शुक्रवार, 15 अगस्त 2025

शाहदत देना समझदारी नहीं है

इस आलेख का शीर्षक थोडा अटपटा हो गया है, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए था| खैर, शहादत एक बहुत ही सम्मानजनक अवधारणा है| आखिर इसमें किसी के जीवन का अन्त हो जाता है| चूँकि विज्ञान पुनर्जन्म नहीं मानता है, इसलिए उसके एकलौते जीवन का समापन हो जाना एक बहुत ही असाधारण घटना होती है| ऐसी अवस्था में किसी की शहादत बहुत ही सम्मानीय अवस्था होनी ही चाहिए|

किसी भी समाज या संस्कृति में 'शहादत दे देना' या 'शहादत का हो जाना' बहुत ही सम्मानीय स्थिति होती है, लेकिन उस समाज या उस संस्कृति के कुछ लोगों की प्रवृति और प्रकृति इसके विपरीत होती है| ऐसा क्यों होता है? यह सवाल मुझे बहुत परेशान करता रहता है| शायद आपको भी परेशान कर दे, लेकिन मेरा उद्देश्य किसी को भी परेशान करना नहीं है| सवाल यह है कि जब शहादत इतना सम्मानजनक होता है, तो उस समाज और उस संस्कृति के अग्रणी लोग, समृद्ध लोग, उच्च स्तरीय बौद्धिक लोग, उच्च स्तर के अधिकारी गण, राजनीतिक नेता एवं दिव्य लोग इस शहादत में बहुत पीछे क्यों रह जाते है? शायद मैंने कुछ गलत कह दिया है| ये लोग शहादत के कतार में पीछे ही नहीं होते, ये लोग शहादत की कतार में कहीं भी दूर दूर तक नहीं होते|

एक फिल्म का एक प्रसंग है| दो देशों में युद्ध हो रहा था| अवश्य ही उसमे राष्ट्रीयता की भावना उभार पर होगा| उस युद्ध में दो भाई भी शामिल थे| चूँकि दोनों भाई थे, इसलिए भी उनमे बहुत जुड़ाव था| उनमे एक को युद्ध के मोर्चे पर शहादत प्राप्त हो गया| जब दूसरे भाई को यह सब मालूम हुआ, तो यह बदला लेने के लिए उग्र और आक्रोशित हो गया| वह युवा अपने ‘जोश’ के उच्चतम उभार में था, लेकिन उसने अपना ‘होश’ खो दिया था| जब वह अपने आक्रोश और अपनी उग्रता को सम्हाल नहीं पा रहा था, तो उसके कमांडर ने उस उतावले को एक करारा तमाचा जड़ दिया| वह घबरा कर बैठ गया कि शहादत देना उनको अच्छा क्यों नहीं लग रहा?

वह सोचने लगा कि उसे भी शहादत मिलती और इस प्रक्रिया में वह अपने भाई का बदला भी तो ले लेता| उसके कमान्डर ने उससे कहा, 'तुम्हारी शहादत हमारा लक्ष्य नहीं है'| तुम पर इस राष्ट्र ने बहुत समय, संसाधन, उर्जा और वैचारिकी का निवेश किया है| यह सिर्फ तुम्हारे शहादत को पाने के लिए नहीं, बल्कि इस युद्ध को जीतने के लिए किया गया है| यह पशुओं की प्रवृति होती है कि वह सिर्फ 'रिफलेक्स तंत्र' द्वारा ही प्रतिक्रिया देता है, वह कोई और मानसिक प्रक्रिया नहीं करता है| तुम भी बिना सोचे समझे बेचैन हो गये हो| शायद उसका कमान्डर उसे ‘शहादत देने’ और ‘शहादत पाने’ में अन्तर समझा रहे थे| लेकिन मुझे यह अन्तर समझ में नहीं आया|

प्रसिद्ध लेखक मुंशी प्रेमचंद ने लिखा है, ‘अन्याय को मिटाओ, लेकिन अपने आप को मिटा कर नहीं’| इतना असाधारण वाक्य किसी असाधारण लेखक ने क्यों लिखा? क्या वे यह चाहते थे कि लोग शहादत नहीं दें, या कोई और गूढ़ बात कह रहे थे; जिसे मैं समझ नहीं पा रहा हूँ| ऊपर के प्रसंग में कमान्डर भी कुछ ऐसा ही कहना चाह रहा था| शायद ये लोग विचारों की अदम्य शक्ति को रेखांकित करना कहते थे| शायद ये लोग शारीरिक शक्ति की सीमा को समझते थे| ये वैचारिक शक्ति, यानि मानसिक शक्ति के संवर्धन और सामर्थ्य को समझाना चाहते हो| गूढ़ एवं गहरा विचार ही किसी भी रणनीति का सार (Essence) होता है| इसी सार को ही बौद्धिक भाषा में ‘दर्शन’ भी कहते हैं|

विक्टर ह्यूगों ने भी कहा है कि “जब उपयुक्त समय आता है, तब विचारों की शक्ति तत्कालीन विश्व की सभी सेनाओं की संयुक्त शक्ति से भी ज्यादा भारी होता है|” तब यह भी कहा जा सकता है कि विचारों का कभी भी कोई उपयुक्त समय आता है, या नहीं भी आता है, लेकिन यदि जब विचारों को उपयुक्त बना लिया जाय, तो वह ‘उपयुक्त विचार’ दुनिया समस्त सेनाओं को भी हरा देगा| बात यह हो या नहीं हो, यह तो स्पष्ट है कि विचारों में अदम्य शक्ति होती है| जब विचारों में अदम्य शक्ति होती है, तब शारीरिक शहादत देने के पीछे कौन लोग भाग रहे हैं?

तब शारीरिक शहादत या तो दुर्घटनाओं में हो जाती है, या उनकी प्राथमिकताओं में आ जाती है. जिनको विचारों की शक्ति पर भरोसा नहीं होता है| बौद्धिक लोग विचारों की शक्ति पर विश्वास करते हैं| ज्यादा बौद्धिक लोगों को ही दार्शनिक कहते हैं, क्योंकि वे दार्शनिक लोग बौद्धिकता के सिद्धांतों का प्रतिपादन करते हैं| दार्शनिक शताब्दियों या सहत्राब्दियों की स्थापित मान्यताओं, मूल्यों, और संस्कृतियों को उलट देते हैं| कम चिन्तनशील लोग शहादतों की तैयारी करते हैं| ज्यादा चिन्तनशील लोग जीतने की तैयारी करते हैं| आपने भी देखा होगा कि सामान्य किस्म के लोग शहादतों के आंकड़ों पर ज्यादा बौद्धिकता प्रदर्शित करते हैं|

