रविवार, 8 मई 2022

समकालिक शक्तियों को समझें (Understand the Contemporary Forces)

क्या आप अपनी मंजिल पाने के लिए अपनी नौका को हवाओं के अनुकूल चलाना चाहेंगे या आप हवाओं का रुख ही बदल देना चाहेंगे? कौन सा उत्तर सही होगा और क्यों? यदि मैं कहूं कि दोनों स्थितियां ही सही है, बशर्ते संदर्भ यानि परिदृश्य क्या है? मतलब स्थितियों यानि परिस्थितियों के बदलने के अनुसार एक सही और दूसरा ग़लत हो जाता है। दरअसल यह निष्कर्ष भी अनुचित होगा। कोई निर्णय गलत और कोई निर्णय ही नहीं होगा, अपितु कोई एक उत्तर ज्यादा उपयुक्त होगा, और दूसरा कम उपयुक्त होगा।

समकालिक शक्तियों (Synchronous Forces) यानि समकालीन शक्तियों (Contemporary Forces) को इतिहास में ऐतिहासिक शक्तियां (Historical Forces) कहा जाता है। मतलब कि समकालिक शक्तियां ही समय बीतने के साथ 'ऐतिहासिक शक्तियां' कहलाती है| 'समकालिक शक्तियों' को बदलना आसान नहीं होता। या यों कहें कि कोई समकालीन शक्तियों को बदलने का जो भी दम भर लें, लेकिन समकालिक यानि समकालीन शक्तियों को कोई व्यक्ति एक झटके से नहीं बदल सकता। हां, किसी व्यक्ति के शुरुआती नवाचारी बदलाव और परिस्थितियों के समेकित स्वरुप के कारण भी समकालीन शक्तियां बदलती है, परन्तु मैं समकालीन शक्तियों के सामने किसी व्यक्ति को ज्यादा महत्व देने के पक्ष मे नहीं हूं। इस पर आप मतभिन्नता रख सकते हैं। मतभिन्नता भी जरूरी है, ताकि नवाचारी विचारों का संश्लेषण और विकास हो सके। मतभिन्नता ही नए विचारों को जन्म देता है| इसीलिए असहमति यानि मतभिन्नता का मैं भी समर्थक हूं।

यदि मैं अपने को वर्तमान आदमी यानि 'होमो सेपियंस' तक ही सीमित रखूं, तो हमें ऐतिहासिक शक्तियों का विश्लेषण भी यही तक सीमित रखना चाहिए। सभी कालों और सभी क्षेत्रों की ऐतिहासिक शक्तियों के विश्लेषण में मुझे एक बात स्पष्ट हुआ कि सभी शक्तियों को उत्पादन (Production), वितरण (Distribution), विनिमय (Exchange) और उपभोग (Consumption) को प्रभावित करने वाले शक्तियों में शामिल किया जा सकता है और इसे उनके अन्तर्सम्बन्धों के आधार पर आसानी से, वैज्ञानिक ढंग से और तार्किक आधार पर समझा जा सकता है। इन शक्तियों की प्रवृतियों (Tendencies), प्रतिरुपों (Patterns), संरचनाओं (Structures) आदि का भी अध्ययन किया जाना चाहिए, जो इन शक्तियों को प्रभावित, संचालित एवं नियंत्रित करता है| इतिहास में आग, पहिया, धातु, बाष्प ईंजन, विद्युत, कम्प्यूटर, राकेट, डाटा, डिजीटल मोड, एवं मानव निर्मित कई संस्थाओं यथा परिवार, समाज, मुद्रा, राष्ट्र, कंपनी एवं पूंजी के प्रयोग ने उत्पादन, वितरण, विनिमय, और उपभोग के प्रवृत्ति और प्रतिरुप को बदल दिया। मध्य काल में विनिमय और वितरण की शक्तियों ने सामंतवाद (Feudalism) लाया, जिससे मध्य काल का उदय हुआ। पूंजी ने पूंजीवाद, समाजवाद, साम्यवाद, साम्राज्यवाद, उपनिवेशवाद के रूप में आर्थिक शक्तियों को प्रभावित किया। मतलब यह है कि आर्थिक शक्तियों में उत्पादन को, वितरण को, विनिमय को, और उपभोग को प्रभावित, संचालित एवं नियंत्रित करने का क्षमता है| इसीलिए इनमे से कोई भी शक्ति स्वतंत्र रूप में रूपांतरण (Transformation) के स्तर को प्रभावित एवं संचालित कर सकता है, और फिर उपरोक्त चारों के संयुक्त एवं संश्लेषित प्रभाव से काम करने लगता है| इस तरह रूपांतरण की प्रक्रिया को जो शक्ति प्रारंभ करे, परन्तु आगे सभी के द्वारा संचालित एवं नियंत्रित होता रहता है|

