अंकेक्षण के लिए और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए  इस अधिकार अधिनियम का उपयोग सर्वविदित है। इसी तरह का लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 की जानकारी और प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है|  

आपदा प्रबन्धन (Disaster Management) यानि आपदाओं से सक्षमता के साथ निपटने का आवश्यक संक्षिप्त जानकारी एवं प्रशिक्षण जरुरी है क्योँकि कई क्षेत्र बाढ़ प्रणव क्षेत्र है, आगजनी गर्मियों में सामान्य आपदा है, काल वैशाखी जैसे तूफान भी अक्सर आते रहते हैं, और कई क्षेत्र भी भूकम्प जोन -4 मे पड़ता है जो अति संवेदनशील श्रेणी में है। । पर्यावरण और पारिस्थितिकी (Environment and Ecology) की समझ के बिना कोई शिक्षण पूर्ण नहीं माना जाता, इसलिए इसका शिक्षण भी शामिल किया जाना चाहिए। पोषण एवं स्वच्छता (Nutrition and Sanitation) की जानकारी, महत्त्व और उसके तरीके को बताया जाना कई बडी समस्याओं के शुरुआती स्तर पर निदान है। स्वास्थ्य जागरुकता (Health Awareness) कई जटिल और बडी़ रोगों से बचाता है। स्थानीय उत्पादों को पोषण में बदलना आसान है जिसे सबको जानना चाहिए। उपरोक्त बातों को सीखना सब के लिए जरूरी है। युवाओं को सफलता का मनोविज्ञान (Psychology of Success) और सफलता का वैज्ञानिक क्रिया विधि (Mechanics of Success) समझाया जाना चाहिए। इनको कौशल विकास और उन्नयन (Development and Advancement of Skill) के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। अंग्रेजी भाषा सम्प्रेषण कौशल के विकास के लिए डिजिटली प्रशिक्षण की सुविधा स्थानीय स्तर पर कराया जाना चाहिए।

वैशाली की सभ्यता काफी पुरानी होने के कारण इसकी संस्कृति भी काफी पुरानी है और इसी कारण यहां  कई सांस्कृतिक धरोहर मौजूद है। पौराणिकता के दॄष्टि से महत्वपूर्ण होने के कारण इसकी पौराणिकता मार्केटिंग योग्य है।

इस क्षेत्र के विकास के लिए उपरोक्त दृष्टिकोण एवं भविष्य योजना प्रो० विनय पासवान जी का है जिसमे आप लोगो का सहयोग और समर्थन की आवश्यकता है| इसमे आपकी सुझाव और समर्थन की अपेक्षा है और सादर आमंत्रित है |

(उपरोक्त सभी प्रो० विनय पासवान का भारतीय कॉपीराईट अधिनियम, 1957 के अंतर्गत सुरक्षित है और कोई भी नक़ल या पुनरावृति सम्बंधित कानुन (अधिनियम) का उल्लंघन होगा और दंड के भागी होंगे|)

 

    

          


अग्रणी लोग कैसे सोचते हैं?

अग्रणी लोग कुछ अलग तरीके से सोचते हैं, जैसे अन्य लोग नहीं सोच पाते हैं| यह ‘अलग तरीके से सोचना’ क्या होता है और यह कैसे किया जाता है? ऐसा सा...