अन्त में, एक ‘महा’ ‘राष्ट्र’ नायक, जिसने इस भारत में राष्ट्रीयता की भावना का वास्तविक एवं जमीनी शुरुआती आधार दिया, महान शिवाजी की चर्चा के बिना यह आलेख अधूरा ही रहेगा| अपने सीमित एवं अल्प संसाधनों के साथ विशाल मुग़ल साम्राज्य के विरुद्ध एक महान राष्ट्र का नींव डालकर एक आदर्श स्थापित कर दिया| वह क्षेत्र तो आज भी ‘महाराष्ट्र’ के नाम से जाना जाता है| ध्यान रहे कि मैंने किसी देश (Country) की बात नहीं की, क्योंकि एक देश राजनीतिक सीमाओं से ही बँधा होता है| लेकिन एक राष्ट्र (Nation) उस भौगोलिक क्षेत्र से जुड़ाव रखने वाले लोगों से बना होता है| इसी ऐतिहासिक एकापन की भावना को जोसेफ स्टालिन राष्ट्र कहते हैं| तब यह क्षेत्र मात्र एक ‘राष्ट्र’ ही नहीं बना, बल्कि ‘महाराष्ट्र’ बन गया| भारत आज भी एक मजबूत 'राष्ट्र' नहीं बन पाया है, और इसीलिए भारतीय संविधान की उद्देशिका में ‘राष्ट्र’ की ‘एकता एवं अखंडता’ की बात की गयी है, किसी ‘देश’, ‘राज्य’ (State) या ‘प्रान्त’ (Province) की एकता एवं अखंडता की बात नहीं है|

यहाँ बात ‘शहादत’ की चल रही है| महान शिवाजी युद्धों में सामने से भिड़ने से बचते थे| वे शहादत देने में विश्वास नहीं करते थे, अपितु वे जीत लेने में विश्वास करते थे| वे अकसर आक्रमण के लिए चुपके से आते थे, और फिर घनघोर जंगलों और पहाड़ों में विलीन भी हो जाते थे| जीत कर एक समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण करने में कामयाब भी रहे|

तो हमको आपको यह विमर्श करना है कि शहादत देने की योजना बनाना है, या जीत लेने की 'दर्शन' को तैयार कर उसे क्रियान्वित करना है|

आचार्य प्रवर निरंजन जी, 

दार्शनिक, शिक्षक एवं लेखक

अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं  संस्कृति संवर्धन संस्थान|

बुधवार, 6 अगस्त 2025

आप पुरोहित और संस्कारक क्यों बनें?

(प्रकाशनाधीन पुस्तक - "जब बुद्ध मुस्कुरा उठे", का एक अंश)

इस विद्वान् मंडली की सारगर्भित सुनने के बाद मुझे लगा कि हम भारतीय जन गण को चाहिए कि हमलोग भारतीय संस्कृति पर छाये हुए धुंध के बादल को हटायें| इससे भारतीय संस्कृति के साथ हुई गलतफहमियों को सुधारा जा सकता है| लेकिन किसी व्यवस्था या तंत्र को सुधारने के लिए, या संशोधित करने के लिए उस व्यवस्था यानि उस तंत्र का एक अभिन्न हिस्सा बनना होगा| इसके बाद ही हम इस व्यवस्था या तंत्र को समझ सकते हैं, उस पर नियंत्रण स्थापित कर सकते हैं| अर्थात उस वाहन रुपी तंत्र में सवार होकर उसके ‘ड्राइविंग सीट’ पर बैठना ही होगा, तब ही कोई उस तंत्र यानि उस वाहन को मनचाहे गंतव्य तक ले जा सकता है| इसके लिए शिक्षाविदों, सामजिक सेवियों के साथ साथ सांस्कृतिक सेवियों को भी आगे आना चाहिए| सांस्कृतिक सेवियों में ‘पुरोहित’ एवं ‘संस्कारक’ शामिल हैं| समाज के सांस्कृतिक क्षेत्र में इन लोगों को ऐतिहासिक एवं श्रद्धा के साथ सम्मान प्राप्त है|

भारतीय परम्परा में ‘पुरोहित’ एक सम्मानित व्यक्ति की अवधारणा रही है, जो अपने ज्ञान, विचार एवं व्यवहार से उन ‘पुरों’ का हित देखता रहा है| ‘पुर’ शब्द आवासित क्षेत्रों के लिए एक द्योतक शब्द है, जैसे शोलापुर, कानपुर, खड़गपुर, जयपुर, जबलपुर, भागलपुर, दिसपुर, आदि आदि कई शहर एवं गाँव हैं| और इन आवासीय क्षेत्रों के ‘हित’ देखने समझने वाले ही पुरोहित हुए| कालांतर में यह पाखंड एवं कर्मकांड के साथ उलझ गया है| इसी तरह संवेदनशील ‘सामाजिक संस्मरणों’ को ही आकार देने को ‘संस्कार’ कहते हैं, जो समाज में मूल्य, प्रतिमान, आदर्श आदि स्थापित करता है| और ऐसे संस्कारों को समाज में स्थापित, नियमित, नियंत्रित, संरक्षित एवं संवर्धिक करने वाले व्यक्तियों को ही ‘संस्कारक’ कहते हैं| यह अलग बात है कि इन संस्करकों की भूमिका समाज, आर्थिक सम्बन्ध, एवं संस्कृति के बदलने से बदलती रही| यह ‘संस्कार’ समय के साथ उस समाज का सदस्य होने के कारण अचेतन रूप में ग्रहण करता रहता है| ‘संस्कारों का समुच्चय’ ही ‘संस्कृति’ है| समाज के ऐसे सम्मानित सदस्यों की भूमिका समाज में सदैव ही प्रतिष्टित रही है, और आगे भी रहेगी| हमलोगों को पुरोहिती और संस्कार को प्राचीन भारतीय संस्कृति के मौलिक दर्शन के आलोक में पुनर्व्याख्यायित करना चाहिएपुनर्स्थापित करना चाहिए, ताकि भारतीय सांस्कृतिक गौरव को पुनर्सम्मानित किया जा सके। इसके लिए सभी नागरिकों को सचेत होकर आगे आना चाहिए|

भारतीय संविधान के मूल अधिकार में, यानि संविधान के भाग तीन के अनुच्छेदों में इन पुरिहितो एवं संस्करकों  के अधिकार के बारे में वर्णन है| यह ये सभी अधिकार संविधान के ही मूल अधिकार में शामिल है| ये सभी अनुच्छेद 13, अनुच्छेद 29 एवं अनुच्छेद 32 में निहित हैं| ‘पुरोहित’ एवं ‘संस्कारक’ शाब्दिक अवधारणा गौरवमयी भारतीय संस्कृति की महान विरासत है|

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 29 (1) में प्रत्येक भारतीय नागरिकों को अपनी भाषा, लिपि एवं संस्कृति के संरक्षण का अधिकार प्राप्त है| अनुच्छेद – 29 (1) के अनुसार “भारत के राज्यक्षेत्र या उसके किसी भी भाग में निवास करने वाले नागरिको के किसी भी वर्ग को, जिसकी अपनी विशिष्ट भाषा, लिपि या संस्कृति हो, उसे संरक्षित रखने का अधिकार होगा|” यदि इसे और स्पष्ट किया जाय, तो यह स्पष्ट है कि यह अधिकार भारत में निवास करने वाले ‘नागरिकों के सभी वर्ग’ को यह अधिकार प्राप्त है| ‘नागरिको का वर्ग’ उनकी जाति, धर्म, क्षेत्र, पंथ आदि के अनुसार संगठित या गठित माना जा सकता है| यह अधिकार उस नागरिक वर्ग को उसके विशिष्ट भाषा, लिपि और संस्कृति के सम्बन्ध में है| ध्यान रहे कि भाषा और लिपि की कोई स्पष्ट एवं विशिष्ट व्याख्या है, जिसकी कई व्याख्याएँ नहीं की जा सकती है| लेकिन संस्कृति एक ऐसी अवधारणा है जिसका कोई एक एकलौता, स्पष्ट एवं विशिष्ट व्याख्या नहीं किया जा सकता है| कहने का तात्पर्य यह है कि कोई भी अपने तथाकथित वर्ग के लिए ‘संस्कृति’ को अवधारित कर सकता है, और उसके अनुरूप अपने मूल अधिकारों की बात कर सकता है|