जब हम इन ऐतिहासिक शक्तियों यानि समकालिक शक्तियों को पहचानते हैं, और उसके वास्तविक स्वभाव को समझते हैं, तो उसे नियत्रित, प्रभावित एवं संचालित कर पाना आसान होता है| तब हम इन शक्तियों को अपने उद्देश्यों को पाने के लिए उसके महत्तम हितों के अनुरूप ढाल सकते हैं, दक्षतापूर्वक उपयोग कर सकते हैं| आज की समकालीन शक्तियों में “पूंजी”, “डिजीटल मोड”, “डाटावाद”, और “विज्ञान” की भूमिका को समझना है। इन शक्तियों के स्वरुप (Form), प्रतिरुप (Pattern), संरचना (Structure) को समझने से हम इसे अपने पक्ष में सफलतापूर्वक उपयोग कर सकते हैं। विरोधियों के विचारों को समाप्त करने के कई तरीके हैं, कोई सिर्फ “दिखावा” दिखाना चाहता हैं, कोई वास्तविक सफलता पाना चाहता है।

'दिखावा' दिखाने को ही भारत में “तमाशा करना” कहा जाता है,

जिसमें अधिकांश लगे हुए हैं।

“दिखावा दिखाना पसंद” यानि “तमाशा” का क्या पहचान है?

जब किसी कार्यक्रम में खूब तालियाँ बजे,

स्पष्ट समझ लीजिए कि वह कार्यक्रम एक बेहतरीन तमाशा है|

 थोडा या ज्यादा कडवा लग रहा होगा, पर सत्य भी यही है| आप भी मानते होंगे कि गंभीर चिंतन में, नवाचारी (Innovative) दिशा के सोच में, और क्रान्तिकारी रणनीति (Strategic) के विमर्श में सभासदों में सन्नाटा छा जाएगा| उपस्थित लोग तालियाँ नहीं बजायेंगे, अपितु वे सब गंभीर हो जायेंगे| आपने भी देखा होगा कि तालियों वाली बैठकों एवं चिंतन शिविरों के चिंतकों का कोई विरोध द्वारा नहीं किया जाता है| ऐसा इसलिए कि इनके विचार यथास्थितिवादियों के पक्ष में ही होते हैं, जिसे सब कोई जानता होता है, यानि कोई मौलिक बदलाव नहीं होता है| ये तथाकथित क्रान्तिकारी वक्ता अपने तथाकथित विरोधियों के पक्ष में ही काम करते होते हैं| यानि अपने तथाकथित विरोधियों के लिए ही काम करते होते हैं या भटके हुए क्रान्तिकारी होते हैं, जो अपने समय के साथ साथ श्रोताओं का भी समय गुजार रहे होते हैं| कोई भी फासिस्ट शक्तियां ऐसे क्रान्तिकारी बदलाव को, जो उसके मौलिकता के विरुद्ध होता है, उसके नेतृत्व को ही नष्ट कर देता है|

ये तथाकथित क्रान्तिकारी विचारक

अपने लोगों की “जवानियाँ”, ‘शक्तियां’, ‘संसाधन’, ‘ऊर्जा’ ' समय' एवं ‘धन’

                                     को क्रान्ति के रचनात्मक एवं सकारात्मक दिशा में नहीं लगाकर, 

                                                     उसे मोड़ कर विधवा विलाप में लगा देता है| 

इसके लिए इन क्रांतिकारियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष “प्रोत्साहन लाभ” भी मिलता है| हालाँकि अक्सर ऐसे लाभ के भी बिना ये “तालियाँ पसंद” चिन्तक एवं रणनीतिकार अपने कार्यों में लगे हुए रहते हैं, जिनसे उनके विरोधियों का कार्य सुगमतापूर्वक होता रहता है|

भारत के राष्ट्र निर्माण एवं सशक्तिकरण में ये सभी तत्व तथाकथित रूप से बखूबी लगे हुए हैं| भारत के राष्ट्र निर्माण एवं सशक्तिकरण का पहला दुश्मन तो "यथास्थितिवादी" हैं, और दूसरा इन यथास्थितिवादियों को लाभ पहुंचाने वाले तथाकथित क्रान्तिकारी बदलाव लाने वाले चिन्तक एवं विचारक हैं| यथास्थितिवादियों में सबसे ज्यादा घातक (Fatal) 'सांस्कृतिक यथास्थितिवादी' ही है, क्योंकि संस्कृति ही किसी समाज का साफ्टवेअर है, जो अदृश्य रहकर पुरे समाज के सोच, मूल्य, प्रतिमान एवं मानसिकता को प्रभावित, संचालित एवं नियंत्रित करता रहता है| आपने ध्यान दिया होगा कि सारे परिवर्तनकारी चिन्तक बदलाव के 'सांस्कृतिक पक्ष' को ही छोड़ देते हैं, जो सबसे महत्वपूर्ण हैं| वे सारे सिर्फ व्यवस्था यानि तंत्र के हार्डवेयर पर फोकस किये रहेंगे| कुछ लोग इस स्थिति को समझ कर भी इसे छूना नहीं चाहते यानि इसे समझाना नहीं चाहते, और कुछ लोग इस भिन्नता को समझ ही नहीं पाते| भारत के लिए यही दुखदायी है|