ध्यान रहे कि संविधान के भाग तीन में ही अनुच्छेद 13 (2) के अनुसार “राज्य कोई ऐसा कानून (Law) नहीं बनाएगा जो इस भाग द्वारा प्रदत्त अधिकारों को छीनता हो या न्यून करता हो और इस खण्ड के उल्लंघन में बनाया गया कोई कानून उल्लंघन की सीमा तक शून्य होगा|” संविधान के इस भाग का अर्थ हुआ संविधान का भाग तीन है, जिसे मूल अधिकार का भाग कहा जाता है| इस भाग में संविधान का अनुच्छेद 12 से अनुच्छेद 35 तक शामिल है| अर्थात संस्कृति के अतिरिक्त अन्य कई अधिकार इस भाग में शामिल एवं संरक्षित हैं| यहाँ संविधान में यह स्पष्ट भी किया गया है कि ‘कानून’ (Law) शब्द में भारत के क्षेत्र में कानून के प्रभाव रखने वाले सभी बल (The Force of Law) शामिल है, अर्थात कानून के बल में सभी अध्यादेश, आदेश, उप कानून, नियम, विनियमन, अधिसूचना, प्रथा (Custom), या परम्परा (Usage) शामिल किए गये हैं|

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 32 (1) के अनुसार “इस भाग द्वारा प्रदत्त अधिकारों के प्रवर्तन (Enforcement) के लिए समुचित कार्यवाही द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में जाने का अधिकार सुनिश्चित किया गया है|” इस भाग में प्रदत्त अधिकारों के प्रत्य्वर्तन के अलावे किसी भी अन्य अधिकारों या शिकायतों के मामलों में कोई भी सीधे सर्वोच्च नयायालय में नहीं जा सकता है, लेकिन इन मूल अधिकारों के प्रवर्तन कराने के मामलों में कोई भी सीधे ही सर्वोच्च न्यायालय में जा सकता है| यह व्यवस्था भारतीय संविधान में किया गया है| अनुच्छेद 32 (2) उच्चतम न्यायालय को इस भाग द्वारा प्रदत्त किसी भी अधिकार के प्रवर्तन के लिए निदेश (Direction) या आदेश (Order) या रिट (Writ) जारी करने की शक्ति है| यहाँ भी ‘इस भाग’ का तात्पर्य भाग तीन से ही है, जिसमे संविधान का अनुच्छेद 12 से अनुच्छेद 35 तक शामिल है| इन रिटों में बंदी प्रत्यक्षीकरण (Habeas Corpus), परमादेश (Mandamus), प्रतिषेध (Prohibition), अधिकार-पृच्छा (Quo Warrant) और उत्प्रेषण (Certiorari) शामिल है|

चूंकि भारतीय संस्कृति हमारी विरासत हैहमलोगों की थाती हैहमलोगों का गौरव हैहमलोगों का सम्मान हैइसीलिए हम समस्त भारतवासियों की जबावदेही बनती है कि इस गौरवशालीप्राचीनऔर विस्तृत संस्कृति का संवर्द्धन करेंपुनर्स्थापित करेंपुनर्जीवित करें और पुनः गौरवान्वित करें। लेकिन इसके लिए हमलोगों को संयुक्त रूप में आगे आना होगासंयुक्त रूप में सक्रिय होना होगाऔर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। भारतीय उपमहाद्वीप एक विविध संस्कृतियोंविविध भाषाओंविविध पंथों एवं धर्मों और विभिन्न भौगोलिक अनिवार्यताओं के क्षेत्रों का संकलन यानि समुच्चय है। भारत एक ऐसा विशाल और बहुविध पंथों और धर्मों का देश हैजहां विश्व के सभी धर्मों की परम्परा अपने गौरव और सम्मान के साथ प्रचलित और सक्रिय हैऐसा कोई अन्य उदाहरण विश्व में और कहीं नहीं है। भारत में विविध संस्कृतियाँ है| संस्कृतियों की परिभाषा एवं अवधारणाओं के अनुसार संस्कृतियों की विविधता बढती जाती है|

कहने का तात्पर्य यह है कि हमलोगों के इस सांस्कृतिक विरासत के पुनरोत्थान अभियान में सभी संस्कृतियोंसभी क्षेत्रोंसभी धर्मोंसभी पंथोंऔर सभी भाषायी व्यक्तियों, समाजों, एवं वर्गों की सक्रिय, समर्पित सहयोग अवश्य ही चाहिएवरना यह गौरवमयी  सांस्कृतिक अभियान सफल नहीं मानी जा सकती है। स्पष्ट है कि यह अभियान किसी भी वर्गया समूहया जाति वर्ण के सापेक्ष नहीं हैयानि किसी के विरुद्ध या किसी के समर्थन में नहीं हैयानि कोई भी विशेष वर्ग इसके लक्ष्य में नहीं है। इसमें सभी परम्परागत और गैर परम्परागत वर्गसमूह और समाज की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है और किसी को इससे अलग नहीं होना चाहिए|

पुरोहिताई और संस्कारक एक कौशल है, एक योग्यता है, एक ज्ञान है, जिसे कोई भी प्रशिक्षित होकर सीख सकता है, पारंगत होता है, या हो सकता हैयदि आप किसी पेशे में, किसी सेवा में, किसी व्यवसाय या उद्यम में कुशल और सक्षम हो सकते हैं, तो आप इसमें भी कुशल, सक्षम, योग्य, पारंगत और व्यवहारिक हो सकते हैं| यह पुरोहिताई और संस्कारक भी एक पेशा है, एक सेवा है, एक उद्यम है, एक व्यवसाय है, जिसमे सम्मान, प्रतिष्ठा, समृद्धि,और आत्मसंतुष्टि जुड़ा हुआ हैयह आध्यात्मिक क्षेत्र का प्रवेशद्वार भी हैचूँकि यह महान संस्कृति आपकी भी विरासत है, इसीलिए इसके उत्तरदायित्व में आप भी शामिल हैं, और आपको भी शामिल होना चाहिए|

इस संस्कृति में संस्कारक एवं पुरोहिताई की एक विशाल एवं शानदार अर्थव्यवस्था है, जिसमे सभी सामाजिक वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिएइससे अर्जित धन से सभी सामाजिक वर्गों के विकास में भूमिका होनी चाहिए, या मिलनी चाहिए| इसके लिए ही सभी सामाजिक वर्गों के समझदार, जागरूक एवं प्रबुद्ध सदस्यों को आगे आना चाहिएलगभग सभी सामाजिक वर्गों में सेवा निवृत सदस्य उपलब्ध होते हैं, जिनके पास ज्ञान आधारित योग्यता के साथ साथ विशाल कार्य अनुभव भी होता है, जिसका लाभ वह सामाजिक वर्ग उठा सकता हैइन सेवा निवृत सदस्यों की सक्रियता और समर्पण से बहुत कम लगत से या बिना लगत के सामाजिक पूंजी का निर्माण होता है, और इन सेवा निवृत सदस्यों की उम्र भी बढ़ जाती है| इस अभियान से समाज को और राष्ट्र को एक सुसंस्कृत, शालीन. शिष्ट, शिक्षित और संस्कारी पुरोहित एवं संस्कारक मिलता है|, और समाज एक कामी, लोभी, अशिक्षित, संस्कारविहीन और भ्रष्ट पुरोहित एवं संस्कारक के दुष्प्रभाव से बचता है|

चूँकि यह एक सेवा है, एक व्यवसाय है, एक उद्यम है, एक कौशल है, इसलिए यह हमारे युवाओं के लिए प्रशिक्षण का एक शानदार सम्मानित एवं प्रतिष्ठित अवसर भी हैये युवा हमरे व्यापक शोध मिशन को आगे बढ़ा सकते हैं, या बढ़ाएंगे ही| इससे हमारे राष्ट्र के सभी सामाजिक वर्गों का सांस्कृतिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक मूल्यवर्धन होगा, और सभी सामाजिक वर्ग आध्यात्मिकरूप में समृद्ध, संपन्न और आत्मनिर्भर भी होगा| इससे हमारी संस्कृति कई अर्थों में संपन्न और व्यापक होगाहमारे प्रशिक्षित संस्कारक समाज को ढोंग, पाखंड, अंधविश्वास एवं अनावश्यक कर्मकांड से उबरने में सहायक भी होंगेहमरे संस्कारक समाज में शिक्षा एवं विविध सेवाओं के प्रसारक एवं प्रचारक भी बनेंगे| ये संस्कारक कई ऐसे कार्य भी करेंगे, या कई ऐसे क्षेत्रों के सूत्रधार भी बनेंगे, जिन्हें हमलोग आपके सहयोग एवं सलाह से सुनिश्चित और निर्धारित करेंगेचूँकि एक संस्कारक एवं पुरोहित अपने अपने कार्य क्षेत्रों में प्रभावशाली एवं नियंत्रणकारी होते हैं, इसीलिए ये संस्कारक एवं पुरोहित अपने अपने कार्य क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षणिक आदि कई क्षेत्रों के बदलाव के क्रान्तिकारी प्रकाश स्तम्भ साबित होंगेयह सब भविष्य के गर्त में है, जो आपके सहयोग, समर्थन, समर्पण से ही आगे निकल सकता है, आगे बढ़ सकता हैइस क्षेत्र में पहले भी कई महानुभावों ने शुरुआत भी किया था| लेकिन आज की अपेक्षित गतिशीलता आपके बिना संभव भी नहीं है|

इसलिए आप सभी भारतीय इसमें आगे आइए| एक फिर से भारतीय संस्कृति को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में मदद कीजिए|

आचार्य प्रवर निरंजन जी 

अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान|

रविवार, 27 जुलाई 2025

समस्याएँ वहीं खड़ी क्यों हैं?

एक बड़ा सवाल यह है कि कुछ समस्याएँ सदियों से वहीं खड़ी क्यों है, वहीं यथावत बरकरार क्यों है? जबकि "बाजार की शक्तियों" (Market Forces) ने बहुत कुछ बदला भी है| ये समस्याएँ इसीलिए वहीं खड़ी है, क्योंकि इनका समाधान अभी तक नहीं हो पाया है, या नहीं किया गया है, या समुचित एवं उपयुक्त समाधान नहीं मिला है। फिर सवाल उठता है कि तब हमलोग क्या कर रहे हैं? जबाव है कि हमलोग उपयुक्त, समुचित एवं पर्याप्त समाधान के लिए अभी भी प्रयासरत है, और इसमें सभी बौद्धिकों और बहुसंख्यकों की भागीदारी और समर्थन भी है।

तब तो इसका स्पष्ट अर्थ यह हुआ कि अबतक जिन समस्यायों का समाधान नहीं हुआ है, विश्व के सभी स्थापित एवं मान्य विद्वान भी इसके समाधान की दिशा में अबतक असफल रहे हैं| और इसीलिए ये समस्याएँ वही खडी है। यह निष्कर्ष बहुतों के लिए बहुत विचलित कर देने वाला है, खासकर जिनकी श्रद्धा और विश्वास किसी महान व्यक्तित्व में बहुत ज्यादा समर्पित है। यह बहुत विचलित कर देने वाला निष्कर्ष हो सकता है| क्या ऐसा निष्कर्ष निकालना गलत है? तो फिर प्रश्न उठता है कि ऐसा निष्कर्ष गलत क्यों माना जाय?

अब हमलोग उन समस्याओं के समाधान खोजने के लिए नहीं बैठते, जिनका उपयुक्त समाधान पहले ही पा लिया गया है। अब कोई चेचक की बीमारी का वैक्सीन का आविष्कार नहीं करना चाहता, अब कोई वायुयान उडाने का सिद्धांत नहीं खोज रहा, क्योंकि इनका समाधान पा लिया गया है। इसी तरह, सती प्रथा का समाधान निकाल लिया गया और विधवा विवाह भी आपत्तिजनक नहीं रहा, मतलब इनमें सफलता मिल गयी। लेकिन जाति और वर्ण व्यवस्था की समस्याएँ अपने बदलते बाह्य स्वरूप के साथ अपने मूल तथा मौलिक गुणवत्ता में आज भी विद्यमान है। इसका मतलब यह है कि हमारे सामाजिक और सांस्कृतिक सुधारक समाज से जाति और वर्ण व्यवस्था संबंधित समस्याओं के समाधान में अपने प्रयासों और उद्देश्यों को पाने में असफल रहे हैं।

ध्यान दिया जाय कि जाति व्यवस्था और वर्ण व्यवस्था से जुड़ी हुई समस्याएँ सामाजिक होती है और इसीलिए इसका क्रांतिकारी समाधान राजनीतिक और वैधानिक व्यवस्था नहीं दे पाया है। इनकी जड़े सांस्कृतिक होती है  और संस्कृति का निर्माण और स्वरुप निर्धारण उनके "इतिहास बोध" (Perception of History) से होता है। संस्कृति "सामूहिक अचेतन" (Collective Unconscious) होता है, जो 'स्वत:स्फूर्त मोड' (Automated Mode) में व्यक्ति और समाज को सदैव संचालित और नियमित करता होता है। आधुनिक युग के लोग इस संस्कृति को "समाज का साफ्टवेयर" (Software of Society) कहते हैं। इस संस्कृति की गत्यात्मकता (Dynamism) को समझने के लिए, यानि इन समस्याओं की जड़ो तक पहुँचने के लिए हमें "संस्कृति का दर्शन" (Philosophy of Culture) और "इतिहास का दर्शन" (Philosophy of History) समझना चाहिए। चूंकि इन विद्वानों ने इनके दर्शन की विवेचना नहीं किया है, इसलिए इन सामाजिक और सांस्कृतिक समस्याओं की मूल जड़ों को खोजने समझने में हमारे सभी पूर्ववर्ती विद्वान असफल रहे। स्पष्ट शब्दों में कहा जाय तो हमारे सभी पूर्ववर्ती विद्वान इन समस्याओं के उन मूल जड़ों में ही समाधान पाने में भटक गए हैं, भ्रमित हो गए। ये सभी विद्वान परम्परागत स्थापित मान्यताओं एवं उपलब्ध पुस्तकों के 'ढांचे '(Framework) से बाहर ही नहीं निकल पाए। इसे ही "इन- बाक्स थिंकिंग" (In- Box Thinking) कहते हैं। ये सभी विद्वान इसके उलट "आउट- आफ- बाक्स थिंकिंग" (Out-of-Box Thinking) नहीं कर पाए। 