भारत एक साधारण एवं सरल देश नहीं है| साधारण (Ordinary) का अर्थ विकास के निम्न स्तर से है, जबकि सरल (Simple) का अर्थ बनावट में पेचादिगी (Complexities) का अभाव है| भारत कई राष्ट्रों से मिलकर 'बनता हुआ एक राष्ट्र' (making a Nation) है| इसकी संस्कृति पुरातन है, पर कौन सी संस्कृति पुरातन है, जिसका पुरातात्विक एवं प्रमाणिक साक्ष्य दोनों उपलब्ध है? यह सवाल बड़ा महत्वपूर्ण है| यह दरअसल एक देश नहीं, एक महादेश है, जो कई मायने में एक यूरोप की तरह हैं| इतना बड़ा देश, इतने विविध संसाधनों से समर्थित, मानवीय संसाधन में विश्व का सबसे अग्रणी, फिर कौन इसे विश्व का “नंबर एक” बनने से रोके हुए है| यही तथाकथित समझदार एवं क्रान्तिकारी चिन्तक, जिन्हें “तालिया पसंद” हैं|

मेरा विषय है कि समकालिक शक्तियों को अपने अनुरूप कैसे करे? यानि हम 'विधवा विलाप' ही करते रहें, या अपने हिस्से का कोई सकारात्मक एवं सृजनात्मक कार्य भी करें? क्या कोई नवाचारी उपाय है, जिस ओर हमें अपनी नजर घुमानी है? मैंने ऊपर भी लिखा है कि समकालिक शक्तियों को पहचाना जाय| उसके प्रभाव एवं स्थिति का विस्तारित वर्णन भी किया है| आज की समकालीन शक्तियों में पूंजी, डिजीटल मोड, डाटावाद, सोशल मीडिया, और विज्ञान की भूमिका प्रमुख है| इसके अलावा वैश्विक जनमत या वैश्विक जगत का प्रभाव भी एक महत्वपूर्ण शक्ति है, जिससे कोई इन्कार नहीं कर सकता| आज विश्व एक छोटा सा गाँव हो गया और कोई एक देश उसका टोला, भारत भी उसका ही कोई एक टोला हो गया| यदि कोई आगे नहीं बढा, तो तय मानिए वह पीछे छुट ही जाएगा और बर्बाद भी होगा|

हमें पूंजी और कंपनी की प्रक्रिया एवं प्रभाव समझना है और अपने युवाओं को बताना है| धन (Wealth/ Assets) कब पूंजी (Capital) बनता है और धन को पूंजी बनाने के क्या तरीके हैं? हमें डिजीटल  क्रान्ति की समझ एवं नेटीजन (Netizen - वह Citizen जो internet पर सक्रिय एवं रचनात्मक हो) की भूमिका को जानना, समझना एवं अपनाना है। इसके माध्यम से कोई भी अपने प्रभाव क्षेत्र का दायरा आसानी से बढ़ाता है| आज डाटावाद सफलता का आधार है, कैसे? यह क्या है? इसकी प्रक्रिया क्या है? डाटावाद में सूचनाओं का संग्रहण, विश्लेषण, पुनर्संरचना, पुनर्विन्यास, पुनर्व्यवस्थापन कर अचूक नीतियों का निर्माण करता है। यह अर्थव्यवस्था का पांचवां प्रक्षेत्र (Quinary Sector) कहलाता है।  विज्ञान तो सारी समझ का आधार है, इसके बिना कोई चीज समझना एवं मान लेना, अपनी आँखें बंद कर किसी चीज को सही मान लेना होगा| विज्ञान के आधार पर हम किसी भी बात एवं विचार से बकवास को अलग करते हैं। आस्था (Devotion) से आप सही नहीं हो जाते| आप अपनी नई एवं नवाचारी बातें विश्व जनमत के सामने रखें| ये सब बातें समझना हमें समकालिक शक्तियों के दक्षतापूर्वक उपयोग में सक्षम बनाता है। इस पंक्ति पर ज़रा ठहर कर विचार किया जाय, यही कारगर और उचित भी है| 

इन सभी से आपकी हमारी सफलता  सुनिश्चित है| भारत फिर से विश्व गुरु बनेगा, मैं आपको आश्वस्त करता हूँ|

निरंजन सिन्हा

www.niranjansinha.com

3 टिप्‍पणियां:

  1. बहुत अच्छा कटाक्ष है, तमाशा पसंद क्रांतिकारियों पर।

    जवाब देंहटाएं
  2. लेख ज्ञानवर्धक है। बहुत बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं सर।

    जवाब देंहटाएं

चुनाव कौन जीतता है?

अहम् सवाल है चुनाव कौन जीतता है, या चुनाव कैसे जीता जाता है? जीतता तो कोई एक ही है, यानि उन लोगों का प्रतिनिधित्व कोई एक ही करता है| तो वह क...