हार्वर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर थामस सैमुएल कुह्न ने 1962 में एक पुस्तक - The Structure of Scientific Revolution लिखी। हालांकि यह पुस्तक वैज्ञानिक क्रांति के नाम लिखी गयी है, लेकिन क्रांति तो क्रांति ही होती है, चाहे वह वैज्ञानिक हो, या सामाजिक हो, या सांस्कृतिक हो, या आर्थिक हो, या शैक्षणिक हो। क्रांति का स्पष्ट तात्पर्य होता है, एक संक्षिप्त अवधि में बहुत बड़ा बदलाव, जो अपने उद्देश्यों को कम संसाधन, कम समय में, कम ऊर्जा में प्राप्त कर ले। अर्थात सभी क्रांतियों की प्रकृति, प्रवृत्ति, संरचना, विन्यास (Matrix), ढांचागत स्वरूप, क्रियाएँ, क्रियाविधियाँ (Mechanics), मौलिक अवधारणाएँ अपने स्वभाव, प्रतिरुप और मौलिकता में समान ही होती है। प्रोफेसर कुह्न ने किसी भी क्रांति के लिए संरचना, विन्यास, ढांचागत स्वरूप, क्रियाविधियों और अवधारणाओं में "पैरेडाईम शिफ्ट" (Paradigm Shift) की अनिवार्यता बतायी है। इसे ही सामान्यत: "आउट- आफ- बाक्स थिंकिंग" (Out-of-Box Thinking) कहा गया है। ये विद्वान लोग "सांस्कृतिक वर्चस्ववाद" (Cultural Hegemony) की अवधारणा और क्रियात्मकता की ओर ध्यान ही नहीं दिया, और इसीलिए समस्याएँ यथावत खडी़ है।

इन सामाजिक सांस्कृतिक समस्याओं का समाधान हमारे पूर्ववर्ती और तत्कालीन विद्वानों को इसलिए नही मिल पाया, या रहा है, क्योंकि इनमें कोई भी पुराने स्थापित परम्परागत मान्यताओं और अवधारणाओं से बाहर ही नहीं निकल पाए हैं। ये सभी विद्वान पहले से रचित और उपलब्ध पुस्तकों की दुनिया में ही तैरते डूबते रह गए, लेकिन कोई अपनी नई नवाचारी और अलग अवधारणा या विचार नहीं दे सके। नतीजा यह हुआ कि अपनी मंजिल की तलाश के साथ ही ये लोग उसके ही नाव पर सवार हो गए। ये विद्वान उनके नाव में सवार हो कर अपनी मंजिल पाने के लिए अपनी तलवारबाजी का करतब दिखाते रहे, लेकिन अंतत: कुछ नहीं हुआ। इन मुहिमों में वे लोग भी शामिल हो गए, जिनके विरुद्ध यह मुहिम चलाया गया।

इसीलिए यदि अब तक आपको अपनी सामाजिक सांस्कृतिक समस्याओं का समाधान नहीं मिला, या किसी अन्य समस्याओं का समाधान नहीं मिला है, तो आपको अवश्य ही अपने विचारों, अवधारणाओं, व्याख्याओं में पूरा “पैरेडाईम शिफ्ट” कर लेना चाहिए, पूरा बदलाव कर लेना चाहिए। समाधान आपके पास होगा, वह भी सरल, साधारण, और सहज तरीकों से एवं कम साधन, समय, ऊर्जा एवं वैचारिकी के साथ। प्रतिक्रिया लेने और देने में विश्वास मत कीजिये। अधिकतर विरोधी आपसे प्रतिक्रिया लेकर आपकी दिशा दशा, सब कुछ निर्धारित और नियमित करता रहता है। अपनी कार्य योजना बनाइए और उसमें प्रतिक्रियाओं के लिए कोई स्थान नहीं हो। प्रकृति (ब्रह्माण्ड) की प्रकृति (स्वभाव/ लक्षण) आपके साथ है, प्रकृति का यही स्वभाव है। सभी एक है, यह भौतिकी का मूल, मौलिक और आधारभूत स्थापित और सत्यापित अवधारणा है।

विश्वास कीजिये। सफलता आपके इंतजार में है। बस, इसी पैटर्न पर शुरुआत कीजिए|

आचार्य प्रवर निरंजन जी

अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

मंगलवार, 22 जुलाई 2025

बौद्धिक बेईमानी क्या है?

जब कोई व्यक्ति या समूह या वर्ग जानबूझकर किसी झूठ को अपने तर्क एवं ज्ञान के द्वारा सही साबित करता है, यानि उसका "बौद्धिकीकरण" करता है, तो उसे  ही "बौद्धिक बेईमानी' कहते हैं। बौद्धिकता के संदर्भ में 'जानबूझकर' ऐसे काम को करना, जो नहीं करना चाहिए, यानि स्पष्ट मंशा से समाज विरोधी बौद्धिक उपागम (Approach) करना, यानि दिखाना कुछ और एवं करना उसके विरुद्ध, इसे ही बेईमानी समझा जाता है। "बौद्धिकीकरण" का तात्पर्य किसी अति सामान्य, सरल, सहज एवं साधारण तथ्य, विचार, भावना या व्यवहार को इस तरह समाज के समक्ष प्रस्तुत किया जाना, मानों ये सब सत्य, उत्कृष्ट, उच्च्ततर, असाधारण और अति विशिष्ट हो।

लेकिन "बौद्धिकीकरण " करने में सिर्फ बौद्धिक बेईमान ही नहीं होते, अपितु बहुत से रिटायर्ड लोग या अकादमिक लोग भी होते हैं, जो अपने शेष जीवन के समय काटने के लिए ‘बौद्धिकता का व्यायाम’ करते हुए होते हैं। चूंकि ऐसे लोग अपनी किताबों से अर्जित ज्ञान की बंधी बधाई दुनिया से बाहर देख समझ नहीं सकते, इसीलिए ये लोग बौद्धिक बेईमान नहीं हो पाते। दरअसल ये लोग समाज में कुछ भी नवाचार नहीं कर पाते, इसीलिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के भ्रम में ही समस्त जीवन गुजार देते हैं।

 मैं यहाँ थोड़ा विषयान्तर हो गया था। समाज का बौद्धिक बेईमान वर्ग बौद्धिकता के उपकरणों के सहारे एक समानान्तर आभासी (मायावी/ Virtual) दुनिया बनाता है, जिसमें उस वर्ग की बौद्धिकता तथाकथित विशिष्टता, सर्वोच्चता, भिन्नता और दिव्यता पर आधारित होता है। इस दिव्यता का आधार जन्म से और पूर्व जन्म के लक्षणों से निर्धारित माना जाता है, जिसे आधुनिक विज्ञान कतई नही मानता है। अधिसंख्य बौद्धिकों की अधिकतम ऊर्जा हमारे अस्तित्व की प्रकृति और नियति को बेहतर बनाने में नहीं लगाया जाता। इनका ध्यान हमारे जीवन के पार की दुनिया में ही लगा रहता है, और यही बौद्धिक बेईमानी है। ऐसा अधिकतर जानबूझकर ही किया जाता है। मानवेत्तर शक्तियों और स्थितियों के विश्लेषण एवं अध्ययन पर समय, उर्जा, वैचारिकी और संसाधन लगाना और ऐसा ही दूसरों को करने के लिए प्रेरित करना, भी "बौद्धिक बेईमानी" है।

यदि कोई वास्तविक बौद्धिक वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए वैचारिक रुप में  जूझता होता है, तब बौद्धिक बेईमान ऐसे बौद्धिकों के चिंतन एवं प्रयास को मूर्खतापूर्ण बताकर भ्रम पैदा कर दे रहे हैं। ये बौद्धिक बेईमान सदैव ही सारे विश्व को जीवन मृत्यु के रहस्यों, जन्म जन्मान्तर की प्रक्रियाओं और अलौकिक अस्तित्व के चिंतन में, यानि उस आभासी दुनिया में डुबोए रखना चाहते हैं, जिस आभासी दुनिया में वे दिव्य माने जाते हैं। ये बेईमान जीवन की वास्तविकताओं से संबंधित मुद्दों को नीरस, उबाऊ, रहस्यपूर्ण और कपोल कल्पित बता कर जीवन की वास्तविकताओं को ही नकारता हुआ होता है।

बौद्धिकता का सार (Essence) यानि बौद्धिकता की दुनिया के केन्द्र में अवश्य हीजीवन’, ‘समाज’ और ‘व्यवस्था’ (सत्ता) होता है, अत: इसके बाहर का विमर्श बौद्धिक बेईमानी ही है। जीवन का कोई भी परिणाम अपनी ‘द्वैत’ (Dual) अवस्था का परिणाम होता है, और जीवन का यह द्वैत अवस्था ‘विचार’ और ‘कर्म’ का होता है। अर्थात जीवन का कोई भी परिणाम उसके बौद्धिकता (विचार) और व्यवहारिकता (कर्म) का संयुक्त उत्पाद होता है। इन दोनों में किसी के भी शून्य होने पर परिणाम ‘शून्यता’ में आ जाता है। बौद्धिक बेईमान सामान्य लोगों की बौद्धिकता को शून्य कर देते हैं और इसीलिए कर्म करने के बाद भी उनके जीवन का वास्तविक परिणाम शून्य हो जाता है। हर बौद्धिकता का एक भौतिक सामाजिक आधार होता है। यह भी सही है कि सभी बौद्धिकताओं का जन्म उस समय की ठोस भौतिकतावादी स्थितियों में ही होती है।

‘बौद्धिकता’ व्यवस्था या सत्ता पर नियंत्रण और नियमन की समझ देता है, इसीलिए चतुर लोग या वर्ग  बौद्धिकता पर नियंत्रण के लिए दूसरे वर्गों के साथ ‘बौद्धिक बेईमानी’ करता है। सत्ता या व्यवस्था को सबसे बड़ा खतरा "स्वतंत्र दिमाग" से होता है। सत्ता वर्ग द्वारा निर्मित एवं निर्धारित ‘अवधारणाओं’ (Concepts) से सत्ता वर्ग को कोई खतरा नहीं होता, इसीलिए इन अवधारणाओं के विरोध करते दिखने वाले नेताओं से सत्ता वर्ग विचलित नही होता। दरअसल ये कुछ अवधारणाएं विरोध करने के लिए ही रचित होती है, क्योंकि इसके विरोध से ही सत्ता वर्ग अपनी ऊर्जा लेती है और समाज में स्थान बनाता है। सतही समझ रखने वाले तथाकथित बौद्धिक इनका गला फाड़ विरोध करते हैं। इनके द्वारा रचित अवधारणाओं के भौतिक विरोध से वे और मजबूत होते हैं। अक्सर डिग्रीधारी बौद्धिक भी ‘बौद्धिक शून्यता’ में ही होते हैं।

बौद्धिक बेईमान वर्ग अपनी सर्वोच्चता, विशिष्टता, एवं भिन्नता को स्थापित करने और उसे बनाए रखने के लिए सदैव ‘दिव्यता’ को आधार बनाते हैं। इतिहास को मोड़ना, यानि बदलना इतिहास को अपने पक्ष में करने का प्रयास होता है। इतिहास को मोड़ कर ऐतिहासिकता के आधार पर सर्वोच्चता, विशिष्टता, एवं भिन्नता को स्थापित करने और उसे बनाए रखने के प्रयास किया जाता है। व्यवस्था और सत्ता पर पूर्ण और दीर्घकालिक स्थायी नियंत्रण के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक नियंत्रण आवश्यक होता है, और यह ‘सांस्कृतिक एवं वैचारिक नियंत्रण’ से आता है। इसे ही ऐन्टोनियो ग्राम्शी "सांस्कृतिक वर्चस्ववाद" (Cultural Hegemony) कहते हैं।  इसीलिए माओ त्से तुंग ने चीन को आधुनिक एवं विकसित बनाने के लिए " सांस्कृतिक क्रांति" (Cultural Revolution) किया था। लेकिन बौद्धिक बेईमान अपने स्वार्थ के लिए बौद्धिक बेईमानी का उपयोग अपने समाज और राष्ट्र को  बरबाद करने के लिए करते हैं।

बौद्धिकता का संबंध एकांत और निर्जन जीवन के लिए नहीं होता हैबल्कि तत्कालीन युग की समस्याओं के समाधान के लिए वैचारिक समाधान का देने का एक प्रयास होता  है। सभी का एकांत चिंतन समाज के लिए ही होता है, अन्यथा वह बौद्धिक बेईमानी होगी|

वस्तुतः किसी भी बौद्धिकता का विमर्श एवं चिंतन जीवन की समस्यायों के समाधान के लिए ही होगा और व्यवस्था की नाकामियों में सुधार के लिए होगा, अर्थात इन दोनों  से निरपेक्ष नहीं होगा, और यदि कोई भी बौद्धिकता वास्तविक जीवन और व्यवस्था की समस्यायों से परे हैतो वह अवश्य ही बौद्धिक बेईमानी है। आज के वैज्ञानिक युग में 'निर्माणवाद' (Creationism) की अवधारणा ध्वस्त हो गयी है, और 'विकासवाद' (Evolutionism) के सिद्धांत ने उसे प्रतिस्थापित कर दिया है।

बौद्धिक बेईमानों की बौद्धिकता सदैव सामाजिक श्रेष्ठता, उच्चता, प्रभुत्व और विशेषाधिकारों को अनन्त काल तक स्थायी बनाने की होती है और इसे ईश्वरीय न्याय के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। बौद्धिक बेईमान बदलाव से डरता है, समानता के अवसर से भागता है और इसीलिए आभासी दुनिया में सामान्य लोगों को रखना चाहता है।

जबतक प्रकृति और समाज के स्वभावप्रतिरुपऔर क्रियाविधियों को भौतिक (आर्थिक) साधनों और शक्तियों के संबंधों के नजरिये से नहीं देखा और समझा जाएगा, बौद्धिक बेईमानों की गति को कोई रोक भी नहीं सकता।

आचार्य प्रवर निरंजन जी

अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

रविवार, 20 जुलाई 2025

अमीर बनने का सिद्धांत

अमीरी एक अवस्था है| ‘अमीर’ (Rich) बनना या अमीर बने रहना एक संस्कृति है, जिसे कोई भी विकसित कर सकता है| चूँकि यह एक संस्कृति है, इसीलिए यह किसी समाज में पूर्व से स्थापित होती है, या हो सकती है, या स्थापित नहीं भी हो सकती है| संस्कृति सामूहिक अचेतन होता है, जो स्वचालित स्वरुप में सदैव अचेतन पर कार्य करता हुआ होता है| जिन समाजों में यह पूर्व से स्थापित एवं प्रचलित होती है, वहाँ इसे फिर से विकसित करने की आवश्यकता नहीं होती है| लेकिन यह जिन समाजों में यह पूर्व से स्थापित या विकसित यानि प्रचलित नहीं होती है, वहाँ इसे व्यवस्थित एवं संगठित तरीके से विकसित कर स्थापित करना आवश्यक होता है| भारतीय समाज में इसकी बहुत आवश्यकता है| यह कोई ‘धनी’ (Wealthy) बनने की अवस्था नहीं है, जिसे कोई भी धन संग्रहीत कर बन जाता है| स्पष्ट है कि ‘धनी’ होना कोई ‘अमीर’ बनने की संस्कृति नहीं है|

स्पष्ट शब्दों में और संक्षिप्त में कहूँ तो अमीर बनने का एक स्पष्ट स्थापित सिद्धांत है| सिद्धांत (Theory) सिद्ध (Proved) भी होता है, और अंत (End) भी होता है, यानि इसे फिर से साबित करने की जरुरत भी नहीं है और यही अंतिम (Final) सत्य भी है, एवं इस सम्बन्ध में कोई दूसरा सूत्र भी नहीं है|

इस सिद्धांत में तीन ही सूत्र हैं –

प्रथम, अमीर बनने का लक्ष्य स्पष्ट और निर्धारित हो| किसी को जो भी बनना या बनाना होता है, उसके पास उस लक्ष्य के लिए एक स्पष्ट मानसिक चित्र होना चाहिए, क्योंकि यही मानसिक चित्र लगातार उसके मन मस्तिष्क में बना रहता है और वही मानसिक चित्र वास्तविकता में बदल पाता है| मानसिक चित्र के अधिक ‘विवरणात्मक’ होने से उस चित्र में स्पष्टता ज्यादा रहती है| यही स्थिति अमीर बनने में भी होती है| लेकिन कोई भी मानसिक चित्र किसी के मन मस्तिष्क में तभी लम्बे समय तक बना रह सकता है, जब उस लक्ष्य को पाने का कोई बहुत बड़ा कारण हो, जो उसके लिए स्पष्ट हो, अन्यथा वैसे लक्ष्य तो क्षणभंगुर होते हैं और इसीलिए वे कोई प्रभाव ही नहीं डाल पाते| मतलब किसी को अमीर बनने की इच्छा उसमें उसी समय जागेगी, जब वह अमीर बनने के लिए कोई बड़ा सा कारण खोजेगा, या चाहेगा| यही बड़ा कारण उसके लिए प्रेरक शक्ति बनता है, अन्दर की आग को ईंधन देता रहता है| ऐसा कारण स्पष्टतया उसके जीवन से, पद से, प्रतिष्टा से आदि से जुडा होन चाहिए|

द्वितीय, अमीर बनने का दूसरा महत्वपूर्ण सिद्धांत उसके व्यवहारिक समझ से सम्बन्धित है| किसी भी अमीर के विचार, भावनाएँ, एवं व्यवहार समुचित रहता है| अमीर बनने के लिए खुशनुमा भावनाओं के साथ विचार या व्यवहार के साथ सेवा (Services) या वस्तु (Goods) देना होता है| शिक्षा उसे कहते हैं, जो लोगों को बदलती दुनिया को समझने में और उसके अनुकूल अपने को ढलने ढालने में मदद करे| ऐसी ही शिक्षा किसी को अमीर बनने की भी यह एक आवश्यक शर्त है|

पहले सूचनाओं के संग्रहण को, यानि याद रखने और उसके अनुप्रयोग करने के स्तर को शिक्षा के स्तर का पैमाना माना जाता था| इसे ही ‘सामान्य बुद्धिमता’ कहते हैं| लेकिन कोई अपने सामने वाले की भावनाओं को समझ कर और उनकी भावनाओं के अनुरूप अपनी भावनाओं को व्यवस्थित कर व्यवहार करता है, तो उसे ‘भावनात्मक बुद्धिमता’ कहा जाता है| इसके लिए सहानुभूति (Sympathy) की जगह समानुभूति (Empathy) दिखाया जाता है| यह गुण अमीरी के लिए विकसित करना आवश्यक संस्कार है| यदि कोई अपने समाज की आवश्यकताओं को अपने ध्यान में रखता है, तो उसे अपने समाज का भी समार्थन मिलता है| ऐसा व्यक्ति पहले की अपेक्षा ज्यादा सफल रहता है| ऐसी समझदारी को ‘सामाजिक बुद्धिमता’ कहते हैं| आजकल ज्यादा अमीर बनने वाले अपने समझ में मानवता, प्रकृति एवं भविष्य को भी समाए होते हैं| इसी को ‘बौद्धिक बुद्धिमता’ कहते हैं| मानवता, प्रकृति एवं भविष्य की समझ को समा लेना ही संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) का ‘धारणीय लक्ष्य’ (Sustainable Goals) कहलाता है| अमीरी का स्तर पाने में इन बुद्धिमत्ताओं के स्तर का भी योगदान होता है|

तृतीय एवं अंतिम सिद्धांत में आवश्यकता (Need), इच्छा (Desire), और मांग (Demand) को समझना अनिवार्य है| जो व्यक्ति इन अवधारणाओं मे अंतर नहीं कर सकता है, वह कभी भी अमीर नहीं बन सकता है| ‘प्रबंधन के केलौग स्कूल’ के फिलिप कोटलर ‘Need’, ‘Want’, ‘Desire’ एवं ‘Demand’ में अंतर समझाते हैं| इन्होने Want और Demand में अंतर किया तो है, लेकिन Want के लिए उपयुक्त हिंदी शब्द मुझे ज्ञात नहीं है| ‘Demand’ के लिए हिंदी में प्रचलित शब्द ‘मांग’ है, तो ‘Want’ के लिए ? किसी की भूख के लिए भोजन उसकी आवश्यकता (Need) है, लेकिन उस भोजन के प्रकार, यथा रोटी, चावल, बेकरी, या अन्य उसका ‘Want’ है| कुछ भी पाने का मन करना उसका ‘इच्छा’ (Desire) हुआ, जो उसके लिए अनिवार्य नहीं भी हो सकता हो| कोई भी ‘मांग’ (Demand) तब बनता है, जब कोई इसके लिए धन खर्च करने तैयार रहता है| किसी के शारीरिक एवं अन्य व्यक्तित्व विकास के लिए अनिवार्य संसाधन की अनिवार्यता ही उसका ‘Need’ है| यह व्यक्ति के अनुसार बदलता रहता है| मतलब किसी को भी अपनी अनिवार्यता और उसकी इच्छाओं में अंतर करना स्पष्ट होना चाहिए, अन्यथा वह अमीर बन ही नहीं सकता है|

जब मैं स्कूली बच्चों को समझाता हूँ, तब उन्हें इस तरह समझाता हूँ कि यदि तुम्हारे पाकेट में कुछ रुपैया हो जिसे तुम्हें कोई ऐसे ही दिया हो, या मिल गया हो, और तुम पूरा बाजार घूम लो, और फिर भी तुमने वह रुपैया खर्च नहीं किया, तब तुम्हारे अमीर बनने की पूरी संभावना है| मतलब किसी को भी अपनी इच्छाओं को दमित करने की क्षमता और समझ होनी चाहिए| तब ही कोई अपने प्राप्त धन को उत्पादक बना सकता है| अर्थात अमीर बनने के लिए ‘धन’ (Wealth/ Money) को ‘पूंजी’ (Capital) बनाना अनिवार्य होता है| ‘धन’ को ‘पूंजी’ में बदलने के लिए धन को बाजार में लगाना पड़ता है, ताकि आपका धन उत्पादक बन जाय| यही बाजार आपके धन को विश्व व्यवस्था से भी जोड़ देती है|  

उपरोक्त यही तीन सूत्र अमीर बनने के लिए मूल एवं अनिवार्य है| ऐसे कोई भी इनमे और सूत्र जोड़ सकता है, जो उनके समझ में आता है|

आचार्य प्रवर निरंजन जी

अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान|

गुरुवार, 17 जुलाई 2025

कांवड़ यात्रा का सफरनामा

कांवड़ यात्रा भारतीय पंचाग के सावन के महीने में परकाष्ठा पर होती है। दरअसल यह परकाष्ठा नहीं होती, कांवड़ यात्रा का यही उपयुक्त और निर्धारित समय है, और बाकी अवधि की यात्रा तो यात्रियों के सुविधा मुताबिक होती है। सामाजिक मीडिया में इस पर कई तरह की विद्वतापूर्ण टिप्पणियां - सकारात्मक और नकारात्मक - आती रहती है, कुछ तो विवाद का भी स्वरूप ले लेता है। ऐसी स्थिति में मुझे भी लगता है कि इस पर मुझे भी प्रकाश डालना चाहिए।

किसी भी सामाजिक, यानि सामूहिक मानसिकता ही संस्कृति होती है, जो समाज के अचेतन से ही संचालित, नियमित, निर्देशित, नियंत्रित और प्रभावित होती रहती है। यह समस्त प्रक्रिया अचेतन स्तर पर स्वचालित मोड में होती है, और इसीलिए अदृश्य भी होती है। इसी को मनोवैज्ञानिक कार्ल जुंग का "सामूहिक अचेतन" कहते हैं। चूंकि ये मानसिक अवस्थाएँ है, इसिलिए इसकी उत्पत्ति के मूल कारणों को समझने के लिए भी मानसिक दृष्टि को परिश्रम करना चाहिए। यह सब शारीरिक आंखें नही देख समझ पाती है। कांवड़ यात्रा से संबंधित समस्त भावनाएँ, विचार और व्यवहार ही उनकी संस्कृति की जड़ों से उत्पन्न होती है।

किसी भी समस्या का समुचित समाधान किसी को इसलिए नही मिल पाता है, क्योंकि हम उसे, यानि उस समस्या को उसी यथास्थिति में, यानि उसके जड़ों को उसी स्वरूप, प्रतिरुप, संरचना और विन्यास में नहीं देख समझ पाते हैं। एक चिकित्सक भी अपने रोगियों के समुचित ईलाज के लिए उन रोगों की उत्पत्ति के मूल कारणों को जानने समझने के लिए कई प्रकार के जांच करवाते हैं। हमलोगों को कांवड़ यात्रा से संबंधित यदि कोई समस्या दिखती है, तो इसके भी समुचित समाधान के लिए कई जांच परिणाम को जानना समझना चाहिए।

मैंने इतिहास के ऐसे ही पक्षों को समझने के लिए "इतिहास का गुरुत्वीय ताल" (Gravitational Lensing of History) की अवधारणा दिया। इस अवधारणा के अनुसार किसी भी वर्तमान को समझने के लिए हमें उसी काल में जाकर उन स्थितियों, पर्यावरणीय कारकों, उन संस्कृतियों को जानना समझना होता है, जिनसे यह सब उत्पन्न हुआ। भारत के वृहत् क्षेत्र में दक्षिण पश्चिम मानसून की सक्रियता तीन मासों - सावन, भादों और आश्विन में बना रहता है। स्पष्ट है कि शुरुआती माह सावन का हुआ। भादों के माह में जलाशय भरे होते हैं, नदी नाले ऊफान पर होता है, ग्रामीण भारत की तत्कालीन आवागमन की व्यवस्था अस्त व्यस्त हो जाता रहा, लोग अपने खेतों के निकाई, गुडाई, आदि कार्यो में व्यस्त हो जाते रहे, और शेष समय बरसात की अस्त व्यस्तता में अपने परिवार की उलझनों को सुलझाने में लगा हुआ होता था।

ऐसे ही समय में समाज के दिशा निर्देशक, समाज को समर्पित समाजसेवी, और विद्वान जमात किसी सुरक्षित एवं निश्चित स्थान पर तीन मास के लिए स्थिर हो जाते थे। यह तीन मास को वर्षावास भी कहा जाता है। इस अवधि में वे अध्ययन, मनन मंथन, और विमर्श में बिताते थे। शेष नौ महीने समाज के ये लोग समाज में सक्रिय रहते थे। ऐसे लोगों को देव भी कहा जाता था। देवों के इस स्थल ही देवस्थान कहलाते हैं। ये तीन महीने में इन लोगों के लिए भोजन आदि व्यवस्था होनी चाहिए, जिसे समाज को ध्यान में रखना होता था। इसी व्यवस्था में समाज के सभी समर्थ, सजग और जिम्मेदार लोग आवश्यक रसद लेकर ससमय उन स्थानों पर स्थित लोगो तक पहुँचाते थे। इसी को आज कांवड़ यात्रा कहते हैं।
यह कार्य भादों में संभव नहीं है। सावन की फिजा अलग होती है। पूरवैया ठंडी हवाएँ और फुहार थकने नहीं देती, बागों में झूले झूलने लगते हैं, नदियाँ खतरनाक नहीं होती, और वर्षावास के इसी सुहाने मौसम में आवश्यक रसद पहुंचा दिए जाते थे। यह ग्रामीण सहित समस्त आवाम का एक मनोरंजक टूरिज्म भी है। यह देशांतर भ्रमण का सामूहिक यात्रा भी है।  कांवड़ यात्रा का यही सफरनामा है। आज इसके वर्तमान स्वरूप का यही शुरुआती दौर था।

अब आपको समझना है कि इसमें यदि कोई विकृति दिखाई देता है, उसमें आवश्यक संशोधन और सम्वर्धन कैसे होगा?

आचार्य प्रवर निरंजन जी
अध्यक्ष, भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति संवर्धन संस्थान

स्त्रियाँ क्या होती है?

सवाल यह है कि स्त्रियाँ क्या होती है ? प्राकृतिक व्यवस्था में एक स्त्री क्या होती है? दूसरे स्तनपायी पशुओं एवं अन्य जीवों में इनकी क्या व्यव...